1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. बस्ती में अभद्र टिप्पणी से भड़के कांवड़िये, पुलिस वैन में की तोड़फोड़; जमकर मचाया उत्पात

बस्ती में अभद्र टिप्पणी से भड़के कांवड़िये, पुलिस वैन में की तोड़फोड़; जमकर मचाया उत्पात

 Edited By: Amar Deep
 Published : Jul 22, 2025 09:21 am IST,  Updated : Jul 22, 2025 09:21 am IST

बस्ती जिले में कांवड़ यात्रा के दौरान बवाल का मामला सामने आया है। यहां अभद्र टिप्पणी किए जाने से नाराज कांवड़ियों ने जमकर उत्पात मचाया। उन्होंने बैरिकेड में आग लगा दी और पुलिस वैन में भी तोड़फोड़ की।

अभद्र टिप्पणी से भड़के कांवड़ियों ने मचाया उत्पात।- India TV Hindi
अभद्र टिप्पणी से भड़के कांवड़ियों ने मचाया उत्पात। Image Source : REPORTER INPUT

बस्ती: यूपी के बस्ती जिले में एक बार फिर कांवड़ियों और अन्य समुदाय के लोगों के बीच विवाद की स्थिति सामने आई है। यहां आपत्तिजनक धार्मिक टिप्पणी करने को लेकर कांवड़ियों के बीच आक्रोश भड़क गया। कांवड़ियों ने समुदाय विशेष के युवक पर धार्मिक टिप्पणी करने का आरोप लगाया है। इस दौरान कांवड़ियों ने युवक की पिटाई कर दी। इतना ही नहीं, उन्होंने बैरिकेडिंग में आग भी लगा दी। इसके अलावा कांवड़ियों ने पुलिस की गाड़ी में भी तोड़फोड़ की। मौके पर पहुंची पुलिस ने किसी तरह से कड़ी मशक्कत के बाद मामला शांत कराया।

आपत्तिजनक टिप्पणी से नाराज हुए कांवड़िये

दरअसल, पूरा मामला कप्तानगंज बाजार का है। यहां कांवड़ियों ने समुदाय विशेष के युवक की टिप्पणी के बाद जमकर हंगामा किया। कप्तानगंज बाजार में आपत्तिजनक धार्मिक टिप्पणी किए जाने के बाद कांवड़ियों का गुस्सा भड़क उठा। इसके बाद कांवड़ियों ने हाईवे पर आगजनी करनी शुरू कर दी और रास्ता जाम कर दिया। कांवड़ियों ने पुलिस की गाड़ी में भी तोड़फोड़ की। आरोप है कि धार्मिक टिप्पणी को लेकर पूरा बवाल शुरू हुआ। हालांकि घटना की सूचना के बाद भारी संख्या में पुलिस बल पहुंचा और मामले को शांत कराया गया।

पुलिस की गाड़ी में भी की तोड़फोड़

दरअसल अयोध्या से कांवड़िये जल लेकर बस्ती के बाबा भद्रेश्वरनाथ वापस आ रहे थे। इस दौरान कुछ कांवड़िये बैठकर आराम कर रहे थे। आरोप है कि उसी दौरान एक विशेष समुदाय का युवक वहां डीजे लेकर पहुंचा और उसने कुछ धार्मिक टिप्पणी कर दी। इसके बाद बवाल शुरू हो गया। गुस्साए कांवड़ियों ने युवक को पीटना शुरू कर दिया। सूचना मिलते ही पुलिस की टीम भी मौके पर पहुंची। मामले को शांत कराने के लिए पुलिस युवक को लेकर चौकी चली गई। इस पर कांवड़िये भड़क गए और पुलिस पर ही हमला बोल दिया। कांवड़ियों ने पुलिस की गाड़ी में तोड़फोड़ की और बैरिकेड में आग लगा दी। 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। उत्तर प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।