1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. लखनऊ में शादी समारोह में तेंदुआ घुसने से मचा हड़कंप, हमले में दरोगा घायल, सामने आया वीडियो

लखनऊ में शादी समारोह में तेंदुआ घुसने से मचा हड़कंप, हमले में दरोगा घायल, सामने आया वीडियो

 Reported By: Ruchi Kumar, Written By: Mangal Yadav
 Published : Feb 13, 2025 06:52 am IST,  Updated : Feb 13, 2025 09:05 am IST

यूपी की राजधानी लखनऊ में एक शादी समारोह में एक तेंदुआ घुस आया। इससे वहां पर भगदड़ मच गई। लोग जान बचा कर इधर-उधर भागने लगे।

शादी समारोह में घुस आया तेंदुआ - India TV Hindi
शादी समारोह में घुस आया तेंदुआ Image Source : INDIA TV

लखनऊः लखनऊ के पारा इलाके में एक शादी समारोह में बुधवार रात उस समय अफरा-तफरी मच गई जब एक बिन बुलाया मेहमान एक तेंदुआ मैरिज हॉल में घुस आया। यह चौंकाने वाली घटना बुद्धेश्वर रिंग रोड पर एमएम लॉन में बुधवार रात करीब 11.40 बजे हुई, जिससे सैकड़ों मेहमान सुरक्षित बचने के लिए इधर-उधर भागने लगे।  

कड़ी मशक्कत के बाद पकड़ा गया तेंदुआ

ताजा जानकारी के अनुसार, शादी समारोह में घुसे तेंदुआ को वन विभाग की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद पकड़ लिया है। मैरिज हाल में तेंदुए की सीसीटीवी फुटेज भी सामने आई है। तेंदुए के हमले में वन विभाग के एक दरोगा घायल हो गए। 

तेंदुए के हमले में वनकर्मी घायल

जानकारी के अनुसार, रात में शादी समारोह चल रहा था तभी एक तेंदुआ घुस गया। इससे शादी में हड़कंप मच गया। लोगों ने इसकी जानकारी पुलिस को दी। सूचना पर पुलिस और वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। शादी समारोह में उत्पात मचा रहे तेंदुए के हमले से एक वनकर्मी घायल हो गया है।  

यहां देखें तेंदुए के पकड़ने का वीडियो

बिन बुलाए मेहमान के घुसने अफरा-तफरी

डीसीपी विश्वजीत श्रीवास्तव ने बताया कि शादी दीपक कुमार नामक एक स्थानीय निवासी की बहन की थी। जैसे ही उन्हें सूचना मिली। एक पुलिस टीम तुरंत मौके पर भेजी गई और वन विभाग को सूचित किया गया। एक अन्य टीम मौके पर पहुंची और समारोह स्थल को खाली कराया, जबकि वन विभाग ने जंगली जानवर को पकड़ने के लिए तलाशी अभियान शुरू किया। डीसीपी ने बताया कि मेहमान भोजन कर रहे थे और फोटोग्राफर खास पलों को कैद कर रहे थे तभी तेंदुआ टेंट के पीछे से मैरिज हॉल में घुस आया। 

शुरू में, कुछ मेहमानों ने सोचा कि यह कोई शरारत है या कोई आवारा कुत्ता है। हालांकि, जैसे ही तेंदुआ भीड़ की ओर बढ़ा दहशत फैल गई। इस अफरा-तफरी में दो कैमरामैन गिर गए और उन्हें चोटें आईं। तेंदुआ जो इस हंगामे से घबरा गया था परिसर में हॉल क्षेत्र की छत पर कूद गया।

शादी समारोह में घुस आया तेंदुआ
Image Source : INDIA TVशादी समारोह में घुस आया तेंदुआ

घायल वनकर्मी अस्पताल में भर्ती

लखनऊ के डीएफओ सीतांशु पांडे ने कहा कि मामले की सूचना मिलने पर वन विभाग की एक टीम मौके पर पहुंची। टीम जब मैरिज हॉल की दूसरी मंजिल पर चढ़े, तो उन्होंने पाया कि तेंदुआ टूटे हुए फर्नीचर के पीछे छिप गया था। जैसे ही वन रक्षक मुकद्दर अली जानवर के पास पहुंचे, उसने उन पर हमला कर दिया और उनके दाहिने हाथ पर वार कर दिया। अली को तुरंत प्राथमिक उपचार दिया गया और फिर इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल ले जाया गया। 

यहां देखें वीडियो

स्थानीय लोगों के लिए जारी की गई चेतावनी

डीएफओ पांडे ने कहा कि ऐसा लग रहा था कि तेंदुआ अभी भी हॉल क्षेत्र में छिपा हुआ था और बाहर लोहे के चैनल को बंद कर दिया गया था। उन्होंने कहा कि सभी मेहमानों को बाहर निकाल लिया गया है।घटना के बाद पुलिस और वन अधिकारियों ने आस-पास के निवासियों को चेतावनी जारी की है, जिसमें उन्हें सतर्क रहने, रात में अकेले बाहर न निकलने तथा छतों और दरवाजों को सुरक्षित रूप से बंद रखने की सलाह दी गई।

 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। उत्तर प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।