1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. फर्जी पासपोर्ट बनाने वाले अंतरराज्यीय सिंडिकेट का पुलिस ने किया खुलासा, गिरोह के दो आरोपी हुए गिरफ्तार

फर्जी पासपोर्ट बनाने वाले अंतरराज्यीय सिंडिकेट का पुलिस ने किया खुलासा, गिरोह के दो आरोपी हुए गिरफ्तार

 Written By: India TV UP Bureau Desk
 Published : Oct 07, 2026 07:31 pm IST,  Updated : Oct 07, 2026 07:31 pm IST

मुरादाबाद में देश की सुरक्षा से जुड़ा एक बड़ा मामला सामने आया है जहां पुलिस ने दस्तावेजों के आधार पर पासपोर्ट बनवाकर विदेश भागने की कथित साजिश का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने इस मामले में छापेमारी कर फर्जी पासपोर्ट सिंडिकेट के दो सदस्यों को गिरफ्तार किया है।

Accused In Police Custody- India TV Hindi
मुरादाबाद में पुलिस की गिरफ्त में आरोपी। Image Source : REPORTER INPUT

उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद में देश की सुरक्षा से जुड़ा एक बड़ा मामला सामने आया है, जिसमें फर्जी पासपोर्ट बनाने वाले सिंडिकेट का पुलिस ने खुलासा किया है। मुरादाबाद में पुलिस ने दस्तावेजों के आधार पर पासपोर्ट बनवाकर विदेश भागने की कथित साजिश का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने इस मामले में छापेमारी कर फर्जी पासपोर्ट सिंडिकेट के दो सदस्यों को गिरफ्तार किया है। मुरादाबाद के कटघर थाना पुलिस और सीओ कटघर की संयुक्त टीम ने रामगंगा पुल के पास छापेमारी कर इस कथित फर्जी पासपोर्ट सिंडिकेट के दो सदस्यों को गिरफ्तार किया है। पुलिस को इस छापेमारी में आरोपियों के पास से 25 आधार कार्ड सहित कई जाली दस्तावेज बरामद हुए हैं।

कैसे चल रहा था सिंडिकेट?

मुरादाबाद में फर्जी पासपोर्ट सिंडिकेट को लेकर पुलिस ने दी जानकारी में बताया कि यह गिरोह उन लोगों को टारगेट करता था जिनका आपराधिक रिकॉर्ड होने की वजह से सामान्य तरीके से पासपोर्ट नहीं बन पाता था। टेलीग्राम ग्रुप के जरिए ग्राहकों से संपर्क किया जाता था और फिर उनके लिए फर्जी नाम-पते पर आधार कार्ड, पैन कार्ड और अन्य दस्तावेज तैयार किए जाते थे। जांच में सामने आया है कि गिरफ्तार आरोपी महफूज (निवासी अगवानपुर, हाल पीर का बाजार, मझोला) का संपर्क जेल में बंद एक आरोपी मुकेश शर्मा से था। वहीं दूसरा आरोपी आकाश, फरीदाबाद हरियाणा का रहने वाला है। पुलिस का दावा है कि आकाश का पासपोर्ट भी 'रवि' नाम से फर्जी दस्तावेजों पर बनवाने की कोशिश की जा रही थी। इसके लिए ताजपुर माफी समेत कई इलाकों के फर्जी पतों का इस्तेमाल किया गया।

आरोपियों के पास से बरामद हुए कई फर्जी दस्तावेज

पुलिस ने आरोपियों के पास से बड़ी मात्रा में जाली दस्तावेज बरामद किए हैं जिसमें 25 आधार कार्ड, 6 पासबुक, 5 चेकबुक, 4 पैन कार्ड, 5 जन्म प्रमाण पत्र, 2 आरसी, लैपटॉप, मोबाइल फोन, वार्ड नंबर 25, वार्ड नंबर 31 और अगवानपुर के जनप्रतिनिधियों के नाम के कथित फर्जी लेटर पैड मिले हैं। मामले पर एसपी सिटी मुरादाबाद कुमार रणविजय सिंह ने बताया कि सिंडिकेट के नेटवर्क की जांच की जा रही है। पूर्व में इस गिरोह द्वारा बनवाए गए संदिग्ध पासपोर्टों का रिकॉर्ड खंगाला जा रहा है और पासपोर्ट विभाग से संपर्क कर ऐसे सभी फर्जी पासपोर्टों को निरस्त कराने की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस इस नेटवर्क से जुड़े अन्य आरोपियों की तलाश में कई जगहों पर दबिश दे रही है। पुलिस को शक है कि पूछताछ में इस अंतरराज्यीय नेटवर्क से जुड़े कई और बड़े नाम सामने आ सकते हैं।

(रिपोर्ट - अब्दुल्लाह फारुक)

ये भी पढ़ें

मेरठ में सर्पदंश का ड्रामा रच पति की हत्या, पत्नी और प्रेमी को कोर्ट ने दोषी करार दिया

चलती ट्रेन में अचानक टिकट चेकिंग से मचा हड़कंप, आननफानन में गाड़ी से कूदे बेटिकट यात्री; VIDEO वायरल

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। उत्तर प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।