उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले में विकास कार्यों को लेकर एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। अल्लीपुर से हसनापुर सानी तक बन रही सड़क को बनने के 24 घंटे के भीतर ही ग्रामीणों ने उखाड़ दिया। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में ग्रामीण ताजी बनी सड़क को हाथों से उखाड़ते हुए दिखाई दे रहे हैं।
विधायक के सामने ग्रामीणों ने उखाड़ी सड़क
मौके पर बिंदकी विधायक जय कुमार सिंह जैकी भी मौजूद रहे। वायरल वीडियो में भीड़ के बीच विधायक खड़े नजर आ रहे हैं, जबकि कुछ लोग सड़क की गुणवत्ता पर गंभीर सवाल उठाए। ग्रामीणों ने सड़क को चादर की तरह उठाते हुए विधायक के सामने उखाड़ कर दिखा रहे हैं।
जानिए क्या बोलीं डीएम निधि गुप्ता वत्स
इस पूरे मामले पर जिलाधिकारी निधि गुप्ता वत्स ने बयान जारी किया है। डीएम ने बताया कि यह वीडियो अभी ही प्रकाश में आया है। यह सड़क आरईडी विभाग द्वारा अल्लीपुर से हसनापुर तक बनाई जा रही है। डीएम ने बताया कि यह सड़क एफडीआर तकनीक के तहत बनाई गई थी। मौके पर मौजूद महिला जेई को कुछ लोगों ने फॉलो किया, उनके काम में व्यवधान डाला और उनके मना करने के बावजूद मनमानी करते हुए ताजी बनी सड़क को उखाड़ दिया।
लोगों में जागरूकता फैलाने की जरूरत
जिलाधिकारी ने कहा कि प्रथम दृष्टया यह समझ में आ रहा है कि विभाग को नई टेक्नोलॉजी को लेकर और अधिक जागरूकता फैलाने की जरूरत है, क्योंकि ग्रामीण क्षेत्र के लोग इस तकनीक को समझ नहीं पाए। ताजी बनी सड़क को उखाड़ने पर वह पूरी उखड़ जाती है, क्योंकि उसे प्रॉपर क्योरिंग की आवश्यकता होती है। उन्होंने बताया कि इस पूरे मामले की विस्तृत रिपोर्ट मंगाई जा रही है। विकास कार्य में बाधा डालने वालों की जांच कराई जाएगी। आवश्यकता पड़ने पर विस्तृत जांच भी कराई जाएगी।
छोटे-छोटे बच्चे भी सड़क उखाड़ने में रहे शामिल
अल्लीपुर से हसनापुर सानी तक ताजी बन रही सड़क को उखाड़ने में छोटे-छोटे बच्चे भी शामिल रहे। सड़क निर्माण को लेकर ग्रामीणों में रोष का माहौल है। गुस्साए लोगों ने ही विधायक को सड़क निर्माण में हो रही लापरवाही को लेकर अवगत कराया था।
उमेश चन्द्रा की रिपोर्ट
ये भी पढ़ें: