1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. प्रेम विवाह बना खूनी दुश्मनी की वजह, समधी ने समधी को बीच रास्ते गोलियों से भूना

प्रेम विवाह बना खूनी दुश्मनी की वजह, समधी ने समधी को बीच रास्ते गोलियों से भूना

 Written By: India TV UP Bureau Desk
 Published : Aug 05, 2026 09:44 am IST,  Updated : Aug 05, 2026 09:44 am IST

सीतापुर के इमलिया सुल्तानपुर थाना क्षेत्र में बेटी के प्रेम विवाह से नाराज हिस्ट्रीशीटर बदलू ने अपने भाई के साथ मिलकर समधी विक्रम की गोली मारकर हत्या कर दी।

Uttar Pradesh- India TV Hindi
सीतापुर में समधी ने समधी को गोलियों से भूना Image Source : REPORTER INPUT

सीतापुर में पारिवारिक रिश्तों की कड़वाहट ने ऐसा खूनी मोड़ लिया कि समधी ने ही अपने समधी की जान ले ली। बेटी के प्रेम विवाह से नाराज एक हिस्ट्रीशीटर ने अपने भाई के साथ मिलकर रास्ते में घात लगाई और बाइक से घर लौट रहे समधी पर ताबड़तोड़ गोलियां बरसा दीं। देर रात हुई इस वारदात से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई और गांव में दहशत का माहौल बन गया।

मृतक का नाम विक्रम

यह मामला इमलिया सुल्तानपुर थाना क्षेत्र का है। पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान विक्रम के रूप में हुई है। मंगलवार रात वह किसी काम से लौट रहे थे। इसी दौरान पहले से घात लगाए बैठे हिस्ट्रीशीटर बदलू, उसके भाई और अन्य लोगों ने उन्हें रास्ते में रोक लिया। आरोप है कि इसके बाद विक्रम पर गोली चला दी गई, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

हत्या की सूचना मिलते ही परिजन और ग्रामीण बड़ी संख्या में घटनास्थल पर पहुंच गए। गुस्साए लोगों ने हंगामा किया। स्थिति को देखते हुए पुलिस अधीक्षक अंकुर अग्रवाल, अपर पुलिस अधीक्षक दुर्गेश सिंह, क्षेत्राधिकारी नागेंद्र चौबे और कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को संभाला। फॉरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी बदलू और उसके भाई को हिरासत में ले लिया। उनके कब्जे से हत्या में इस्तेमाल किया गया अवैध तमंचा भी बरामद कर लिया गया है। दोनों आरोपियों से पूछताछ की जा रही है।

बदलू ने दी थी जान से मारने की धमकी

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि बदलू की बेटी की पहले लखीमपुर खीरी में शादी हुई थी, लेकिन विवाद के बाद वह मायके लौट आई थी। बाद में उसने विक्रम के बेटे से प्रेम विवाह कर लिया। इसी रिश्ते के बाद बदलू और विक्रम समधी बन गए, लेकिन यह रिश्ता कभी स्वीकार नहीं किया गया। पुलिस के मुताबिक, प्रेम विवाह को लेकर दोनों परिवारों के बीच लंबे समय से तनाव चल रहा था और कुछ दिन पहले दोनों के बीच कहासुनी भी हुई थी। आरोप है कि उसी दौरान बदलू ने विक्रम को जान से मारने की धमकी भी दी थी।

पुलिस अधीक्षक अंकुर अग्रवाल ने बताया कि आरोपी बदलू थाने का हिस्ट्रीशीटर है और उसके खिलाफ पहले से कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। वहीं, मृतक विक्रम पर भी कुछ मुकदमे दर्ज होने की जानकारी मिली है। फिलहाल पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर लिया है और घटना में शामिल अन्य लोगों की तलाश की जा रही है। हत्या के पीछे की पूरी साजिश और सभी पहलुओं की जांच जारी है।

(रिपोर्ट: मोहित मिश्र)

यह भी पढ़ें:

ऑपरेशन 'प्रहार' में मऊ पुलिस को मिली बड़ी कामयाबी, मुठभेड़ में इनामी गौ-तस्कर को किया गिरफ्तार

पुलिस मुठभेड़ में लूट और हत्या के तीन आरोपी गिरफ्तार, दो के पैर में लगी गोली

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। उत्तर प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।