उत्तर प्रदेश के मथुरा में पुलिस ने लूट के बाद हत्या की घटना में शामिल तीन आरोपियों को मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार कर लिया। थाना जैंत पुलिस और सर्विलांस टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए लूट के बाद हत्या की घटना में शामिल तीन आरोपियों को गिरफ्तार करने में कामयाबी हासिल की जिसमें एनकाउंटर के दौरान दो आरोपियों के पैर में गोली भी लगी जिसके बाद उनको इलाज के लिए सौ शैय्या संयुक्त अस्पताल वृंदावन भेजा गया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो तमंचे, कारतूस, लूटा गया एटीएम कार्ड, मोबाइल फोन, 30 हजार रुपये नकद तथा घटना में प्रयुक्त बुलेट मोटरसाइकिल बरामद की।
मुखबिर से मिली सूचना पर पुलिस ने की कार्रवाई
पुलिस ने इस मुठभेड़ को लेकर जानकारी देते हुए बताया कि 18 जुलाई की रात करीब 10:35 बजे मुखबिर से सूचना मिली कि थाना जैंत में दर्ज हत्या और लूट के मुकदमे (मु.अ.सं. 501/2026) से जुड़े आरोपी सुनरख-नगला कीकी रोड पर फिर से लूट की वारदात को अंजाम देने की फिराक में घूम रहे हैं। इस जानकारी के मिलने के बाद पुलिस और सर्विलांस टीम ने घेराबंदी की जिसमें घिरने पर आरोपियों ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में सियाराम (23) और रवि (24) निवासी कमई थाना बरसाना के बाएं पैर में गोली लगी जबकि तीसरे आरोपी सचिन (19) को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया।
आरोपियों के पास से मिले कुल दो तमंचे और 30 हजार रुपये नकद
लूट के बाद हत्या की घटना में शामिल तीन आरोपियों को गिरफ्तार करने के बाद पुलिस को बरामदगी में सियाराम के पास से 11 हजार रुपये, एटीएम कार्ड और तमंचा तो वहीं रवि के पास से 10 हजार रुपये और तमंचा जबकि सचिन के पास से 9 हजार रुपये और लूटा हुआ मोबाइल फोन मिला। पुलिस ने कुल 30 हजार रुपये नकद, दो तमंचे जो .315 बोर के हैं और इसके अलावा दो जिंदा कारतूस, तीन खोखा कारतूस और एक बुलेट मोटरसाइकिल बरामद की है। इस मामले में सीओ रिफाइनरी मथुरा ने बताया कि नगला केकी के जंगलों में आरोपियों की गिरफ्तारी की गई है। वहीं शुरुआती पूछताछ में आरोपियों ने लूट करने के बाद हत्या करने की बात को कबूल किया है।
(रिपोर्ट - विपिन सारस्वत)
ये भी पढ़ें
अमेठी में नहर से मिला बोरे में बंद युवक का शव, कई दिन पुराना होने की आशंका
उधार चाउमीन नहीं मिलने पर शख्स ने दिखाई दबंगई, लहराया कट्टा; भीड़ ने पकड़कर पीट दिया