उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां महज चाउमीन उधार न देने पर मारपीट हो गई। यहां चाउमिन उदार न देने पर कुछ दबंगों ने न सिर्फ मारपीट की, बल्कि सरेआम तमंचा लहराकर दहशत फैलाने की कोशिश की। हालांकि, इस बार जनता का गुस्सा दबंगों पर भारी पड़ गया। स्थानीय लोगों ने पकड़कर एक दबंग की पिटाई कर दी। घटना का वीडियो भी सामने आया है। वहीं स्थानीय लोगों ने आरोपी को पुलिस के हवाले भी कर दिया।
उधार देने से मना करने पर की मारपीट
मामला फिरोजाबाद के थाना उत्तर क्षेत्र के झील की पुलिया के पास का है। जानकारी के मुताबिक, विमल नामक युवक चाउमीन की दुकान पर पहुंचा। यहां उसने उधार चाउमीन की मांग की। इसके बाद दुकानदार ने जब उधार देने से मना किया, तो दबंग का पारा चढ़ गया और वह गाली गलौज करने लगा। वहीं घटना के कुछ ही देर बाद दबंग देशी कट्टा से लेस कुछ अन्य साथियों के साथ दोबारा चाउमिन की दुकान पर पहुंच गया। यहां युवक और उसके साथियों ने सरेआम देशी तमंचा लहराना शुरू कर दिया और धमकियां देने लगे। दबंगों की इस गुंडागर्दी से बाजार में हड़कंप मच गया। इस हमले में संजय और विकास नाम के दो लोग घायल हुए हैं।
स्थानीय लोगों ने आरोपी को पीटा
हालांकि इस बार दबंगों की यह हेकड़ी ज्यादा देर नहीं चल सकी। तमंचा देखकर भागने के बजाय वहां मौजूद भारी भीड़ ने हिम्मत दिखाई और घेराबंदी करके एक आरोपी को रंगे हाथों देशी तमंचे के साथ दबोच लिया। इसके बाद आक्रोशित भीड़ ने आरोपी की मौके पर ही जमकर धुनाई कर दी। इस पूरी घटना का एक वीडियो भी सामने आया है, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि कैसे दबंग तमंचा लहरा रहा था और बाद में भीड़ ने उसे सबक सिखाया।
आरोपी को किया पुलिस के हवाले
इस पूरी घटना के दौरान वहां मौजूद लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दे दी। वहीं घटना की सूचना मिलते ही पुलिस की टीम भी मौके पर पहुंची। इसके बाद स्थानीय लोगों ने पकड़े गए आरोपी को पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस के मुताबिक, हिरासत में लिए गए आरोपी का नाम विमल है। यह पूरी घटना शनिवार की शाम करीब 7 बजे की बताई जा रही है। (इनपुट- लवकुश शर्मा)
यह भी पढ़ें-