1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. यूपी के सिद्धार्थनगर में बड़ा हादसा, साइकिल सवार को बचाने के चक्कर में पलटी बस, 3 की मौत

यूपी के सिद्धार्थनगर में बड़ा हादसा, साइकिल सवार को बचाने के चक्कर में पलटी बस, 3 की मौत

 Edited By: Shakti Singh
 Published : Oct 19, 2024 07:09 am IST,  Updated : Oct 19, 2024 11:44 am IST

हादसे के बाद चीख पुकार मच गई। आनन फानन मे आसपास के लोगों ने प्रशासन को जानकारी दी। इसके साथ ही बचाव कार्य में जुट गए। कुछ देर बाद पुलिस की टीम पहुंची और क्रेन मंगवाकर बस को नाले से निकलवाया।

Resce operation- India TV Hindi
हादसे के बाद रेस्क्यू ऑपरेशन Image Source : INDIA TV

यूपी के सिद्धार्थनगर जिले में शुक्रवार शाम लगभग 6 बजे बड़ा हादसा हो गया। इस हादसे मे 3 लोगों की मौत हो गई। वहीं, 22 लोग घायल हुए हैं। दो घायलों की हालत गंभीर बनी हुई है। गंभीर रूप से घायल दोनों लोगों को जिला अस्पताल रेफर किया गया। घटना शुक्रवार शाम के लगभग 6 बजे की है। लगभग 53 श्रद्धालुओं से भरी बस बलरामपुर स्थिति देवीपाटन मंदिर से सिद्धार्थनगर आ रही थी। चरिगहवा नाले के पास एक साइकिल सवार को बचाने के चक्कर में बस अनियंत्रित होकर नाले में जा गिरी।

हादसे के बाद चीख पुकार मच गई। आनन फानन मे आसपास के लोगों ने प्रशासन को जानकारी दी। इसके साथ ही बचाव कार्य में जुट गए। कुछ देर बाद पुलिस की टीम पहुंची और क्रेन मंगवाकर बस को नाले से निकलवाया। इस हादसे में साईकिल सवार 50 वर्षीय मंगनीराम और बस के अंदर बैठे 14 वर्ष के अजय शर्मा और 65 वर्षीय गम्मा की मौत हो गई।

दो घायलों की हालत गंभीर

इस दुर्घटना में 22 लोग घायल हुए है, जिनका उपचार बढ़नी स्थिति पीएचसी मे चल रहा है। दो लोगों को जिला अस्पताल रेफर किया गया है। इस दुर्घटना को लेकर एसपी प्राची सिंह ने बताया कि शाम 6 बजे पुलिस को दुर्घटना कि सूचना मिली। तुरंत ही पुलिस बल मौके पर पहुंचकर रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू कर बस को निकलवाया। इस घटना में 3 लोगों की मौत हुई है। अन्य घायलों का उपचार अस्पताल में चल रहा है। वहीं, डीएम राजा गणपति आर ने बताया कि इस दुर्घटना में 22 लोग घायल हुए है। सायकिल सवार को बचाने में यह घटना हुई है। पूरी जानकारी विवेचना के बाद मिल पाएगी।

मुंडन कराकर लौट रहे थे

बस में सवार लोग आपस में रिश्तेदार थे। ये सभी लोग मुंडन कराकर वापस लौट रहे थे। इसी दौरान यह हादसा हुआ। देवीपाटन मंदिर में लोगों की गहरी आस्था है। इसी वजह से यहां शुभकाम होते रहते हैं। हालांकि, इस हादसे ने खुशी के मौके को मातम में बदल दिया।

(सिद्धार्थनगर से अमित श्रीवास्तव की रिपोर्ट))

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। उत्तर प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।