1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. घर के पास गड्ढा खोदा, 3 मासूम बच्चों को जिंदा दफनाने लगा पिता, बस्ती में सामने आया हैरान कर देने वाला मामला

घर के पास गड्ढा खोदा, 3 मासूम बच्चों को जिंदा दफनाने लगा पिता, बस्ती में सामने आया हैरान कर देने वाला मामला

 Edited By: Mangal Yadav @MangalyYadav
 Published : Dec 12, 2025 07:50 am IST,  Updated : Dec 12, 2025 08:40 am IST

बस्ती में एक ऐसे शख्स को गिरफ्तार किया गया है जो अपने ही बच्चों को जिंदा दफनाने की कोशिश कर रहा था। आरोपी को पुलिस ने जेल भेज दिया है।

पुलिस हिरासत में आरोपी- India TV Hindi
पुलिस हिरासत में आरोपी Image Source : REPORTER

बस्तीः यूपी के बस्ती जिले में दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है। परशुरामपुर थाना क्षेत्र के नंदनगर गांव में एक बेरहम पिता ने अपनी ही संतानों की जान लेने की कोशिश की। जानकारी के अनुसार, आरोपी पिता अपनी पत्नी से आए दिन मारपीट करता था। लगातार अत्याचार से तंग आकर पत्नी अपने एक बच्चे को लेकर मायके चली गई लेकिन घर में मौजूद उसके तीन मासूम बच्चे बेरहम पिता के कहर का शिकार बनते रहे। 

जिंदा बच्चों को दफनाने की कोशिश कर रहा था पिता

आरोप है कि पिता ने अपने तीन नाबालिग बच्चों को मिट्टी में दफनाने की तैयारी कर ली थी। उसने घर के पास ही एक गड्ढा खोद लिया और बच्चों को जबरन वहां ले जाने लगा। इसी बीच किसी ग्रामीण ने इसकी सूचना पुलिस को दे दी। सूचना मिलते ही परशुरामपुर थाने की पुलिस टीम मौके पर पहुंची और तुरंत कार्रवाई करते हुए तीनों बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाला।

आरोपी गिरफ्तार

पुलिस ने मौके से आरोपी पिता को गिरफ्तार कर थाने ले आई है। बच्चों को मेडिकल परीक्षण के लिए भेजा गया है और महिला की तहरीर पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। नंदनगर गांव की यह घटना समाज को झकझोर देने वाली है। समय पर मिली सूचना और पुलिस की तत्परता से तीन मासूमों की जान बच गई।

परशुरामपुर थाने के एसओ ने बताया कि बुधवार शाम 7.30 बजे डायल 112 पर सूचना मिली कि इरफान हाशमी गड्ढा खोदकर अपने बच्चों को जिंदा दफनाने की कोशिश कर रहा है। सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने आरोपी को हिरासत में पूछताछ की तो शिकायत सही मिली। इसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया। 

रिपोर्ट- कमलेश सिंह, बस्ती

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। उत्तर प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।