1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. कांवड़ यात्रा के दौरान बनी भगदड़ जैसी स्थिति, पुलिस ने तुरंत संभाला मोर्चा और टल गई अनहोनी

कांवड़ यात्रा के दौरान बनी भगदड़ जैसी स्थिति, पुलिस ने तुरंत संभाला मोर्चा और टल गई अनहोनी

 Written By: Shakti Singh
 Published : Aug 09, 2026 02:22 pm IST,  Updated : Aug 09, 2026 02:27 pm IST

समय रहते पुलिस सक्रिय नहीं होती तो भगदड़ मच सकती थी और बड़ा हादसा हो सकता था। ऐसे में कई लोगों की कांवड़ को भी नुकसान हो सकता था। हालांकि, पुलिस ने स्थिति संभाल ली।

Meerut- India TV Hindi
मेरठ में कांवड़ यात्रा के दौरान भगदड़ जैसी स्थिति Image Source : REPORTER INPUT

यूपी में योगी की पुलिस का एक बेहतरीन वीडियो सामने आया है, जिसमें कांवड़ यात्रा के दौरान डीजे में उमड़ी भीड़ से कांवड़ गिर गई। पुलिस ने बिना देर किए मोर्चा संभाला और स्थिति बिगड़ने से बचा ली। मेरठ जोन के खतौली तहसील क्षेत्र कस्थित भैंसी कट पर एक डीजे कांवड़ के पीछे उमड़ी हजारों की भीड़ के चलते कुछ देर के लिए भगदड़ जैसी स्थिति बन गई थी, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। 

जानकारी के मुताबिक दो दिन पहले हरिद्वार से गंगाजल लेकर लौट रहे कांवड़ियों को भीड़ के कारण आगे बढ़ने का रास्ता नहीं मिल सका। धक्का-मुक्की के दौरान कई कांवड़िए असंतुलित होकर कांवड़ सहित गिर पड़े, जबकि सड़क किनारे रखी कुछ कांवड़ भी गिर गईं। इससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

पुलिस ने संभाली स्थिति

पुलिसकर्मियों ने तत्काल मोर्चा संभालते हुए गिरे कांवड़ियों को उठाया और भीड़ को पीछे हटाकर सुरक्षित रास्ता बनाने का प्रयास किया। पुलिस की तत्परता से कुछ ही देर में स्थिति नियंत्रण में आ गई। संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस ने डीजे बंद कराकर उसे खतौली सीमा से बाहर कर दिया,वहीं जब यह डीजे मेरठ पहुंचा तो पुलिस ने उसे बिना बजवायें पुलिस संरक्षण में सीमा से बाहर कर दिया।

भैंसी कट पर हुई घटना

पुलिस ने कांवड़ खंडित होने की बात से इनकार किया है। क्षेत्राधिकारी रूपाली राय से फोन पर हुई वार्ता के मुताबिक सारजन डीजे के पीछे काफी भीड़ थी, जिसके चलते भैंसी कट पर कांवड़ियों को निकलने में परेशानी और कुछ सड़क किनारे रखी कांवड़ गिर गई, वहां मौजूद पुलिसकर्मियों ने समय रहते भीड़ नियंत्रित किया, कांवड़ियों को संभाला और यात्रा को आगे बढ़ाया, यदि पुलिस मौके पर स्थिति कंट्रोल न करती तो बड़ा हादसा हो सकता था।

हापुड़ में हेलीकॉप्टर से कांवड़ियों पर बरसाए फूल

हापुड़ में जिलाधिकारी कविता मीना और पुलिस अधीक्षक कुंवर ज्ञानंजय सिंह ने कांवड़ यात्रा के दौरान सुरक्षा और व्यवस्थाओं का जायजा लेने के लिए हेलीकॉप्टर से उड़ान भरी। इस हवाई सर्वेक्षण के दौरान दोनों वरिष्ठ अधिकारियों ने जनपद के प्रमुख कांवड़ मार्गों और धार्मिक स्थलों के ऊपर से गुजरते हुए शिवभक्तों पर पुष्प वर्षा कर उनका भव्य स्वागत किया। प्रशासनिक टीम ने बाबूगढ़ थाना क्षेत्र में स्थित ऐतिहासिक छपकौली शिव मंदिर और गढ़मुक्तेश्वर ब्रजघाट गंगा तट के ऊपर से कांवड़ियों और शिवभक्तों पर गुलाब के फूलों की वर्षा की। जैसे ही आसमान से हेलीकॉप्टर द्वारा फूलों की बारिश शुरू हुई, नीचे मौजूद श्रद्धालुओं का उत्साह चरम पर पहुंच गया। पूरा ब्रजघाट और आसपास का इलाका जय भोलेनाथ बम-बम भोले और हर-हर महादेव के जयकारों से गूंज उठा।

(मेरठ से हिमा अग्रवाल की रिपोर्ट)

यह भी पढ़ें-

वाराणसी में सीएम योगी के ड्रीम प्रोजेक्ट का हुआ भूमि पूजन, दालमंडी में सड़क निर्माण का रास्ता साफ

बुलंदशहर में नाबालिग से दुष्कर्म और हत्या के आरोपी का एनकाउंटर, दरोगा समेत दो पुलिसकर्मी भी घायल

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। उत्तर प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।