1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. वाराणसी में सीएम योगी के ड्रीम प्रोजेक्ट का हुआ भूमि पूजन, दालमंडी में सड़क निर्माण का रास्ता साफ

वाराणसी में सीएम योगी के ड्रीम प्रोजेक्ट का हुआ भूमि पूजन, दालमंडी में सड़क निर्माण का रास्ता साफ

 Written By: Dhyanendra Chauhan
 Published : Aug 09, 2026 12:02 pm IST,  Updated : Aug 09, 2026 12:49 pm IST

दालमंडी में सड़क को 17.5 मीटर तक चौड़ा किया जाएगा। 3 महीने में सड़क जनता को सौंपी दी जाएगी। 181 मकानों में से अभी तक 150 मकान जमींदोज कर दिए गए हैं।

दालमंडी में भूमि पूजन- India TV Hindi
दालमंडी में भूमि पूजन Image Source : REPORTER INPUT

वाराणसी के बहुचर्चित दालमंडी मार्ग चौड़ीकरण परियोजना ने रविवार को एक और महत्वपूर्ण पड़ाव पार कर लिया। सावन के पवित्र माह में प्रदोष से पहले शहर दक्षिणी विधायक डॉक्टर नीलकंठ तिवारी ने चौक प्रवेश मार्ग पर मंत्रोच्चार और विधि-विधान के साथ परियोजना का भूमि पूजन किया। इस दौरान विश्वेश्वर वार्ड के पार्षद और नगर निगम सदन में प्रस्ताव रखने वाले पार्षद इंद्रेश भी मौजूद रहे।

221 करोड़ रुपये की अनुमानित लागत 

भूमि पूजन के साथ ही अब दालमंडी में सड़क निर्माण का रास्ता साफ हो गया है। करीब 221 करोड़ रुपये की अनुमानित लागत वाली इस परियोजना के तहत चौक से नई सड़क तक जाने वाले करीब 650 मीटर लंबे मार्ग को 17.4 मीटर तक चौड़ा किया जाएगा। इसे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के ड्रीम प्रोजेक्ट के तौर पर देखा जा रहा है।

करीब 150 करोड़ रुपये का दिया गया मुआवजा

परियोजना के लिए रास्ते में आने वाली संपत्तियों के ध्वस्तीकरण की प्रक्रिया लगभग पूरी कर ली गई है। बताया गया कि करीब 150 करोड़ रुपये का मुआवजा देकर भवनों का अधिग्रहण और ध्वस्तीकरण कराया गया। परियोजना के दायरे में 181 भवन और 6 मस्जिदें शामिल थीं।

सड़क चौड़ीकरण के लिए यूपी पुलिस की ओर से चौक थाने का एक हिस्सा भी परियोजना को सौंपा गया था। इसके बाद अब निर्माण कार्य शुरू होने की तैयारी है।

दालमंडी प्रोजेक्ट से क्या फायदे? 

  • मंदिर तक पहुंचने  का नया रूट मिलेगा                
  • रूट चौड़ा होने से बिजनेस को बढ़ावा मिलेगा 
  • नए होटल, होम स्टे से टूरिज्म को फायदा         

पिछले साल धनतेरस पर शुरू हुई थी परियोजना की प्रक्रिया

दालमंडी चौड़ीकरण परियोजना की प्रक्रिया पिछले साल 29 अक्टूबर, धनतेरस के दिन पहले भवन की रजिस्ट्री के साथ शुरू हुई थी। इसके बाद चरणबद्ध तरीके से संपत्तियों का अधिग्रहण और ध्वस्तीकरण किया गया।

यातायात व्यवस्था में आएगा सुधार

अब भूमि पूजन के बाद सड़क निर्माण का काम शुरू होने जा रहा है। परियोजना पूरी होने के बाद दालमंडी मार्ग की चौड़ाई बढ़ने से यातायात व्यवस्था में सुधार और क्षेत्र में आवागमन आसान होने की उम्मीद है। साथ ही काशी के इस महत्वपूर्ण इलाके के स्वरूप में भी बड़ा बदलाव देखने को मिलेगा।

अश्विनी त्रिपाठी की रिपोर्ट

ये भी पढ़ें: 

अब स्कूलों में जाकर छात्रों को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए गाइड करेंगे अधिकारी, योगी सरकार की नई पहल

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। उत्तर प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।