1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. 11 साल के मासूम ने बेल्ट से फंदा लगाकर दी जान, इकलौते बेटे को इस हाल में देख चीख उठी मां

11 साल के मासूम ने बेल्ट से फंदा लगाकर दी जान, इकलौते बेटे को इस हाल में देख चीख उठी मां

 Edited By: Malaika Imam @MalaikaImam1
 Published : Sep 14, 2025 11:04 am IST,  Updated : Sep 14, 2025 11:13 am IST

यूपी के मुरादाबाद में एक बच्चे ने बेल्ट से फंदा लगाकर फांसी लगा ली। बच्चा हिंदू मॉडल स्कूल में कक्षा 6 में पढ़ता था।

11 साल के कृष्णा ने लगाई फांसी- India TV Hindi
11 साल के कृष्णा ने लगाई फांसी Image Source : REPORTER INPUT

उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद में एक 11 साल के मासूम ने बेल्ट से फंदा लगाकर फांसी लगा ली। कक्षा 6 में पढ़ने वाले कृष्णा की मां एक फैक्ट्री में काम करती है, पति शराब पीने का आदी है, जिसकी वजह से आये दिन दोनों में झगड़ा होता रहता है। इकलौते बेटे की मौत से मां टूट गई है। मां के अनुसार, कृष्णा कई बार मरने और भागने को बोल चुका था, लेकिन मैं उसे समझा देती थी। मामला सदर कोतवाली के मोहल्ला मानपुर का है।

हिंदू मॉडल स्कूल में पढ़ता था कृष्णा

बीते शनिवार को हुई घटना ने पूरे इलाके को सन्न कर दिया है। महज 11 साल के मासूम कृष्णा ने अपने ही घर में फांसी लगाकर अपनी जिंदगी खत्म कर ली। कृष्णा, हिंदू मॉडल स्कूल में कक्षा 6 का छात्र था। पढ़ाई में अच्छा और स्वभाव से चंचल था। लेकिन पिता के आये दिन के खराब व्यवहार और घर की परिस्थितियों से टूट गया था।

आर्थिक स्थिति खराब होने की वजह से मां एक फर्म में काम कर गुजारा चला रही थी। शनिवार को मां निशा काम पर गई थी, तो बेटा बाहर इधर-उधर ना जाए इसलिए उसे कमरे में बंद कर काम पर चली गई। शाम करीब 6 बजे जब वह लौटी और ताला खोला तो सामने का नजारा देख उनकी चीख निकल गई। इकलौता बेटा फंदे से लटका हुआ था। शोर सुनकर पड़ोसी और मकान मालिक मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

नानी के घर जाने पर पिता ने की पिटाई

कृष्णा की मां निशा ने रोते हुए बताया कि कुछ दिन पहले कृष्णा के पिता ने उसे नानी के घर जाने पर बुरी तरह पीटा था। आज सुबह वह जल्दी उठा और स्कूल की ड्रेस पहनकर तैयार हो गया, लेकिन छत पर खेलते-खेलते ड्रेस गंदी हो गई तो मैंने डांट दिया। टेस्ट देकर स्कूल से आने के बाद मैंने कहा कि आज बाहर मत जाना, वरना फिर से पापा मारेंगे। खाना खाकर वह सो गया और मैं काम पर चली गई। गुस्से में मैंने कमरे पर ताला लगा दिया था, वो अंदर ही सो रहा था। लेकिन शाम को लौटी तो देखा मेरा लाल बेल्ट से फंदे पर लटका हुआ था।

"मैंने उसके लिए जलेबी ली थी, लेकिन..."

मृतक कृष्णा के मामा अजय ने बताया कि स्कूल से लौटने के बाद वह गली के मोड़ पर कृष्णा का इंतजार कर रहे थे। मैंने उसके लिए जलेबी ली थी, लेकिन वह नहीं आया। फिर पड़ोसियों और मां से पता चला कि मेरा भांजा फंदे पर झूल चुका है।

(रिपोर्ट- राजीव शर्मा)

ये भी पढ़ें-

VIDEO: "भारत-पाकिस्तान का मैच दिखाया तो होटल तोड़ देंगे", शिवसेना नेता ने दी धमकी

Hindi Diwas 2025: जब सिंधु बन गई हिंदू और हमारी ज़बान बन गई 'हिंदी', दिलचस्प है किस्सा

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। उत्तर प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।