उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर जिले में रविवार देर शाम हुई तेज बारिश से बड़ा हादसा हो गया। जिले के फुगाना थाना क्षेत्र के गांव हबीबपुर सीकरी में रात करीब 8 बजे भारी बारिश के बीच एक कच्चा मकान अचानक भरभराकर गिर पड़ा। हादसे में एक ही परिवार के 5 लोगों की मौत हो गई जबकि दो बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गए।
पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई
हादसे के समय परिवार के कई सदस्य घर के अंदर मौजूद थे। इस हादसे के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने मिलजुल कर तत्काल राहत और बचाव का काम शुरू कर दिया। मलबे में दबे लोगों को बाहर निकालने का प्रयास शुरू कर दिया। इस बीच प्रशासन को घटना की सूचना मिली। प्रशासन का पूरा अमला घटनास्थल पर पहुंचा।
इस दर्दनाक हादसे में एक ही परिवार के पांच लोगों की मलबे में दबने से मौत हो गई, जबकि दो बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।
हादसे के कारणों की जांच शुरू
पुलिस और प्रशासन ने मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। गांव में इस घटना के बाद शोक का माहौल है। प्रशासन ने प्रभावित परिवार को हरसंभव सहायता का भरोसा दिया है। स्थानीय लोग भी पीड़ित परिवार की मदद में जुटे हुए हैं। फरवरी महीने में नोएडा के सेक्टर 142 में निर्माणाधीन बिल्डिंग की शटरिंग गिर गई थी। इस हादसे में मलबे में दबने से दो मजदूरों की मौत हो गई थी।
रिपोर्ट-योगेश त्यागी
ये भी पढ़ें