1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. करवा चौथ पर जिसकी लंबी उम्र के लिए रखा व्रत, उसी ने चेहरे पर फेंक दिया तेजाब

करवा चौथ पर जिसकी लंबी उम्र के लिए रखा व्रत, उसी ने चेहरे पर फेंक दिया तेजाब

 Published : Nov 03, 2023 04:16 pm IST,  Updated : Nov 03, 2023 04:17 pm IST

विवेक कुमार का विवाह 2020 में संभल जिले के शोभापुर गांव की रहने वाली ममता के साथ हुआ था और वे दोनों अब रोजा जलालपुर में रहते हैं। करवा चौथ के दिन पति-पत्नी में किसी बात को लेकर विवाद हो गया जिसके बाद यह घटना घटी।

करवा चौथ पर हाथों में...- India TV Hindi
करवा चौथ पर हाथों में लगाई मेहंदी Image Source : PTI

देश भर में 1 नंवबर को पति की दीर्घायु के लिए करवा चौथ का पर्व वैदिक मान्यताओं के अनुरूप बड़ी श्रद्धा के साथ मनाया गया लेकिन इस दिन नोएडा के बिसरख इलाके में एक दर्दनाक घटना सामने आई। यहां के रोजा जलालपुर गांव में एक व्यक्ति ने करवा चौथ के दिन अपनी पत्नी पर तेजाब फेंक दिया, जिससे वह गंभीर रूप से झुलस गई।

2020 हुई थी दोनों की शादी

अपर पुलिस उपायुक्त (जोन द्वितीय) हृदेश कठेरिया ने बताया कि बुलंदशहर जिले के सलेमपुर गांव के मूल निवासी विवेक कुमार का विवाह 2020 में संभल जिले के शोभापुर गांव की रहने वाली ममता के साथ हुआ था और वे दोनों अब रोजा जलालपुर में रहते हैं। करवा चौथ के दिन बुधवार को पति-पत्नी में किसी बात को लेकर विवाद हो गया, जिसके बाद विवेक ने गुस्से में आकर अपनी पत्नी पर तेजाब फेंक दिया। उन्होंने बताया कि इस घटना में ममता का चेहरा और शरीर बुरी तरह झुलस गया है।

शादी के बाद से ही होता था पति-पत्नी में विवाद
इसके बाद आसपास के लोगों ने ममता को ग्रेटर नोएडा स्थित एक अस्पताल में भर्ती कराया, जहां से उसे उसकी बिगड़ती हालत को देखते हुए दिल्ली स्थित सफदरजंग अस्पताल रेफर किया गया। कठेरिया ने बताया कि पुलिस को शुरुआती जांच में पता चला है कि पति-पत्नी के बीच शादी के बाद से ही विवाद रहता है। उन्होंने बताया कि महिला के परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है और उन्होंने इस मामले में अभी तक कोई शिकायत दर्ज नहीं कराई है।

यह भी पढ़ें-

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। उत्तर प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।