नोएडा पुलिस ने गाड़ियों के चोरी किए हुए टायरों को खरीदने-बेचने वाले 2 शातिर अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। अभियुक्तों के पास से चोरी के करीब 19 टायर एलॉय व्हील सहित बरामद किए गए हैं। बता दें कि मामला थाना सेक्टर 39 का है। सेक्टर 39 थाना पुलिस द्वारा लोकल इंटेलिजेंस व बीट पुलिसिंग की सहायता से गाड़ियों के चोरी किए हुए टायरों को खरीदने बेचने वाले 2 अभियुक्तों मोहम्मद जीशान और इमरान को गिरफ्तार किया गया है। अभियुक्तों के पास से 4 टायर और एलॉय व्हील होंडा सिटी, 4 टायर और एलॉय व्हील आई 20, 4 टायर और एलॉय व्हील क्रेटा, 4 टायर एलॉय व्हील वर्ना और 3 टायर और एलॉय व्हील कीआ सेल्टॉस कार के बरामद हुए हैं।
अभियुक्तों का विवरण
गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान मोहम्मद शादिक के रूप में हुई है तुर्कमान गेट, थाना कमला मार्केट का रहने वाला है। वहीं दूसरे अभियुक्त की पहचान इमरान के रूप में हुए है जो थाना बिसरख, सेक्टर 1, ग्रेटर नोएडा वेस्ट का रहने वाला है। वहीं गिरफ्तार करने वाली टीम में सेक्टर 39 थाना के पुलिस के जवान सचिन तोमर, पंकज शर्मा, प्रवेश चौधरी, आशीष मावी, रोहित, शमशाद, सचिन बालियान शामिल थे।
क्या है पूरा मामला?
बता दें कि इससे पूर्व 20-21 मार्च की रात थाना सेक्टर 39 द्वारा दादरी रोड के शशि चौक कट पर बैरियर लगाकर चेकिंग की जा रही थी। इंटेलिजेंस और सूचना के आधार पर संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग की जा रही थी। इसी दौरान बोटैनिकल अंडरपास की तरफ से एक सफेद रंग की क्रेटा गाड़ी आती हुई दिखाई दी, जिसे चेकिंग के लिए रुकने का इशारा किया गया, लेकिन वह कार नहीं रुकी और यूटर्न लेकर वापस दादरी रोड की तरफ बदमाश भागने लगे। अपने आप को पुलिस के घिरता देख गाड़ी में सवार संदिग्ध बदमाशों ने सेक्टर 42 के जंगल की तरफ भागने का प्रयास किया औऱ गाड़ी से उतरते हुए पुलिस पर फायरिंग करने लगे।
एनकाउंटर से लिंक है टायर चोरी का केस
आत्मरक्षा में पुलिस ने जवाबी कार्रवाई करते हुए फायरिंग की तो एक बदमाश के पैर में गोली लगी जिससे वह घायल हो गया। घायल की पहचान मोहम्मद इश्तियाक के रूप में हुई है। बदमाश के पास से 1 तमंचा 1 जिंदा कारतूस और 1 खोखा कारतूस बरामद किया गया है। इसके अलावा सफेद रंग की क्रेटा गाड़ी बरामद की गई है, जिसमें चोरी किए गए 4 टायर बरामद किए गए। पुलिस ने जब बदमाश के बैकग्राउंड की जांच की तो पता चला कि घायल बदमाश पहले भी मोदीनगर, कौशांबी में टायर चोरी की घटना में जल जा चुका है। इस मामले में 2 अन्य बदमाशों की पुलिस पार्टी द्वारा कॉम्बिंग के दौरान गिरफ्तार किया गया, जिनकी पहचान मोहम्मद वाकिर उर्फ समीर और अब्दुल गनी उर्फ राजू के रूप में हुई है। घायल बदमाश को एनकाउंटर के बाद इलाज के लिए अस्पताल भेज दिया गया था।