उत्तर भारत में इन दिनों लगातार आग लगने की घटनाएं सामने आ रही हैं। शुक्रवार को नोएडा में आग लगने की बड़ी घटनाएं सामने आईं। सेक्टर -75 में आगजनी की घटना के बाद सेक्टर-52 में भी एक मकान में आग लग गई। आग लगने के तुरंत बाद फायर ब्रिगेड को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची दमकल टीम ने आग पर काबू पाया। घटना थाना 24 क्षेत्र की है। गिझोड़ इलाके में आग लगी थी।
आग मकान के ग्राउंड फ्लोर में लगी थी। ऐसे में ऊपर के सभी फ्लोर पर भी इसका असर हुआ। कमरों के अंदर धुआं भर गया और अंदर रखे सामान को भी नुकसान हुआ। गनीमत रही कि इस घटना में कोई हताहत नहीं हुआ। सेक्टर 52 वाली बिल्डिंग में लगी आग में 15 स्टूडेंट्स को रेस्क्यू किया गया। इस बिल्डिंग में ग्राउंड फ्लोर पर रेस्टोरेंट बना हुआ था, जिसके फ्रिज का कंप्रेशर फटने के कारण आग लगी। आग फर्स्ट फ्लोर पर बने बैंक तक पहुंच गई और ऊपर इस बिल्डिंग में पीजी बने हुए थे। इसी पीजी से छात्रों को रेस्क्यू किया गया।
एसी फटने के मामले बढ़े
सेक्टर-75 में आग एसी फटने की वजह से लगी थी। एक फ्लैट का एसी फट गया और आग लग गई। इसके बाद तेजी से आग फैल गई और बिल्डिंग के बड़े हिस्से को अपनी चपेट में ले लिया। समय रहते रेस्क्यू शुरू हुआ और सभी को बिल्डिंग से बाहर निकाल लिया गया। नोएडा में दोनों घटनाओं में आग लगने की वजह एसी और फ्रिज का कंप्रेशन फटना रही है।
क्यों फट रहे एसी/फ्रिज?
नोएडा में एसी फ्रिज फटने के मामले बढ़े हैं। एक्सपर्ट के अनुसार इसकी कई वजहें हो सकती हैं, लेकिन सबसे अहम कारण सही रखरखाव की कमी है। ऐसी किसी भी घटना से बचने के लिए हर सीजन की शुरुआत में एसी की सर्विसिंग जरूर कराएं। फ्रिज का भी ध्यान रखें और साफ-सफाई करते रहें।
(नोएडा से राहुल ठाकुर की रिपोर्ट)
यह भी पढ़ें-
यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ को मायावती ने दी बधाई, सुबह सुबह भेजा "हैप्पी बर्थडे" का संदेश