1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. यूपी में NSUI नेता पर दहेज हत्या का केस दर्ज, पत्नी ने देर रात में मायके फोन किया; सुबह फांसी पर लटका मिला शव

यूपी में NSUI नेता पर दहेज हत्या का केस दर्ज, पत्नी ने देर रात में मायके फोन किया; सुबह फांसी पर लटका मिला शव

 Edited By: Mangal Yadav @MangalyYadav
 Published : Jun 02, 2026 11:50 am IST,  Updated : Jun 02, 2026 11:56 am IST

एनएसयूआई नेता भरत व्यास की पत्नी का फांसी के फंदे पर लटका शव मिला है। महिला के पति समेत पांच लोगों के खिलाफ दहेज हत्या का केस दर्ज हुआ है।

प्रिया व्यास की फाइल फोटो- India TV Hindi
प्रिया व्यास की फाइल फोटो Image Source : REPORTER

झांसीः समथर कस्बे के नई बस्ती मोहल्ले में एक महिला की संदिग्ध मौत ने पूरे क्षेत्र में सनसनी फैला दी है। कांग्रेस छात्र संगठन एनएसयूआई के प्रदेश उपाध्यक्ष भरत व्यास की पत्नी प्रिया व्यास का शव घर के अंदर फांसी के फंदे पर लटका मिला। घटना के बाद मायके पक्ष ने दहेज हत्या का आरोप लगाते हुए पति समेत पांच लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है।

मृतका के पिता विनोद ने पुलिस को दी तहरीर में आरोप लगाया है कि उनकी पुत्री प्रिया को शादी के बाद से ही दहेज के लिए मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा था। उनकी शिकायत पर पति भरत व्यास, सास रोहिणी, देवर उदय, ताऊ राजेश और एक मौसी के खिलाफ हत्या सहित अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है।

पिछले साल हुई थी शादी

जानकारी के अनुसार प्रिया की शादी फरवरी 2025 में पूरे रीति-रिवाज के साथ भरत व्यास से हुई थी। परिजनों का आरोप है कि शादी के कुछ समय बाद ही अतिरिक्त दहेज की मांग शुरू हो गई थी। मांगों को पूरा करने के लिए कई बार ऑनलाइन और नकद धनराशि भी दी गई, लेकिन कथित प्रताड़ना का सिलसिला नहीं रुका।

रात में मायके फोन किया, सुबह मिली मौत की सूचना

परिजनों का दावा है कि घटना से कुछ घंटे पहले प्रिया ने रात करीब 12 बजे अपने मायके फोन किया था, लेकिन देर रात होने के कारण कॉल रिसीव नहीं हो सकी। सुबह करीब 4 बजे जब भाई ने वापस फोन किया तो बहन की मौत की सूचना मिली। यह खबर सुनते ही परिवार में कोहराम मच गया और परिजन तत्काल समथर पहुंच गए। 

मृतका के पिता और अन्य परिजनों का कहना है कि यह आत्महत्या नहीं बल्कि दहेज के लिए की गई हत्या है। उनका आरोप है कि बेटी की शिकायतों को गंभीरता से लिया जाता तो उसकी जान बच सकती थी। परिजनों ने आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी और निष्पक्ष जांच की मांग की है। 

पुलिस कर रही मामले की जांच

फरवरी 2025 में शुरू हुआ वैवाहिक जीवन महज 15 माह में दर्दनाक अंत तक पहुंच गया। जिस घर में कभी शादी की खुशियां थीं, वहां अब मातम पसरा है। प्रिया की मौत ने दोनों परिवारों के साथ-साथ पूरे क्षेत्र को झकझोर दिया है। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अब सभी की निगाहें पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच पर टिकी हैं, जिससे यह स्पष्ट हो सके कि प्रिया की मौत आत्महत्या थी या इसके पीछे कोई और साजिश छिपी है।

रिपोर्ट- आकाश राठौर

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। उत्तर प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।