Saturday, March 07, 2026
Advertisement
  1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. "पूर्वांचल बनेगा अलग राज्य, खुद बनूंगा CM", लोकसभा चुनाव से पहले ओपी राजभर का बड़ा दावा

"पूर्वांचल बनेगा अलग राज्य, खुद बनूंगा CM", लोकसभा चुनाव से पहले ओपी राजभर का बड़ा दावा

Edited By: Malaika Imam @MalaikaImam1 Published : Mar 04, 2024 04:47 pm IST, Updated : Mar 04, 2024 04:54 pm IST

सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष ओमप्रकाश राजभर ने दावा किया है कि वो जल्द उत्तर प्रदेश को अलग कर पूर्वांचल राज्य बनाएंगे और खुद पूर्वांचल राज्य का मुख्यमंत्री बनेंगे।

ओमप्रकाश राजभर - India TV Hindi
ओमप्रकाश राजभर

लोकसभा चुनावों से पहले सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष ओमप्रकाश राजभर ने बड़ा ऐलान किया है। उन्होंने अपनी अगली रणनीति का खुलासा किया है। राजभर ने कहा कि वो जल्द उत्तर प्रदेश को अलग कर पूर्वांचल राज्य बनाएंगे और खुद पूर्वांचल राज्य का मुख्यमंत्री बनेंगे। सिकंदरपुर में सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी द्वारा आयोजित वंचित शोषित हक अधिकार रैली को संबोधित करते हुए उन्होंने ये बात कही।

ओमप्रकाश राजभर ने कहा आगे कहा, "तब राजभरों को आवास, शौचालय नहीं मांगना पड़ेगा, जहां उसका मुख्यमंत्री जाएगा पूरा प्रशासन उसके पीछे होगा, तब वह पूछेंगे आवास क्यों नहीं बना, शौचालय क्यों नहीं बना?" राजभर ने कहा, "थोड़ी सी और ताकत दे दो, पूर्वांचल राज्य बनाकर राजभरों की सरकार बना दूंगा। उस पर अंदरखाने काम कर रहा हूं।" 

उन्होंने अपने संबोधन में कहा, "2024 के लोकसभा चुनाव के बाद पूर्वांचल राज्य का गठन किया जाएगा। उसके बाद आप सबका मुख्यमंत्री होगा और आपकी सरकार बनेगी।" राजभर ने कहा, "सबसे अधिक आबादी वाले उत्तर प्रदेश में दलितों, वंचितों, शोषितों को अभी तक उनका पूरा अधिकार नहीं मिल सका है। इसके लिए आवश्यक है कि संपूर्ण देश में एक समान शिक्षा व्यवस्था लागू की जाए।" 

प्रदेश सरकार में मंत्री बनाए जाने की चर्चा

बता दें कि ओमप्रकाश राजभर प्रदेश में 2022 में हुए विधानसभा चुनाव के दौरान समाजवादी पार्टी (सपा) के गठबंधन में शामिल थे, लेकिन वह कुछ माह पूर्व फिर से एनडीए में शामिल हो गए, जिसके बाद से उन्हें योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व वाली प्रदेश सरकार में मंत्री बनाने की लगातार अटकलें रही हैं। राजभर ने रैली के इतर संवाददाताओं से बातचीत करते हुए इसी सप्ताह मंत्री बनने की उम्मीद जताई। राजभर ने कहा, "आप लोगों की भावनाओं की कद्र इसी हफ्ते पूरी हो जाएगी।" राजभर पहले भी कई बार खुद को मंत्री बनाए जाने का दावा कर चुके हैं। 

उत्तर प्रदेश में लोकसभा चुनाव से पहले मंत्रिमंडल विस्तार के संकेत मिल रहे हैं। राजनीतिक जानकारों का मानना है कि जल्द ही योगी आदित्यनाथ के मंत्रिमंडल में विस्तार होगा और इसमें एनडीए का हिस्सा बने राष्ट्रीय लोकदल (रालोद), सपा छोड़कर फिर बीजेपी में आए पूर्व मंत्री दारा सिंह चौहान और ओम प्रकाश राजभर समेत कुछ नए चेहरों को शामिल किया जा सकता है। 

मंत्री पद से इस्तीफा देकर NDA से नाता तोड़ा था

राजभर ने 2017 में एनडीए के साथ चुनाव लड़ा था और योगी के नेतृत्व की पहली सरकार में मंत्री भी बने थे, लेकिन कुछ मतभेद के बाद उन्होंने मंत्री पद से इस्तीफा देकर एनडीए से रिश्ता तोड़ दिया था। राजभर ने समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव पर निशाना साधते हुए कहा कि सपा अब तक 9 बार विभिन्न दलों से गठबंधन कर उसे तोड़ चुकी हैं, लेकिन अखिलेश यादव से कोई सवाल नहीं करता और दो बार में ही हमसे तकलीफ हो रही है। 

राजभर ने उत्तर प्रदेश में 80 लोकसभा सीटों पर एनडीए उम्मीदवारों की जीत का संकल्प व्यक्त किया है। राजभर ने कहा, हम लोगों का लक्ष्य 80 सीट जीतना है। एनडीए से जो भी प्रत्याशी लड़ेगा, उसको जिताकर मोदी जी को प्रधानमंत्री बनाने का कार्य करेंगे।" (अमित कुमार की रिपोर्ट के साथ)

ये भी पढ़ें- 

Google पर इंडिया टीवी को अपना पसंदीदा न्यूज सोर्स बनाने के लिए यहां
क्लिक करें

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। उत्तर प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।

Advertisement
Advertisement
Advertisement