1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. 'अब लखनऊ-कानपुर के बीच दौड़ेगी रैपिड रेल', सीएम योगी का बड़ा ऐलान, आउटर रिंग रोड पर भी दिया अपडेट

'अब लखनऊ-कानपुर के बीच दौड़ेगी रैपिड रेल', सीएम योगी का बड़ा ऐलान, आउटर रिंग रोड पर भी दिया अपडेट

 Edited By: Dhyanendra Chauhan
 Published : Jun 18, 2026 01:54 pm IST,  Updated : Jun 18, 2026 02:04 pm IST

दिल्ली-मेरठ की तर्ज पर अब कानपुर-लखनऊ के बीच रैपिड रेल योजना का प्रस्ताव तैयार किया जा रहा है। इसका ऐलान सीएम योगी ने खुद किया है। साथ ही सीएम योगी ने कहा उन्नाव और कानपुर के बीच गंगा नदी में दो और पुल बनेंगे।

सांकेतिक तस्वीर- India TV Hindi
सांकेतिक तस्वीर Image Source : X/UT_MOHUA AND PTI

उत्तर प्रदेश के सीएम योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार को बड़ा ऐलान किया। सीएम योगी ने कहा कि राज्य में विकास को गति देने के लिए लखनऊ और कानपुर के बीच उन्नाव के माध्यम से रैपिड रेल कॉरिडोर की योजना तैयार की जा रही है। साथ ही राज्य राजधानी क्षेत्र (SCR) को जोड़ने के लिए एक आउटर रिंग रोड भी प्रस्तावित है। उन्नाव में 570 करोड़ रुपये से अधिक की 101 विकास परियोजनाओं का उद्घाटन एवं शिलान्यास करने के बाद जनसभा को संबोधित करते हुए सीएम योगी ने कहा कि उन्नाव को लखनऊ राज्य राजधानी क्षेत्र में शामिल किया गया है, जिससे अब राजधानी का विकास केवल हजरतगंज तक सीमित नहीं रहेगा। 

लखनऊ का विकास अब कानपुर की ओर बढ़ेगा

सीएम योगी ने कहा, 'लखनऊ का विकास अब उन्नाव तक पहुंचेगा और कानपुर की ओर आगे बढ़ेगा।' उन्होंने यह भी बताया कि उन्नाव और कानपुर के बीच गंगा पर दो और पुलों के प्रस्ताव को पहले ही मंजूरी दी जा चुकी है। मुख्यमंत्री ने कहा कि दिल्ली–मेरठ रैपिड रेल परियोजना की तर्ज पर लखनऊ से उन्नाव होते हुए कानपुर तक रैपिड रेल सेवा के लिए प्रस्ताव तैयार किया जा रहा है। 

इन जिलों को जोड़ेगी आउटर रिंग रोड

उन्होंने कहा कि प्रस्तावित आउटर रिंग रोड लखनऊ, उन्नाव, सीतापुर, हरदोई, बाराबंकी और रायबरेली को जोड़ेगी, जिससे एक बड़ा विकास क्लस्टर विकसित होगा और सभी क्षेत्रों को समान रूप से लाभ मिलेगा। योगी आदित्यनाथ ने कहा कि उन्नाव में लगभग 700 एकड़ भूमि पर डिफेंस मैन्युफैक्चरिंग कॉरिडोर और एक औद्योगिक क्लस्टर विकसित किया जा रहा है, जिससे रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे। 

विकास को लेकर 100 सालों का रखा जा रहा ध्यान

उन्होंने कहा कि सरकार अगले 100 सालों को ध्यान में रखते हुए विश्वस्तरीय बुनियादी ढांचे के साथ दीर्घकालिक विकास योजना पर काम कर रही है। मुख्यमंत्री ने गंगा एक्सप्रेसवे का उल्लेख करते हुए कहा कि यह क्षेत्र को जोड़ने के साथ-साथ आधुनिक सड़क ढांचे का उदाहरण है। 

कुछ नेताओं ने अपने क्षेत्र तक सीमित रखा विकास

सीएम योगी ने नोएडा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे का भी जिक्र किया और कहा कि उत्तर प्रदेश अब एक्सप्रेसवे और हवाई अड्डों के क्षेत्र में अग्रणी राज्य बन चुका है। उन्होंने कहा कि विकास का लाभ उन लोगों के कारण संभव हो रहा है जो प्रगति के दृष्टिकोण वाली सरकारों को चुन रहे हैं। पिछली सरकारों पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि कुछ नेताओं ने अपने क्षेत्रों तक ही विकास को सीमित रखा। 

अंत में सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा, 'मेरा घर उत्तर प्रदेश है और राज्य के 25 करोड़ लोग मेरा परिवार हैं। उनके कल्याण और समृद्धि के लिए काम करना हमारा संकल्प है।' उन्होंने यह भी आश्वासन दिया कि उन्नाव में विकास कार्य बिना किसी रुकावट के जारी रहेंगे और धन की कोई कमी नहीं होगी।'

ये भी पढ़ें: 

यूपी के बैंक लॉकर से गायब हुए सोने के 96 पैकेट, करोड़ों की हेराफेरी का आरोप; 3 कर्मचारियों पर FIR

'CCTV से नजर, पड़ोसियों से बातचीत पर रोक', दहेज प्रताड़ना से तंग आकर नवविवाहिता ने की आत्महत्या, डॉक्टर पति गिरफ्तार

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। उत्तर प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।