1. Hindi News
  2. महाराष्ट्र
  3. 'CCTV से नजर, पड़ोसियों से बातचीत पर रोक', दहेज प्रताड़ना से तंग आकर नवविवाहिता ने की आत्महत्या, डॉक्टर पति गिरफ्तार

'CCTV से नजर, पड़ोसियों से बातचीत पर रोक', दहेज प्रताड़ना से तंग आकर नवविवाहिता ने की आत्महत्या, डॉक्टर पति गिरफ्तार

 Published : Jun 18, 2026 11:44 am IST,  Updated : Jun 18, 2026 11:52 am IST

डॉक्टर पति पड़ोस की महिलाओं से बातचीत करने पर पत्नी से मारपीट करता था। घर के बाहर और अंदर सीसीटीवी कैमरे लगवाकर पत्नी के ऊपर निगरानी की जाती थी।

नवविवाहिता ने की आत्महत्या- India TV Hindi
नवविवाहिता ने की आत्महत्या Image Source : REPORTER INPUT

महाराष्ट्र के ठाणे जिले से दहेज के चलते आत्महत्या का मामला सामने आया है। अंबरनाथ में 26 वर्षीय नवविवाहिता ने शादी के महज डेढ़ महीने बाद दहेज के लिए हो रही प्रताड़ना से तंग आकर आत्महत्या कर ली। इस मामले में शिवाजीनगर पुलिस ने केस दर्ज कर मृतका के डॉक्टर पति को गिरफ्तार कर लिया है और आगे की जांच जारी है।

पत्नी की हर गतिविधि पर सीसीटीवी से नजर

मृतका के परिजनों ने आरोप लगाया है कि पति ने उसकी हर गतिविधि पर नजर रखने के लिए घर के अंदर और बाहर सीसीटीवी कैमरे लगवाए थे। पड़ोसियों से बात करने पर उसके साथ मारपीट की जाती थी और मायके से पैसे तथा गहने लाने के लिए लगातार दबाव बनाया जाता था।

अप्रैल में हुई थी शादी

मृतका का नाम विशाखा टिळेकर (26) था। उसकी शादी 30 अप्रैल 2026 को अंबरनाथ निवासी डॉक्टर नितीन टिळेकर से हुई थी। परिजनों के अनुसार शादी से पहले सब कुछ सामान्य था, लेकिन शादी के बाद विशाखा को दहेज के लिए मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जाने लगा। शादी में अपेक्षित मान-सम्मान नहीं मिलने और मायके से पैसे व गहने नहीं लाने को लेकर उसे लगातार परेशान किया जाता था।

पड़ोस की महिला से बातचीत करने पर मारपीट

आरोप है कि डॉक्टर नितीन टिळेकर ने पत्नी की गतिविधियों पर नजर रखने के लिए घर के भीतर और बाहर सीसीटीवी कैमरे लगाए थे। विशाखा को अपने मायके वालों से बात करने तक की अनुमति नहीं थी। दो दिन पहले पड़ोस की एक महिला से बातचीत करने पर पति ने उसके साथ मारपीट भी की थी।

माता-पिता ले जाने वाले थे मायके

आत्महत्या से पहले विशाखा ने अपनी मां को अपने साथ हो रही प्रताड़ना की जानकारी दी थी। उसके माता-पिता उसे मायके ले जाने की तैयारी कर रहे थे, लेकिन इससे पहले ही विशाखा ने अपने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।

डॉक्टर पति को पुलिस ने किया गिरफ्तार

इस मामले में शिवाजीनगर पुलिस ने आत्महत्या के लिए उकसाने, दहेज प्रताड़ना समेत कई धाराओं के तहत पति डॉक्टर नितीन टिळेकर और ससुराल पक्ष के अन्य लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस ने डॉक्टर नितीन टिळेकर को गिरफ्तार कर लिया है।

सुनील शर्मा की रिपोर्ट

ये भी पढ़ें: 

'पार्टी के अंदर बड़ी दिक्कतें, TMC के बैंक अकाउंट को किया जाए फ्रीज़,' पत्र लिखकर बैंक से खास अपील

'उसने मेरी जिंदगी नर्क बनाई, मुझ पर किए कई केस, 16 सालों से नहीं हुई बातचीत', मनीषा मित्तल हत्याकांड पर बोला भाई

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। महाराष्ट्र से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।