1. Hindi News
  2. हरियाणा
  3. 'उसने मेरी जिंदगी नर्क बनाई, मुझ पर किए कई केस, 16 सालों से नहीं हुई बातचीत', मनीषा मित्तल हत्याकांड पर बोला भाई

'उसने मेरी जिंदगी नर्क बनाई, मुझ पर किए कई केस, 16 सालों से नहीं हुई बातचीत', मनीषा मित्तल हत्याकांड पर बोला भाई

 Edited By: Dhyanendra Chauhan
 Published : Jun 18, 2026 09:44 am IST,  Updated : Jun 18, 2026 10:22 am IST

मृतक मनीषा के भाई हिमांक मित्तल ने कहा कि जब न उससे मैं मिला नहीं, न कोई बात होती थी। मैं कैसे उसको जान से मारने की धमकी कैसे दे सकता हूं।

मृतक का भाई हिमांक मित्तल- India TV Hindi
मृतक का भाई हिमांक मित्तल Image Source : REPORTER INPUT

पिछले 13 जून को शिमला में चर्चित रोहतक की मनीषा मित्तल हत्याकांड में मृतका के भाई हिमांक मित्तल मीडिया के सामने आए। अपने ऊपर लगाए जा रहे आरोपों पर सफाई दी। साथ ही सभी आरोपों से इंकार किया। हिमांक ने मर्डर में उसका हाथ होने से भी साफ साफ मना किया है।

मनीषा मित्तल ने कोर्ट में उनके खिलाफ दायर किया केस

हिमांक मित्तल ने कहा कि पिता की मौत के बाद संपत्ति के अधिकार को लेकर मनीषा मित्तल ने उनके खिलाफ कोर्ट में केस दायर किया था। उन्होंने दावा किया कि मनीषा स्कूल की संचालिका नहीं थीं, बल्कि स्कूल एक सोसाइटी के अधीन संचालित होता है और वह स्वयं सोसाइटी के प्रधान हैं, जबकि मनीषा केवल एक सदस्य थीं।

13 जून की शाम मनीषा की हुई हत्या

हिमांक ने बताया कि 13 जून की शाम को मनीषा की हत्या हुई थी। इसके बाद हिमाचल प्रदेश पुलिस ने उनसे करीब डेढ़ दिन तक पूछताछ की। पुलिस ने स्कूल स्टाफ, पड़ोसियों से भी जानकारी जुटाई और सीसीटीवी फुटेज भी अपने कब्जे में ली। उन्होंने कहा कि पुलिस के सभी सवालों के जवाब उन्होंने दिए हैं।

16 सालों से नहीं हुई कोई बातचीत

उन्होंने कहा कि मनीषा उनकी बहन थी, लेकिन दोनों के बीच पिछले 16 सालों से कोई बातचीत नहीं थी। उसने मेरी जिंदगी नर्क बनाई हुई थी। संपत्ति विवाद को लेकर उनके संबंध खराब थे और कई मुकदमे भी चल रहे थे। उन्होंने स्पष्ट किया कि मनीषा की हत्या में उनका कोई हाथ नहीं है और उन पर लगाए जा रहे आरोप निराधार हैं।

धमकी देने का तो सवाल ही नहीं उठता

हिमांक मित्तल ने कहा कि मनीषा ने एक वीडियो में उन पर जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया था, लेकिन न तो उनकी उससे कोई मुलाकात होती थी और न ही बातचीत। ऐसे में धमकी देने का सवाल ही नहीं उठता। उन्होंने यह भी कहा कि इस संबंध में पुलिस में कोई शिकायत दर्ज नहीं कराई गई थी।

मनीष से विवाद तो था, ये बात कबूली

उन्होंने बताया कि शिमला स्थित स्कूल को लेकर उनका और मनीषा का विवाद जरूर था, लेकिन इस मामले में कोर्ट और जिला प्रशासन का फैसला उनके पक्ष में आया था। हिमांक ने कहा कि पुलिस के अनुसार दो युवकों ने मनीषा की हत्या की है, जिनमें एक रोहतक के सुनारियां गांव और दूसरा झज्जर के दुजाना गांव का रहने वाला बताया जा रहा है।

जब तक जांच पूरी नहीं हो जाती, आरोप लगाना उचित नहीं

उन्होंने यह भी खुलासा किया कि 1 जून को उन पर भी हमला हुआ था और वह अभी तक पूरी तरह स्वस्थ नहीं हुए हैं। उस समय उन्हें भी शक हुआ था कि यह हमला मनीषा ने करवाया होगा, लेकिन अब मनीषा की हत्या के बाद लोग उन पर सवाल उठा रहे हैं। हिमांक मित्तल ने कहा कि जब तक पुलिस जांच पूरी नहीं हो जाती और इस मामले के मास्टरमाइंड की गिरफ्तारी नहीं हो जाती, तब तक किसी भी व्यक्ति पर आरोप लगाना उचित नहीं होगा।

सुनील कुमार की रिपोर्ट

ये भी पढ़ें: 

ऑपरेशन टाइगर के बीच उद्धव ठाकरे की आज दिल्ली में अहम बैठक, 2 बागी सांसद भी हो सकते हैं शामिल

महीनों से चली आ रही जंग आखिरकार हुई खत्म, अमेरिका-ईरान के बीच डील हुई साइन, तत्काल प्रभाव से समझौता लागू

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। हरियाणा से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।