1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. अखिलेश यादव बोले- 'रतन टाटा ने उसूलों से कभी समझौता नहीं किया', मुलायम सिंह यादव को भी किया याद

अखिलेश यादव बोले- 'रतन टाटा ने उसूलों से कभी समझौता नहीं किया', मुलायम सिंह यादव को भी किया याद

 Published : Oct 10, 2024 11:29 am IST,  Updated : Oct 10, 2024 11:45 am IST

समाजवादी पार्टी प्रमुख व सांसद अखिलेश यादव ने अपने पिता व उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव की पुण्यतिथि पर उन्हें श्रद्धांजलि दी। इस दौरान उन्होंने रतन टाटा को लेकर कही सारे बातें कही।

मुलायम सिंह की दूसरी पुण्यतिथि पर अखिलेश यादव ने दी श्रद्धांजलि- India TV Hindi
मुलायम सिंह की दूसरी पुण्यतिथि पर अखिलेश यादव ने दी श्रद्धांजलि Image Source : X@SAMAJWADIPARTY

इटावाः समाजवादी पार्टी के संस्थापक मुलायम सिंह यादव की आज दूसरी पुण्यतिथि है। आज के दिन 10 अक्तूबर को मुलायम सिंह का देहांत हो गया था। दूसरी पुण्यतिथि पर पूरा सैफई परिवार एकजुट हुआ और मुलायम सिंह यादव की समाधि पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धा सुमन अर्पित किए। इस दौरान अखिलेश यादव ने कहा कि समाजवादी पार्टी इंडिया गठबंधन में रहेगी। सपा का कांग्रेस के साथ गठबंधन जारी रहेगा।

अखिलेश यादव ने रतन टाटा को किया याद

अखिलेश यादव ने कहा कि जब हम लोग आज नेताजी (मुलायम सिंह यादव) को याद कर रहे हैं वहीं दूसरी दुखद खबर भी मिली है कि रतन टाटा भी हमारे बीच नहीं रहे। एक ऐसे उद्योगपति जिन्होंने देश की अर्थव्यवस्था में बहुत बड़ा योगदान दिया है। उनसे व्यक्तिगत तौर पर भी मेरी कई बार मुलाकात हुई। उनकी सोच यही रही कि कारोबार करते समय उसूलों के साथ कोई समझौता नहीं। उन्होंने गरीब तबके के लोगों के लिए बहुत काम किया।

रतन टाटा ने दिखाई ये राह

अखिलेश ने कहा कि आज़ादी से पहले और आज़ादी के बाद दोनों समय में रतन टाटा की सोच और दृष्टि ऐसी थी कि उन्होंने व्यापार करते समय अपने उसूलो के साथ कोई समझौता नहीं किया। उन्होंने आम लोगों का कल्याण कैसे हो इस दिशा में एक उदाहरण पेश किया।

पिता के बताए रास्ते पर चलने का लिया संकल्प

अपने पिता मुलायम सिंह की तारीफ करते हुए अखिलेश ने कहा कि नेताजी इसी धरती से उठे और धरती पुत्र के नाम से जाने गए। उन्होंने राजनीति के कई उतार-चढ़ाव देखे हैं और हमेशा समाज और राजनीति को दिशा दी है। आज जब हम उन्हें याद कर रहे हैं तो समाजवादी मूल्यों के माध्यम से लोगों के जीवन में बदलाव लाने का संकल्प लेते हैं। उन्होंने कहा कि नेता जी के बताए मार्गों पर वह चलने का संकल्प लेते हैं।

बता दें कि देश के प्रमुख उद्योगपति रहे रतन टाटा का बुधवार देर रात मुंबई के एक अस्पताल में निधन हो गया। राष्ट्रपति-प्रधानमंत्री समेत देश कई नेताओं ने टाटा के निधन पर शोक जताया है। मुंबई में आज उनका अंतिम संस्कार राजकीय सम्मान के साथ किया जाएगा।

इनपुट- एएनआई

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। उत्तर प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।