1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. गाजियाबाद के होटल में लगी भीषण आग, 18 लोगों को निकाला गया बाहर, आसमान में दिखा धुएं का गुबार

गाजियाबाद के होटल में लगी भीषण आग, 18 लोगों को निकाला गया बाहर, आसमान में दिखा धुएं का गुबार

 Written By: Amar Deep
 Published : Oct 27, 2026 04:48 pm IST,  Updated : Oct 27, 2026 04:49 pm IST

गाजियाबाद के एक होटल में आग लगने का मामला सामने आया है। आग लगने के बाद आसमान में धुएं का गुबार देखने को मिला। होटल में मौजूद 18 लोगों को रेस्क्यू कर बाहर निकाला गया है।

गाजियाबाद के होटल में लगी आग।- India TV Hindi
गाजियाबाद के होटल में लगी आग। Image Source : REPORTER INPUT

गाजियाबाद: उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद में मंगलवार को साइट 4 स्थित 'बनाना ट्री होटल' में भीषण आग लग गई। घटना के बाद दमकल विभाग ने तुरंत कार्रवाई की। जानकारी के अनुसार, दमकलकर्मियों ने होटल के अंदर मौजूद सभी 18 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया। इस घटना में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है।

मुख्य अग्निशमन अधिकारी के अनुसार, दमकल विभाग को 27 अक्टूबर को दोपहर 1:29 बजे आग लगने की सूचना मिली। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए, तुरंत 9 दमकल गाड़ियां घटनास्थल के लिए रवाना कर दी गईं। बचाव और राहत कार्यों में मदद के लिए वैशाली फायर स्टेशन से एक हाइड्रोलिक प्लेटफॉर्म भी भेजा गया।

पांचवीं मंजिल पर लगी आग

मौके पर पहुंचने पर दमकलकर्मियों ने पाया कि होटल की 5वीं मंजिल पर आग लगी थी और वह तेजी से ऊपर की ओर फैल रही थी। टीम ने तुरंत होटल के आंतरिक अग्निशमन सिस्टम का इस्तेमाल करके आग को रोकने की कोशिश की। दमकलकर्मियों ने दो होज़ (पानी के पाइप) लगाए और आग को और आगे फैलने से रोक दिया, जिससे स्थिति को काबू में लाने में मदद मिली।

18 लोगों को बाहर निकाला गया

एक अधिकारी ने बताया कि घटना के समय होटल के 12 कमरों में करीब 18 लोग मौजूद थे। बचाव दल ने तुरंत कार्रवाई की और सभी को होटल से सुरक्षित बाहर निकाल लिया।

नोएडा की छह दुकानों में आग लगी

एक अन्य घटना में 24 अक्टूबर को नोएडा के सेक्टर 126 में 6 दुकानों में आग लग गई, जिसमें एक व्यक्ति की मौत हो गई। सूचना मिलते ही दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंच गईं और आग बुझाने का काम शुरू कर दिया गया। नोएडा के ADCP अभय कुमार मिश्रा ने ANI को बताया कि आग पर काबू पा लिया गया है और तलाशी अभियान के दौरान एक व्यक्ति बेहोशी की हालत में मिला।

उन्होंने कहा, "थाना सेक्टर 126 के इलाके में आग लगने की सूचना मिली थी। स्थानीय पुलिस और दमकल विभाग की टीमें तुरंत मौके पर पहुंचीं और आग पर काबू पा लिया। इलाके की तलाशी के दौरान एक व्यक्ति बेहोश मिला, जिसे अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।"

वहीं, नोएडा के चीफ फायर ऑफिसर (CFO) प्रदीप कुमार ने ANI को बताया कि घटनास्थल पर बड़ी संख्या में LPG सिलेंडर मिले हैं। कुमार ने कहा, "हमें अंदर बड़ी संख्या में LPG सिलेंडर मिले हैं।" (इनपुट- जुबैर अख्तर)

यह भी पढ़ें-

अखिलेश यादव ने दिया चंद्रशेखर आजाद को झटका, बोले- 'उनके बिना भी हम जीत रहे, 80-20 का नहीं, 90-10 का खेल है'

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। उत्तर प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।