1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. बदायूं में सरकारी जमीन पर मूर्ति स्थापित करने को लेकर भारी बवाल, पथराव में कई पुलिसकर्मी घायल; भीड़ पर लाठीचार्ज

बदायूं में सरकारी जमीन पर मूर्ति स्थापित करने को लेकर भारी बवाल, पथराव में कई पुलिसकर्मी घायल; भीड़ पर लाठीचार्ज

 Written By: Mangal Yadav
 Published : Aug 26, 2026 06:29 am IST,  Updated : Aug 26, 2026 06:47 am IST

बदायूं के बिसौली में भीड़ ने पुलिस पर पथराव कर दिया। इससे कई पुलिसवाले घायल हुए हैं। भीड़ को कंट्रोल करने के लिए पुलिस को लाठी चार्ज करना पड़ा।

मौके पर तैनात पुलिसकर्मी- India TV Hindi
मौके पर तैनात पुलिसकर्मी Image Source : REPORTER

उत्तर प्रदेश में बदायूं की बिसौली तहसील के फैजगंज बेहटा थाना क्षेत्र के सीकरी गांव में सरकारी जमीन पर बिना अनुमति मूर्ति स्थापित करने को लेकर भारी बवाल हो गया। ईंटों का चबूतरा बनाकर प्रतिमा स्थापित करने की कोशिश के दौरान जब पुलिस-प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची, तो भीड़ उग्र हो गई। उपद्रवियों ने पुलिस टीम पर पथराव कर दिया, जिसमें पुलिस की कई गाड़ियां क्षतिग्रस्त हो गईं, साथ ही कुछ पुलिसकर्मी भी घायल हुए हैं। स्थिति बिगड़ते देख पुलिस ने लाठीचार्ज कर भीड़ को खदेड़ा और स्थिति को नियंत्रित किया।

पुलिस ने रोका तो आक्रोशित हो गई भीड़

मामला फैजगंज बेहटा थाना क्षेत्र के सीकरी गांव का है, जहां सरकारी जमीन पर बिना प्रशासनिक अनुमति के बाबा साहब भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा स्थापित करने को लेकर विवाद खड़ा हो गया। बताया जा रहा है कि इस जगह पर ईंटों का चबूतरा बनाकर दोबारा मूर्ति स्थापित करने का प्रयास किया जा रहा था। जब स्थानीय प्रशासन और पुलिस टीम ने बिना अनुमति हो रहे निर्माण को रोकने की कोशिश की, तो वहां मौजूद भीड़ आक्रोशित हो गई।

पुलिस को करना पड़ा लाठीचार्ज

देखते ही देखते विरोध ने उग्र रूप ले लिया और भीड़ की ओर से पुलिस प्रशासन पर पथराव शुरू कर दिया गया। पथराव इतना भीषण था कि पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों के वाहनों में तोड़फोड़ हुई। इस हमले में कई पुलिसकर्मियों के घायल होने की खबर है। हालात बिगड़ते देख पुलिस ने उपद्रवियों पर लाठियां भांजकर उन्हें खदेड़ दिया। स्थिति को काबू में करने के लिए सात से अधिक उपद्रवियों को हिरासत में लिया गया है। वहीं, विवाद की वजह बनी प्रतिमा को सुरक्षा के मद्देनजर सुरक्षित निकालकर बिसौली थाने भिजवा दिया गया है।

मौके पर पहुंचे जिले के बड़े अधिकारी

घटना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) अंकिता शर्मा व डी एम अविनाश राय खुद भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। फिलहाल गांव में पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है और अधिकारियों का कहना है कि कानून व्यवस्था को हाथ में लेने वाले किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।

गांव में पुलिस और पीएसी लगातार गश्त कर रही हैं और स्थिति को पूरी तरह नियंत्रण में बताया जा रहा है। पुलिस मामले में शामिल अन्य उपद्रवियों की पहचान कर आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है। 

रिपोर्ट- सौरभ शर्मा, बदायूं

ये भी पढ़ेंः  'तुम्हारा दिमाग खराब हो गया है', बीजेपी सांसद ने अफसर को लगाई फटकार; घाट का घटिया निर्माण देख भड़के

FIR कराने के लिए फंदा डालकर रेलिंग पर बैठा युवक, 6 घंटे तक पुलिस करती रही समझाइश

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। उत्तर प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।