1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. शामली एनकाउंटर: अस्पताल में इलाज के दौरान घायल सुनील कुमार की हुई मौत, सीएम योगी आदित्यनाथ ने कही ये बात

शामली एनकाउंटर: अस्पताल में इलाज के दौरान घायल सुनील कुमार की हुई मौत, सीएम योगी आदित्यनाथ ने कही ये बात

 Written By: Avinash Rai @RaisahabUp61
 Published : Jan 23, 2025 11:08 am IST,  Updated : Jan 23, 2025 11:08 am IST

उत्तर प्रदेश के शामली जिले में बीते दिनों यूपी एसटीएफ ने 4 बदमाशों का एनकाउंटर किया था। इस दौरान गोलीबारी में इंस्पेक्टर सुनील कुमार घायल हो गए थे। इलाज के दौरान आज उनकी मौत हो गई है। सुनील कुमार की मौत पर सीएम योगी आदित्यनाथ ने दुख जताया है।

Shamli encounter Injured Sunil Kumar died during treatment in hospital CM Yogi Adityanath said this- India TV Hindi
इंस्पेक्टर सुनील कुमार की मौत पर सीएम योगी आदित्यनाथ ने जताया दुख Image Source : PTI/INDIA TV

उत्तर प्रदेश के शामली जिले में बीते दिनों पुलिस और बदमाशों के बीच एनकाउंटर हुआ था। इस एनकाउंटर में पुलिस ने एक लाख रुपये के इनामी बदमाश अरशद और उसके तीन साथियों को ढेर कर दिया था। अपराधियों के पास से देसी कट्टे, पिस्टल और कार्बाइन बरामद किए गए थे। इस एनकाउंटर का हिस्सा रहे एसटीएफ के जांबाज इंस्पेक्टर सुनील कुमार इस एनकाउंटर में घायल हो गए थे। अस्पताल में इलाज के दौरान आज सुनील कुमार की मौत हो गई है। बता दें कि एनकाउंटर के दौरान इंस्पेक्टर सुनील कुमार को कई गोलियां लगी थीं। बता दें कि गुरुग्राम के अस्पताल में इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।

सुनील कुमार की मौत पर सीएम योगी ने जताया दुख

एसटीएफ टीम का हिस्सा रहे इंस्पेक्टर सुनील कुमार की मौत पर सीएम योगी आदित्यनाथ ने दुख व्यक्त किया है। सीएम योगी आदित्यनाथ ने एक्स पर लिखा, 'जनपद शामली में अपराधियों के साथ साहसिक मुठभेड़ में कर्तव्य पालन के दौरान वीरगति को प्राप्त हुए जनपद मेरठ निवासी उत्तर प्रदेश एसटीएफ के निरीक्षक श्री सुनील कुमार जी को भावभीनी श्रद्धांजलि। मेरी संवेदनाएं शोक संतप्त परिजनों के साथ हैं।शहीद के परिजनों को ₹50 लाख की आर्थिक सहायता तथा उनके परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी प्रदान की जाएगी।' 

शामली में शहीद सुनील कुमार के नाम पर होगा सड़क का नाम

उन्होंने आगे लिखा, 'संबंधित जनपद की एक सड़क का नामकरण भी शहीद श्री सुनील कुमार जी के नाम पर किया जाएगा। प्रदेश सरकार हर परिस्थिति में शहीद के परिजनों के साथ है, उन्हें हर संभव मदद प्रदान की जाएगी।' बता दें कि साल 1971 में जन्मे सुनील कुमार मेरठ के रहने वाले थे। साल 1990 में सुनील पुलिस सेवा में भर्ती हुए थे। साल 2009 में वह एसटीएफ में शामिल हुए थे और अबतक वो एसटीएफ में अपनी सेवा दे रहे थे। बता दें कि इससे पहले काफी समय तक वह पीएसी में थे। बता दें कि सुनील कुमार मुख्य आरक्षी से प्लाटून कमांडर और दलनायक के पद पर प्रमोट होकर पहुंचे थे।

विशिष्ट सेवाओं के लिए सुनील कुमार को किया जा चुका है सम्मानित

बता दें कि साल 1997 में उन्होंने कमांडो कोर्स मानेसर हरियाणा से किया था। इसके बाद साल 2009 में उन्हें स्पेशल टास्क फोर्स यानी एसटीएफ में नियुक्त किया गया। इस दौरान अपनी विशिष्ट सेवा के लिए सुनील कुमार को कई बार सम्मानित किया जा चुका है। जैसे साल 2015 में उन्हें सराहनीय सेवा सम्मान चिन्ह, 2022 में उत्कृ्ष्ट सेवा सम्मान चिन्ह, 2024 में अति उत्कृष्ट सेवा पदक और प्रशंसा चिन्ह, रजत से सम्मानित किया जा चुका है। 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। उत्तर प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।