1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. UP: सड़क पर गड्ढे के चलते स्कूटर से गिरकर महिला की मौत, बेटे के साथ जा रही थी अस्पताल

UP: सड़क पर गड्ढे के चलते स्कूटर से गिरकर महिला की मौत, बेटे के साथ जा रही थी अस्पताल

 Published : Mar 29, 2025 03:52 pm IST,  Updated : Mar 29, 2025 04:15 pm IST

सड़क पर बने गड्ढे में स्कूटर फंस गया और महिला गिर गई। 50 वर्षीय महिला के सिर पर गंभीर चोटें आईं और उसकी मौत हो गई। महिला की मौत के बाद से स्थानीय लोगों में गुस्सा है।

सड़क पर गड्ढे- India TV Hindi
सड़क पर गड्ढे Image Source : FILE PHOTO

उत्तर प्रदेश के सीतापुर जिले के शहर कोतवाली इलाके में राष्ट्रीय राजमार्ग से सटे सर्विस रोड पर गड्ढे के कारण एक महिला की स्कूटर से गिरकर मौत हो गई। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी। लहरपुर कोतवाली क्षेत्र की रहने वाली 50 वर्षीय रानी रस्तोगी अपने बेटे मनीष के साथ स्कूटर से सीतापुर में नेत्र चिकित्सालय जा रही थी तभी यह हादसा हुआ। 

सिर में गंभीर चोट लगने से मौत

पुलिस के अनुसार, स्कूटर का अगला टायर सड़क पर बने गड्ढे में फंस गया, जिससे वाहन अनियंत्रित हो गया। उन्होंने बताया कि रानी रस्तोगी स्कूटर से गिर गई और उनके सिर में गंभीर चोट लगी, जिससे उनकी तत्काल मौत हो गयी। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। 

सड़क पर बना गड्ढा है मां की मौत का कारण- बेटा

रानी के बेटे मनीष रस्तोगी ने कहा कि उनकी मां की मौत का कारण सड़क पर बना बड़ा गड्ढा है। उन्होंने कहा, 'सड़क पर बने बड़े गड्ढे के कारण मां स्कूटर से गिर गई और सिर में चोट लगने से उनकी मौत हो गई।' 

PWD अधिकारियों पर आरोप

सड़क पर बने गड्ढे की वजह से एक महिला की मौत के बाद से स्थानीय लोगों में गुस्सा है। स्थानीय लोगों ने गुस्सा जाहिर करते हुए लोक निर्माण विभाग (PWD) के अधिकारियों पर लापरवाही बरतने और सड़कों की मरम्मत में विफल रहने का आरोप लगाया। (भाषा के इनपुट के साथ)

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। उत्तर प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।