1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. 'तू मेरी नहीं हुई, तो किसी और की भी नहीं होने दूंगा', मऊ में 4 बच्चों के पिता ने युवती पर फेंका तेजाब, हालत नाजुक

'तू मेरी नहीं हुई, तो किसी और की भी नहीं होने दूंगा', मऊ में 4 बच्चों के पिता ने युवती पर फेंका तेजाब, हालत नाजुक

 Edited By: Mangal Yadav
 Published : May 03, 2025 11:46 pm IST,  Updated : May 04, 2025 12:02 am IST

मऊ में युवती पर तेजाब फेंकने के मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। मुख्य आरोपी चार बच्चों का पिता है और वह युवती से शादी करना चाहता था।

पुलिस हिरासत में आरोपी- India TV Hindi
पुलिस हिरासत में आरोपी Image Source : INDIA TV

मऊ: यूपी के मऊ में इश्क के जुनून ने हैवानियत की सारी हदें पार कर दी। शादी की तैयारियों में जुटी एक युवती पर सिरफिरे आशिक ने तेज़ाब फेंक दिया। वजह सिर्फ इतनी कि वो उसकी नहीं हो सकी। मामला मऊ जिले के घोसी कोतवाली क्षेत्र के कटिहारी गांव का है। 25 वर्षीय युवती की 23 मई को तिलक और 27 मई को शादी किसी दूसरे युवक से तय हुई थी। वह बैंक से पैसे निकालकर लौट रही थी, तभी पहले से घात लगाए दो नकाबपोश बाइक सवारों ने उस पर तेजाब फेंक दिया। तेजाब से युवती का चेहरा, गला और कंधा बुरी तरह झुलस गया। उसकी हालत गंभीर है। उसे तत्काल आज़मगढ़ के एक हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है। डॉक्टरों के मुताबिक, वह करीब 60 फीसदी झुलस चुकी है।

युवती से प्यार करता था आरोपी

अस्पताल में पीड़िता ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि हमलावरों में से एक ने कहा— "तू मेरी नहीं हुई, तो किसी और की भी नहीं होने दूंगा। गिरफ्तार किए गए हमलावर की पहचान राम जनम सिंह पटेल के रूप में हुई है, जो युवती से पिछले पांच साल से प्यार करता था। जैसे ही उसे पता चला कि युवती की शादी एक युवक से तय हो गई है, उसने अपने साथियों मनोज और सुरेन्द्र के साथ मिलकर इस खौफनाक साजिश को अंजाम दिया।

मुख्य आरोपी चार बच्चों का पिता

पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। घटना में इस्तेमाल बाइक भी बरामद कर ली गई है। पूछताछ में मुख्य आरोपी राम जनम सिंह पटेल ने बताया कि वह पहले से शादीशुदा है और वह चार बच्चों का बाप है। जुर्म को कबूल करते हुए उसने कहा कि वह पीड़िता से शादी करना चाहता था और उसने अपने साथियों के ज़रिए इस हमले को अंजाम दिलवाया।

पुलिस अधिकारी ने दी ये जानकारी

अपर पुलिस अधीक्षक महेश सिंह अत्री ने बताया कि मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने नहर के पास से इस गंभीर वारदात का खुलासा किया। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि राम जनम सिंह पटेल और पीड़िता रीमा के बीच करीब पांच वर्षों से प्रेम संबंध था। लेकिन जब युवती की शादी एक युवक से तय हो गई, तो राम जनम ने शादी रोकने के लिए अपने साथियों के साथ मिलकर उस पर तेजाब फेंकवा दिया।

पुलिस ने इस मामले में IPC की धारा 124(1), 61623, 351(2), 352 BS के तहत मामला दर्ज कर राम जनम सिंह पटेल, मनोज और सुरेन्द्र को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश कर दिया है। फिलहाल युवती अस्पताल में जिंदगी और मौत से लड़ रही है। 

रिपोर्ट- सत्यप्रकाश, मऊ

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। उत्तर प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।