उत्तर प्रदेश के लखनऊ जिले में एक दिल दहलाने वाली घटना देखने को मिली है। दरअसल यहां मंगवार की रात एक टाटा सूमो ने डिवाइडर पर सो रहे 4 लोगों को कुचल दिया! हादसे में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि दो का अस्पताल में इलाज जारी है। हादसा हसनगंज थाना क्षेत्र के नदवा कॉलेज रोड पर हुआ, जहां देर रात CSIR कॉलोनी के सामने तेज रफ्तार टाटा सूमो का टायर फट गया और गाड़ी बेकाबू होकर डिवाइडर पर चढ़ गई। चार लोगों को कुचलने के बाद टाटा सूमो खंभे से टकराकर रुक गई। राजधानी में देर रात हुए हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। लोग घायलों को बचाने के लिए दौड़े, राहगीरों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी।
सूमो ने डिवाइडर पर सो रहे लोगों को कुचला
पुलिस पहुंची, लेकिन तब तक गाड़ी का चालक फरार हो चुका था। डॉक्टरों ने इलाज के दौरान दो लोगों को मृत घोषित कर दिया। मृतकों में एक 20 साल का युवक और एक 40 वर्षीय शख्स शामिल हैं। बाकी दो घायलों का ट्रामा सेंटर में इलाज जारी है। पुलिस के मुताबिक हादसे में शामिल गाड़ी लखनऊ जनपद की है, अब पुलिस गाड़ी के मालिक के पते के आधार पर चालक की तलाश में जुटी है। बता दें कि इससे पहले महराजगंज जिले में मंगलवार सुबह सिकंदराजीतपुर में धानी-फरेंदा मार्ग पर टायर फटने के कारण एक कार के पलटने की घटना में तीन छात्राओं की मौके पर ही मौत हो गई तथा 11 अन्य छात्राएं घायल हो गईं। पुलिस ने यह जानकारी दी थी।
टायर फटने से सड़क हादसा
पुलिस ने बताया कि घायलों में से छह की हालत गंभीर है। पुलिस ने बताया कि अलग-अलग विद्यालयों की 14 छात्राएं सुबह कार से बोर्ड परीक्षा देने जा रही थीं। जिले के फरेंदा थाना क्षेत्र के सिकंदराजीतपुर में धानी-फरेंदा मार्ग के पास उनकी कार का टायर अचानक फट गया और वह अनियंत्रित होकर पलट गयी। उन्होंने बताया कि इस घटना में कार सवार चांदनी पटेल (15), गायत्री गौड़ (17) और प्रीति (16) की मौत हो गयी। घटना में वाहन चालक और 11 अन्य छात्राएं घायल हो गईं। सभी को धानी स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। उनमें से छह गंभीर रूप से घायल हैं। पुलिस ने बताया कि मृत छात्राओं के शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिये गये हैं।