1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. भारतीय वायुसेना करने जा रही 17 दिन का युद्धाभ्यास, NOTAM जारी, घबराए पाकिस्तान ने बुलाई आपात बैठक, निगरानी बढ़ाई

भारतीय वायुसेना करने जा रही 17 दिन का युद्धाभ्यास, NOTAM जारी, घबराए पाकिस्तान ने बुलाई आपात बैठक, निगरानी बढ़ाई

 Written By: Subhash Kumar
 Published : Sep 04, 2026 12:31 pm IST,  Updated : Sep 04, 2026 02:36 pm IST

भारतीय वायुसेना 17 दिनों तक का लंबा युद्धाभ्यास करने जा रही है जिसके लिए NOTAM जारी कर दिया गया है। भारत के इस फैसले ने पाकिस्तान में खलबली मचा दी है। आइए जानते हैं पूरा मामला।

indian airforce issues notam for excercise- India TV Hindi
भारतीय वायुसेना करेगी 17 दिन तक अभ्यास। Image Source : PTI

भारतीय वायुसेना बड़े स्तर पर युद्धाभ्यास करने जा रही है। सामने आई जानकारी के अनुसार, वायुसेना 17 दिन का युद्धाभ्यास करने वाली है। ये अभ्यास 21 सितंबर से 7 अक्टूबर तक चलेगा। ये अभ्यास जैसलमेर-बाड़मेर-फलोदी-जोधपुर सेक्टर में होगा। इसके साथ ही नाल-बीकानेर के पास के हवाई क्षेत्र को भी बंद कर दिया गया है। भारत के इस कदम से पाकिस्तान बुरी तरह से घबरा गया है। पाकिस्तान ने आपात बैठक बुलाई है और सीमा पर निगरानी को बढ़ा दिया है।

पाकिस्तान की चिंता बढ़ी

सामने आई जानकारी के अनुसार, भारतीय वायुसेना के 17 दिनों के युद्धाभ्यास को लेकर जारी किए गए NOTAM ने पाकिस्तान की चिंताएं बढ़ा दी हैं। पाकिस्तान ने भारत-पाकिस्तान बॉर्डर पर सर्विलांस को बढ़ा दिया है। इसके अलावा पाकिस्तान के रक्षा मंत्रालय ने देश के सीनियर रक्षा अधिकारियों की आपात बैठक बुलाई है। रिपोर्ट के मुताबिक, इस मामले को पाकिस्तान के 'चीफ ऑफ डिफेंस फोर्सेज' के ऑफिस के भी ध्यान में लाया गया है। 

तरंग शक्ति के साथ हो सकता है ये अभ्यास

भारतीय वायुसेना की ओर से युद्धाभ्यास के लिए जो हवाई क्षेत्र रिजर्व किया गया है वो 40,000 फीट की ऊंचाई तक फैला है। ये अभ्यास जैसलमेर-बाड़मेर-फलोदी-जोधपुर सेक्टर में होगा। जानकारी के अनुसार, भारतीय वायुसेना 26 सितंबर से 12 अक्टूबर तक जोधपुर में तरंग शक्ति 2026 युद्धाभ्यास भी कर सकती है। जिस अभ्यास के लिए NOTAM जारी किया गया है वह इससे मेल खाता है। तरंग शक्ति अभ्यास में  कई देशों की वायु सेनाएं शामिल होती हैं और हवाई युद्धाभ्यास करती हैं।

क्या है अभ्यास का मकसद?

आपको बता दें कि भारतीय वायुसेना के इस युद्धाभ्यास का मकसद अपनी ऑपरेशनल प्रक्रियाओं, बेहतर तालमेल, तैनाती के तरीकों, सैन्यकर्मियों और विमानों की तैयारी को परखना है। इस अभ्यास में वायुसेना के एडवांस्ड फाइटर जेट भी शामिल होंगे और कई ऑपरेशन को अंजाम देंगे। आपको बता दें कि इससे पहले भी भारतीय सेना के युद्धाभ्यास के लिए NOTAM जारी किया जाता रहा है।

NOTAM होता क्या है?

आपको बता दें कि NOTAM का मतलब आम भाषा में 'नोटिस टू एयरमैन' होता है। इसे एक नोटिस माना जाता है जो कि  युद्ध, किसी असामान्य स्थिति या युद्धाभ्यास के वक्त किसी क्षेत्र के लिए जारी किया जाता है। NOTAM का मकसद निर्धारित समय और क्षेत्र में नागरिक और सैन्य विमानों की सुरक्षा सुनिश्चित करना होता है। मिसाइल परीक्षण, रॉकेट लॉन्च या अन्य रणनीतिक सैन्य गतिविधियों के दौरान भी NOTAM को जारी किया जाता है।

ये भी पढ़ें- F-16 को मार गिराने वाले अभिनंदन ने छोड़ी वायुसेना की नौकरी, प्राइवेट एयरलाइन से पायलट के तौर पर जुड़े

रिलायंस और Rolls-Royce मिलकर बनाएंगे AMCA का इंजन, भारत के 5वीं पीढ़ी के लड़ाकू विमान को लेकर बड़ा अपडेट

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत