1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. जिस लाठी का सहारा बनते बेटे, उसी से पिता को पीट-पीटकर मार डाला

जिस लाठी का सहारा बनते बेटे, उसी से पिता को पीट-पीटकर मार डाला

 Published : May 17, 2024 03:53 pm IST,  Updated : May 17, 2024 03:57 pm IST

यूपी के सीतापुर में दो भाइयों ने अपने ही पिता को लाठियों से पीट-पीटकर मार डाला। मां ने दोनों बेटों के खिलाफ थाने में शिकायत दी है।

मृतक राम अवतार की फाइल फोटो- India TV Hindi
मृतक राम अवतार की फाइल फोटो Image Source : INDIA TV

सीतापुरः यूपी के सीतापुर में दो भाइयों ने 24 हजार रुपये के लिए अपने ही पिता की लाठियों से पीट-पीटकर हत्या कर दी। मामला सकरन थाना क्षेत्र का है। मां ने अपने दोनों बेटों के खिलाफ पुलिस थाने में मर्डर की एफआईआर दर्ज कराई है। हत्या की वजह पैसे के बंटवारे को लेकर हुआ विवाद बताया जा रहा है।  

यहां से शुरू हुआ विवाद

मिली जानकारी के अनुसार, मुर्थना निवासी राम अवतार के बेटे राजू,पप्पू और ओमकार हैं। इसमें छोटे बेटे ओमकार की शादी करीब दो वर्ष पहले हुई थी। बेटे की शादी के लिए राम अवतार ने कोटरा निवासी एक शख्स से रुपए उधार लिए थे। राम अवतार ने उधार लिए रुपयों की अदायगी के लिए अपने खेत में लगे यूके लिप्टिस के पेड़ों को करीब 24000 रुपए में बेच दिया था। इन्हीं रुपये के बंटवारे को लेकर राजू और पप्पू का अपने पिता राम अवतार से विवाद हो गया।

लाठी से पीटकर पिता को मार डाला

विवाद इतना बढ़ गया कि राजू और पप्पू ने मिलकर अपने पिता राम अवतार पर लाठियां से ताबड़तोड़ कई प्रहार कर दिए। गंभीर रूप से घायल राम अवतार की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। हत्या सूचना जब गांव वालों को हुई तो भारी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंची।

मां ने बेटे के खिलाफ दर्ज कराई शिकायत

पुलिस ने शव का पंचनामा करवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतक राम अवतार की पत्नी ने अपने दोनों पुत्रों के खिलाफ थाने में शिकायत देकर मामला दर्ज करने की मांग की है। मृतक की पत्नी ने अपने दोनों बेटों को गिरफ्तार करने की मांग की है। फिलहाल दोनो बेटे वारदात को अंजाम देकर फरार हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है। पुलिस का कहना है आरोपियों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।

रिपोर्ट- मोहित मिश्रा

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। उत्तर प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।