1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. जौनपुर में सरकारी स्कूल बना अखाड़ा, क्लास रूम में छात्रों के सामने भिड़ीं दो महिला शिक्षिकाएं, वीडियो वायरल

जौनपुर में सरकारी स्कूल बना अखाड़ा, क्लास रूम में छात्रों के सामने भिड़ीं दो महिला शिक्षिकाएं, वीडियो वायरल

 Edited By: Mangal Yadav @MangalyYadav
 Published : Mar 19, 2026 04:33 pm IST,  Updated : Mar 19, 2026 04:38 pm IST

जौनपुर के कुहिया कम्पोजिट विद्यालय की प्रिंसिपल ने आरोप लगाया है कि स्कूल की सहायक अध्यापिक ने उनके साथ मारपीट की। प्रिंसिपल ने मामले की शिकायत पुलिस में भी की है।

क्लास रूम में छात्रों के सामने भिड़ीं दो महिला शिक्षिकाएं- India TV Hindi
क्लास रूम में छात्रों के सामने भिड़ीं दो महिला शिक्षिकाएं Image Source : REPORTER

जौनपुर: यूपी के जौनपुर जिले के सरायख्वाजा थाना क्षेत्र के कुहिया कम्पोजिट विद्यालय में एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है, जहां क्लास रूम अखाड़े में तब्दील हो गया। बच्चों के सामने ही दो शिक्षिकाओं के बीच जमकर धक्का-मुक्की और तीखी नोकझोंक हुई। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर अब तेज़ी से वायरल हो रहा है।

प्रिंसिपल ने पुलिस में दी शिकायत

जानकारी के मुताबिक, कुहिया कम्पोजिट विद्यालय की प्रधानाध्यापिका अनीता गुप्ता ने सहायक अध्यापिका पर मारपीट और अभद्रता का गंभीर आरोप लगाते हुए सरायख्वाजा थाने में तहरीर दी है। आरोप है कि घटना के छह दिन बीत जाने के बाद भी अभी तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई, जिससे नाराज प्रधानाध्यापिका बुधवार को एसपी कार्यालय पहुंचकर न्याय की गुहार लगाई।

मीडिया से बातचीत में उन्होंने बताया कि 13 मार्च 2026 की सुबह करीब 9 बजे विद्यालय परिसर में अचानक विवाद शुरू हो गया। प्रधानाध्यापिका का आरोप ये भी है कि सहायक शिक्षिका विजय लक्ष्मी यादव ने बिना किसी कारण के अभद्र भाषा का इस्तेमाल करते हुए विवाद बढ़ाया और वीडियो बनाए जाने का विरोध करते हुए मारपीट करने पर आमादा हो गईं। उन्होंने कहा कि बच्चों के सामने उन्हें धक्का देकर गिराया गया और हाथापाई की गई। वहीं, इस मामले में आरोपी शिक्षिका का बयान सामने नहीं आया है। 

यहां देखें वीडियो

शिक्षा विभाग ने कही ये बात

यह पूरी घटना स्कूल में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। पीड़िता ने आरोपी शिक्षिका के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग करते हुए कहा कि इस तरह की घटनाएं न सिर्फ विद्यालय का माहौल खराब करती हैं, बल्कि मासूम बच्चों के मानसिक विकास पर भी गहरा असर डालती हैं। वहीं, शिक्षा विभाग के अधिकारियों का कहना है कि प्रार्थना पत्र प्राप्त हो गया है और मामले की जांच के बाद आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल मामले की जांच की जा रही है। 

रिपोर्ट- सुधाकर शुक्ला, जौनपुर

 

 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। उत्तर प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।