1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. उन्नाव: भागवत कथा वाचन के पैसे मांगे तो पीटा, पुलिस ने आरोपी को धर दबोचा

उन्नाव: भागवत कथा वाचन के पैसे मांगे तो पीटा, पुलिस ने आरोपी को धर दबोचा

 Edited By: Shakti Singh
 Published : Apr 13, 2026 09:55 am IST,  Updated : Apr 13, 2026 09:55 am IST

पीड़ित ने बताया कि भागवत कथा वाचन के लिए 30 हजार रुपये की फीस तय हुई थी, लेकिन यही पैसे मांगने पर आरोपियों ने उन्हें जमकर पीटा और उनके साथ गाली-गलौज की।

Unnao Police- India TV Hindi
उन्नाव पुलिस के जवान Image Source : X/UNNAOPOLICE

उत्तर प्रदेश के उन्नाव में भागवत कथा करने वाले व्यक्ति के साथ मारपीट की घटना सामने आई है। यहां आरोपियों ने कथा वाचन के पैसे मांगने पर पीड़ित के साथ मारपीट और गाली-गलौज की। इसके बाद मामला पुलिस के पास पहुंचा। पुलिस ने केस दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। उन्नाव पुलिस की तरफ से बताया गया कि 11 अप्रैल को पीड़ित ने मारपीट की शिकायत की थी। वह देर रात थाने पहुंचा था और पूरी घटना के बारे में बताया था। दो दिन के अंदर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

पीड़ित अवधेश चन्द लोधी कुंजपुर का रहने वाला है। वह रात 12.10 बजे सोहरामऊ थाने पहुंचा था और शिकायत की थी। उसने बताया कि वह कथा वाचन का काम करता है। उसके परिचित अनूप द्विवेदी और मनीष पाण्डेय ने कथा वाचन के पैसे मांगने पर मारपीट की है। दोनों आरोपी रसूलपुर गांव के रहने वाले हैं।

7 दिन तक भागवत कथा करने के पैसे हड़पे

पीड़ित अवधेश ने बताया कि उसने अनूप द्विवेदी और मनीष पाण्डेय के कहने पर टीम के साथ 30 मार्च से लेकर 6 अप्रैल तक रसूलपुर निवासी रिंकू सिंह के दरवाजे पर भागवत कथा की थी। अनूप द्विवेदी और मनीष पाण्डेय ने पैसे देने की जिम्मेदारी ली थी। कथा वाचन पूरा होने के बाद जब अवधेश ने कथा वाचन, साउंड और अन्य सेवाओं के लिए कुल 30 हजार रुपये मांगे तो मनीष और अनूप भड़क गए। वह पीड़ित को अपनी गाड़ी में बैठाकर लखनऊ की अलग-अलग जगहों पर ले गए। अनूप द्विवेदी और मनीष पाण्डेय ने पीड़ित अवधेश के साथ गाली गलौज और मारपीट की। इनके साथ दो अज्ञात व्यक्ति भी शामिल थे। 

पुलिस की गिरफ्त में आरोपी

पुलिस ने बताया कि तहरीर के आधार पर थाना सोहरामऊ पर केस दर्ज कर अभियुक्त अनूप द्विवेदी और उसके साथियों को गिरफ्तार किया गया है। अग्रिम आवश्यक विधिक कार्यवाही की जा रही है।

यह भी पढ़ें-

नोएडा में सैलरी बढ़ाने को लेकर कंपनी के कर्मचारियों का हिंसक प्रदर्शन, कई गाड़ियों में तोड़फोड़ के बाद लगाई आग

टूटी सड़क का मजाक बनाया तो पीटा, 3 दांत तोड़े, टूटे दांत हाथ में देकर बोला- 'लो बन गई सड़क'

 

 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। उत्तर प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।