1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. यूपी: मंगेतर के साथ घूमने निकली युवती के साथ बंधक बनाकर रेप, गुप्तांगों में डंडे भी मारे, कोतवाल लाइन हाजिर

यूपी: मंगेतर के साथ घूमने निकली युवती के साथ बंधक बनाकर रेप, गुप्तांगों में डंडे भी मारे, कोतवाल लाइन हाजिर

 Written By: Rituraj Tripathi @riturajfbd
 Published : Apr 27, 2026 09:56 pm IST,  Updated : Apr 27, 2026 10:23 pm IST

यूपी के फतेहपुर में एक युवती के साथ बंधक बनाकर रेप का मामला सामने आया है। इस घटना में 2 लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया है और एक आरोपी फरार है।

woman rape- India TV Hindi
युवती से रेप, 2 आरोपी गिरफ्तार Image Source : REPORTER INPUT

फतेहपुर: यूपी के फतेहपुर से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया। यहां अपने मंगेतर के साथ घूमने निकली युवती से रेप और मारपीट की घटना हुई है और मंगेतर युवक के साथ भी मारपीट की गई है। इस घटना के सामने आने के बाद कोतवाल को लाइन हाजिर किया गया है और एक फरार आरोपी पर 25 हजार का इनाम घोषित किया गया है। इस मामले में 2 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।

क्या है पूरा मामला?

मामला फतेहपुर जिले के खागा कोतवाली क्षेत्र का है। मिली जानकारी के मुताबिक, मंगेतर के साथ घूमने निकली युवती से जंगल में रेप और मारपीट की बात सामने आई है। आरोप है कि घटना को अंजाम देने वालों ने युवती के अश्लील वीडियो भी बनाए और उन्हें सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी देकर 2500 रुपए भी ऑनलाइन ट्रांसफर करवाए।

घटना के बाद पीड़ित युवती जब शिकायत दर्ज करवाने थाने पहुंची तो उसकी बात को गंभीरता से नहीं लिया गया और पुलिस ने सुनवाई नहीं की। इसके बाद पीड़ित का मंगेतर इस मामले को लेकर एसपी कैंप कार्यालय पहुंचा, जिस पर एसपी के आदेश पर जांच शुरू हुई। जांच में घटना सही पाए जाने के बाद पीड़िता की तहरीर पर 3 युवकों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया और 2 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। इस घटना में एक आरोपी फरार है, उस पर 25 हजार का इनाम रखा गया है।

पीड़िता के मंगेतर ने बताया कि वह 24 अप्रैल को खागा बाजार गया था, जहां उसने युवती को भी घूमने के लिए बुला लिया। रास्ते में नहरिया पर दोनों कोल्ड ड्रिंक पी रहे थे, तभी एक युवक वहां पहुंचा और उसने अपने 2 साथियों को भी वहां बुला लिया। आरोप है कि तीनों युवक डरा-धमकाकर कपल को जंगल ले गए और एक युवक ने उसके साथ रेप किया। इस दौरान युवती के साथ तीनों ने छेड़छाड़ भी की और अश्लील वीडियो भी बनाए। इसके बाद आरोपियों ने कपल के गुप्तांगों में डंडे मारे और फिर धमकी देकर छोड़ दिया। 

फतेहपुर के एसपी का बयान सामने आया

इस घटना पर फतेहपुर के एसपी अभिमन्यु मांगलिक का बयान सामने आया है। उन्होंने बताया कि युवती द्वारा थाना खागा में प्रार्थना पत्र दिया गया कि दिनांक 24.04.2026 को कुछ अज्ञात व्यक्तियों द्वारा उसके साथ दुष्कर्म की घटना की गई। जांच के दौरान यह तथ्य प्रकाश में आया कि युवती अपने मंगेतर के साथ थाना खागा क्षेत्रांतर्गत एक बाग में कुछ निजी समय व्यतीत कर रही थी। तभी वहां एक युवक आया, जिसने उन्हें देख लिया और उनका वीडियो बनाने का प्रयास किया। आरोपी युवक ने अपने दो अन्य साथियों को भी वहां बुला लिया। इनमें से एक के द्वारा वादिनी के साथ जबरदस्ती करने का प्रयास किया गया। वादिनी द्वारा थाना स्थानीय पर दिए गए प्रार्थना पत्र पर संबंधित थाना प्रभारी द्वारा कोई कार्यवाही न किए जाने पर, संबंधित प्रभारी निरीक्षक को लाइन हाजिर किया गया। साथ ही, प्राप्त प्रार्थना पत्र के आधार पर सुसंगत धाराओं में अभियोग पंजीकृत करते हुए दो अभियुक्तों को हिरासत में लेकर पूछताछ करते हुए अग्रिम विधिक कार्यवाही की जा रही है। अन्य वांछित अभियुक्त की गिरफ्तारी हेतु 25 हजार का इनाम घोषित किया गया है। (रिपोर्ट- फतेहपुर से उमेश चन्द्रा) 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। उत्तर प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।