1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. Uttar Pradesh: शामली में एनकाउंटर, कुख्यात अपराधी रिहान अंसारी मारा गया, 90 मामलों में था वांटेड

Uttar Pradesh: शामली में एनकाउंटर, कुख्यात अपराधी रिहान अंसारी मारा गया, 90 मामलों में था वांटेड

 Edited By: Kajal Kumari @lallkajal
 Published : Feb 06, 2026 08:11 am IST,  Updated : Feb 06, 2026 08:11 am IST

उत्तर प्रदेश के शामली जिले में पुलिस ने एनकाउंटर में एक कुख्यात इनामी अपराधी रिहान अंसारी को मार गिराया है। रिहान अंसारी एक दो नहीं 90 मामलों में वांटेड था और पुलिस को उसकी तलाश थी।

एनकाउंटर में मारा गया कुख्यात अपराधी- India TV Hindi
एनकाउंटर में मारा गया कुख्यात अपराधी Image Source : REPORTER

उत्तर प्रदेश: शामली में गुरुवार की देर रात पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हुई और इस मुठभेड़ में कुख्यात बदमाश रिहान अंसारी मारा गया, जबकि उसका एक साथी फरार  हो गया। रिहान अंसारी पर 50000 रुपये का इनाम रखा गया था। एनकाउंटर में दोनों तरफ से ताबड़तोड़ फायरिंग हुई और इसमें शामली कोतवाली का एक सिपाही सुमित गोली लगने से घायल हो गया। रिहान अंसारी के खिलाफ 90 से ज्‍यादा मामले दर्ज हैं। उत्तर प्रदेश में इससे पहले मंगलवार की रात को एक लाख के इनामी शूटर बनारसी यादव को एसटीएफ ने मार गिराया था।

एनकाउंटर में मारा गया कुख्यात अपराधी

शामली एसपी एनपी सिंह ने बताया कि देर रात सूचना मिली थी कि झिंझाना से कसेरवा गांव की ओर बाइक सवार दो बदमाश लूट की घटना को अंजाम देने वाले हैं। इसकी सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस और एसओजी टीम मौके पर पहुंची। पुलिस को देखते ही बदमाशों ने फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की तरफ से भी ताबड़तोड़ फायरिंग की गई जिसमें दिल्ली का रहने वाला इनामी बदमाश रिहान गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

जानिए कौन था रिहान अंसारी

पुलिस ने बताया कि रिहान के खिलाफ शामली के अलावा बागपत, गाजियाबाद, दिल्ली और हरियाणा में लूट समेत विभिन्न धाराओं में 90 से अधिक मुकदमे दर्ज हैं और उसके आपराधिक इतिहास की विस्तृत जानकारी ली जा रही है। रिहान पिछले दस वर्षों से अधिक समय से अपने गिरोह की कमान संभाल रहा था और वह कुख्यात याहिया गैंग के संपर्क में भी था।

रिहान के पास से पुलिस ने 0.32 बोर की इटली में निर्मित बरेटा पिस्‍तौल, देश में निर्मित .32 बोर की पिस्‍तौल, आठ जिंदा कारतूस और कारतूस के सात खोखे, घटना में इस्‍तेमाल बिना नंबर प्‍लेट की मोटर साइकिल, लूटा गया मोबाइल और 2 अन्य मोबाइल, दो लूटी गई अंगूठी और नगदी बरामद की है।

(​शामली से श्रवण पंडित की रिपोर्ट)

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। उत्तर प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।