1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. कोर्ट में गवाही देने जा रहा था युवक, रास्ते में लाठी-डंडों से बेरहमी से पीट-पीटकर कर दी गई हत्या

कोर्ट में गवाही देने जा रहा था युवक, रास्ते में लाठी-डंडों से बेरहमी से पीट-पीटकर कर दी गई हत्या

 Written By: India TV UP Bureau Desk
 Published : Aug 18, 2026 09:42 pm IST,  Updated : Aug 18, 2026 09:42 pm IST

हापुड़ देहात क्षेत्र से एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है, जिसमें यहां कोर्ट में गवाही देने जा रहे एक युवक की लाठी-डंडों से बेरहमी से पीट-पीटकर हत्या कर दी गई।

Hapur- India TV Hindi
हापुड़ Image Source : REPORTER INPUT

उत्तर प्रदेश के हापुड़ से एक ऐसी घटना सामने आई है जिसने सभी को चौंका दिया है। हापुड़ के थाना हापुड़ देहात क्षेत्र से एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है, जहां कोर्ट में गवाही देने जा रहे एक युवक की लाठी-डंडों से बेरहमी से पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान थाना बाबूगढ़ क्षेत्र के ग्राम मौहम्मदपुर आजमपुर निवासी गौरव त्यागी के रूप में हुई है। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया और परिजनों में कोहराम छा गया।

पुराने जमीनी विवाद मामले में अपनी गवाही देने कोर्ट जा रहा था युवक

हापुड़ देहात क्षेत्र में हुई इस घटना को लेकर मृतक के परिजनों के अनुसार गौरव त्यागी एक पुराने जमीनी विवाद से जुड़े धारा 307 के मामले में अपनी गवाही देने कोर्ट जा रहे थे। रास्ते में हापुड़ देहात क्षेत्र के ददायरा चौराहे से दिनेश विद्यापीठ चौकी की ओर जाने वाली सड़क पर चार आरोपियों कुलदीप, प्रदीप, अमित और एक अन्य ने उनकी बाइक में टक्कर मारकर उन्हें रास्ते में रोक लिया। इसके बाद आरोपियों ने उन पर लाठी-डंडों से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। आरोपियों द्वारा उन्हें सड़क किनारे जमीन पर गिरा कर लाठी डंडों से बेरहमी से पीटा जा रहा था इसी दौरान मौके से गुजर रहे एक बाइक सवार युवक ने इस घटना की कुछ देर की वीडियो चुपके से अपने मोबाइल कैमरे में बना लिया। लेकिन आरोपियों ने मोबाइल चला रहे युवक को मोबाइल नीचे करने के लिए कहा इसके बाद युवक ने अपने मोबाइल की वीडियो बंद कर दी। लेकिन उस वीडियो में आरोपियों की पूरी करतूत कैद हो गई। जिनमें एक आरोपी के हाथ में हथौड़ा भी नजर आ रहा है।

आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी के लिए पुलिस की तीन विशेष टीमों का गठन किया

घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए और गंभीर रूप से घायल गौरव त्यागी को राहगीरों और पुलिस की मदद से तत्काल देवनंदनी अस्पताल में भर्ती कराया गया। उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें हायर सेंटर रेफर कर दिया, जहां इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया। इस घटना का एक वीडियो भी सामने आया है जिसमें आरोपी युवक पर हमला करते और मौके से भागते नजर आ रहे हैं। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन हरकत में आ गया। क्षेत्राधिकारी नगर अनीता चौहान ने बताया कि परिजनों की तहरीर के आधार पर सुसंगत धाराओं में अभियोग पंजीकृत किया जा रहा है। आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी के लिए पुलिस की तीन विशेष टीमों का गठन किया गया है जो संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही सभी अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

(रिपोर्ट - निशांक शर्मा)

ये भी पढ़ें

कानपुर में हाईवे का 'मोबाइल शिकारी' गैंग बेनकाब, 12 चोरी के फोन और अवैध तमंचे के साथ चार गिरफ्तार

दरोगा का गला दबाया, पथराव और मारपीट; लखनऊ में अतिक्रमण हटाने पहुंची टीम पर हमला, 6 गिरफ्तार

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। उत्तर प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।