1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. यूपी: मथुरा में 2 दर्जन से ज्यादा बंदरों की एयरगन से हत्या, मची सनसनी, आरोपी गिरफ्तार

यूपी: मथुरा में 2 दर्जन से ज्यादा बंदरों की एयरगन से हत्या, मची सनसनी, आरोपी गिरफ्तार

 Written By: Rituraj Tripathi @riturajfbd
 Published : May 05, 2025 02:43 pm IST,  Updated : May 05, 2025 03:08 pm IST

यूपी के मथुरा से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां 2 दर्जन से ज्यादा बंदरों की हत्या कर दी गई है।

monkey- India TV Hindi
2 दर्जन से ज्यादा बंदरों की हत्या Image Source : INDIA TV

मथुरा: यूपी के मथुरा से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां 2 दर्जन से अधिक बंदरों की एयर गन से गोली मारकर हत्या कर दी गई है। धार्मिक नगरी में बंदरों की हत्या से लोगों में आक्रोश है। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने मृत बंदरों के शव कब्जे में लिए हैं। मामला मथुरा के गोवर्धन गिरिराज पर्वत के पास गोविंद कुंड का है। मिली जानकारी के मुताबिक, इस मामले में आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है।

क्या है पूरा मामला?

मामला मथुरा से है। यहां गोवर्धन थाना क्षेत्र स्थित गिरिराज पर्वत किनारे गोविंद कुंड पर एक दर्जन से अधिक बंदरों की निर्मम हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया। यहां मृत पड़े बंदरों के शरीर पर एयर गन की गोली के जख्म मिले हैं।

घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने मृत बंदरों के शव कब्जे में कर पोस्टमार्टम को भेज दिए हैं। हालांकि ग्रामीणों के मुताबिक, गोविंद कुंड के समीप जानकी दास आश्रम में रहने वाले विदेशी नागरिक ने बंदरों पर एयर गन से प्रहार कर हत्या की है। वहीं एसपी ग्रामीण त्रिगुण विसेन का कहना है कि बंदरों के शव कब्जे में लिए गए हैं। पोस्टमार्टम के बाद मौत के कारण स्पष्ट होने पर अग्रिम विधि कार्रवाई की जाएगी।

मथुरा की इस घटना से इलाके में हड़कंप मचा हुआ है। लोगों का कहना है कि बेजुबान जानवर की हत्या करके क्या साबित किया जाना है? आखिर इन बंदरों की क्या गलती थी जो उन्हें इस बेरहमी के साथ मौत के घाट उतार दिया गया। गौरतलब है कि बंदरों को भगवान हनुमान से जोड़कर देखा जाता है, ऐसे में बंदरों की हत्या का मामला धार्मिक रूप से भी तूल पकड़ सकता है। 

इस मामले से पूरे इलाके में रोष है और लोगों में गुस्सा नजर आ रहा है। देखना ये होगा कि प्रशासन इस मामले में क्या कार्रवाई करता है। (इनपुट: मोहन श्याम शर्मा)

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। उत्तर प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।