बाराबंकी: यूपी के बाराबंकी से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया। यहां एक कार के इंजन से एक विशालकाय अजगर पाया गया। वह इंजन में छिपकर बैठा था। जब कार का बोनट खोला गया तो अजगर को देखकर वहां मौजूद लोगों के होश उड़ गए।
Related Stories
वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची
मामला कोतवाली बदोसराय के कोटवाधाम के सतनाम पुरवा गांव का है। अजगर को देखने के लिए मौके पर लोगों की भीड़ जुटनी शुरू हो गई और इलाके में डर का माहौल हो गया। हालांकि सूचना मिलने पर फौरन वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया।
कितने खतरनाक होते हैं अजगर?
अजगर जहरीले नहीं होते लेकिन खतरनाक जरूर होते हैं। उनकी शारीरिक ताकत बहुत ज्यादा होती है और वह शिकार को जकड़ लेते हैं, जिससे दम घुटने से शिकार की मौत हो जाती है। इसके बाद वह शिकार को निगल लेते हैं। अजगर की कुछ प्रजातियां जैसे रेटिकुलेटेड पायथन 10 मीटर तक लंबे हो सकते हैं और उनका वजन 75-150 किलोग्राम तक हो सकता है। हालांकि भारत में इतने लंबे अजगर कम पाए जाते हैं। यहां उनकी औसत लंबाई 3-6 मीटर होती है।
आमतौर पर अजगर हिरण, सुअर, खरगोश, और पक्षियों जैसे जानवरों को निगलकर अपनी भूख मिटाते हैं। अगर इनको लंबे समय तक शिकार ना मिले तो भी ये जीवित रह सकते हैं। अगर अजगर बड़ा है तो वह मगरमच्छ जैसे बड़े जलचर का भी शिकार कर सकता है।
हालांकि मनुष्यों के लिए ये कम ही खतरनाक होते हैं और आम तौर पर उन पर अटैक भी नहीं करते। जब उन्हें खतरा लगता है तो वह जरूर अटैक कर सकते हैं। भारत में ये ज्यादातर जंगलों, दलदली क्षेत्रों, और नदियों के पास पाए जाते हैं। वह रिहायशी इलाकों में नहीं जाते लेकिन जब बरसात का मौसम होता है तो सूखी जगह की तलाश में वह इंसानों की बस्ती में जा सकते हैं।
बाराबंकी का मामला भी कुछ ऐसा ही है। बरसात की वजह से अजगर ने सूखी जगह की तलाश की होगी और कार के इंजन में जाकर छिप गया होगा। हालांकि ये मामला चर्चा में बना हुआ है। (इनपुट: दीपक निर्भय चिराग)