1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. लखनऊ: अतिक्रमण हटाने के लिए चला बुलडोजर तो प्रदर्शनकारियों ने की पत्थरबाजी, पुलिस ने लाठी लेकर दौड़ाया

लखनऊ: अतिक्रमण हटाने के लिए चला बुलडोजर तो प्रदर्शनकारियों ने की पत्थरबाजी, पुलिस ने लाठी लेकर दौड़ाया

 Reported By: Ruchi Kumar, Edited By: Rituraj Tripathi
 Published : May 17, 2026 10:49 am IST,  Updated : May 17, 2026 06:21 pm IST

लखनऊ में अतिक्रमण हटाने के लिए आज बुलडोजर एक्शन हुआ लेकिन प्रदर्शनकारियों ने पत्थरबाजी भी की, जिसके बाद पुलिस ने लाठी लेकर भीड़ को दौड़ाया।

Bulldozer action- India TV Hindi
लखनऊ में बुलडोजर गरजा Image Source : REPORTER INPUT

लखनऊ: यूपी की राजधानी लखनऊ में डीएम ऑफिस के बाहर बुलडोजर एक्शन हुआ है। लखनऊ में पुराना हाई कोर्ट परिसर, सेशन कोर्ट, रजिस्ट्री, डीएम ऑफिस के बाहर बुलडोजर चला है। यहां 240 चेम्बर गिराए जाने हैं क्योंकि इन चेम्बरों के अतिक्रमण के खिलाफ PIL हुई थी। हाई कोर्ट के आदेश पर यहां बुलडोजर चलाया गया है। ऐसे में कई वकीलों ने सड़क पर प्रदर्शन भी किया।

मंगलवार को यहां नगर निगम ने नोटिस चस्पा कर निशान लगा दिए थे और 16 मई तक अतिक्रमण हटाने का समय दिया था। इस दौरान लाल निशान भी लगाए गए थे। 

वकीलों ने किया प्रदर्शन

स्वास्थ्य भवन चौराहे पर वकील बुलडोजर के सामने बैठ गए। यहां बुलडोजर एक चेंबर गिराने पहुंचा था और वहां अखंड रामायण का पाठ चल रहा था। वकील बुलडोजर के आगे प्रदर्शन कर रहे थे। पुलिस ने हल्का बल प्रयोग करके वकीलों को भगाया है और अब इस चेम्बर में बुलडोजर चलना शुरू हो गया है। वकीलों का आरोप है कि ब्राह्मणों पर पुलिस ने लाठी चलाई है।

लखनऊ के सेशन कोर्ट में 27 हजार वकील हैं और चेंबर बहुत कम हैं। लखनऊ के रजिस्ट्री ऑफिस के रास्ते में नाले पर कब्जा करके चेंबर बने हैं। यहां लाल निशान लगे हैं। कई वकील अपने आप कब्जा हटा रहे हैं। 

डीसीपी वेस्ट का सामने आया बयान

डीसीपी वेस्ट कमलेश दीक्षित ने बताया, "हाई कोर्ट के आदेश पर कार्रवाई की जा रही है, वकीलों को समझाया जा रहा है। हमारे पास पूरी फोर्स है।"

पत्थरबाजी हुई

जिस समय अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया जा रहा था, उसी समय पत्थरबाजी भी की गई। इसके बाद पुलिस को हल्का लाठीचार्ज भी करना पड़ा। हालांकि आज की कार्रवाई को फिलहाल रोक दिया गया है। मिली जानकारी के मुताबिक, 4 बजे फिर से बुलडोजर एक्शन शुरू होगा। 

लखनऊ पुलिस का बयान

वहीं लखनऊ पुलिस की ओर से इस संबंध में सोशल मीडिया एक्स पर एक पोस्ट के जरिए बयान जारी किया गया है। पुलिस के मुताबिक हाईकोर्ट के आदेशों के अनुपालन में नगर निगम द्वारा वजीरगंज थाना क्षेत्र में अवैध अतिक्रमण हटाने के लिए अभियान चलाया गया। शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पर्याप्त पुलिस बल मौके पर मौजूद रहा। इस दौरान कुछ अराजक तत्वों की ओर से व्यवधान उत्पन्न करने का प्रयास किया गया जिसे पुलिस ने आवश्यक बल प्रयोग करते हुए मौके से हटाया। अतिक्रमण हटाने की कार्यवाही सकुशल संपन्न कराई गई।

 

गौरतलब है कि ये पहली बार नहीं है, जब लखनऊ में अतिक्रमण हटाओ अभियान चल रहा है, इससे पहले भी तमाम लोकेशनों पर अतिक्रमण हटाया जा चुका है। तब भी मौके पर मौजूद लोगों ने नाराजगी जताई थी लेकिन इस बात पर भी गौर करना जरूरी है कि अतिक्रमण नहीं हटाया जाएगा तो आने वाले समय में अतिक्रमण की वजह से तमाम परेशानियां भी खड़ी होंगी और विकास के कार्य भी प्रभावित होंगे।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। उत्तर प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।