1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. यूपी: बरेली में 5 स्टार होटल में हुई पार्टी के दौरान मारपीट और हंगामा, बिजनेसमैन ने लड़के को छत से नीचे फेंका, CCTV सामने आया

यूपी: बरेली में 5 स्टार होटल में हुई पार्टी के दौरान मारपीट और हंगामा, बिजनेसमैन ने लड़के को छत से नीचे फेंका, CCTV सामने आया

 Written By: Rituraj Tripathi @riturajfbd
 Published : Apr 21, 2024 08:40 pm IST,  Updated : Apr 21, 2024 09:30 pm IST

यूपी के बरेली में एक 5 स्टार होटल के अंदर मारपीट और हंगामे की खबर सामने आई है। इसका सीसीटीवी भी सामने आया है, जिसमें एक शख्स मारपीट करते हुए दिख रहा है और फिर एक लड़के को छत से नीचे फेंकते हुए भी दिख रहा है।

Bareilly- India TV Hindi
बरेली में 5 स्टार होटल में हंगामा, शख्स को नीचे फेंकता बिजनेसमैन Image Source : INDIA TV

बरेली: यूपी के बरेली में एक 5 स्टार होटल में जमकर हंगामा हुआ है। यहां हुई मारपीट और हंगामे का सीसीटीवी भी सामने आया है। दरअसल 5 स्टार होटल में प्री वेडिंग पार्टी में शराब के नशे में ये बवाल शुरू हुआ, जिसमें व्यापारी पिता-पुत्र ने दूसरे व्यापारी के बेटे के साथ जमकर मारपीट की और उसे छत से नीचे फेंक दिया। 

पीड़ित लड़के की हालत गंभीर

पीड़ित लड़के को गंभीर हालत में मेडिकल कॉलेज में एडमिट कराया गया। इस पूरी मारपीट और लड़के को छत से फेंकने का वीडियो वायरल हो गया है। इस मामले में पिता-पुत्र के खिलाफ जानलेवा हमले का मुकदमा दर्ज हुआ है। मामला थाना इज्जतनगर क्षेत्र के एक 5 स्टार होटल का है।

क्या है पूरा मामला?

राजेंद्र नगर निवासी संजय अग्रवाल ने बताया कि वह और उनका बेटा सार्थक अग्रवाल दोनों दवा का व्यापार करते हैं। वह सुरक्षा फोरम के वरिष्ठ उपाध्यक्ष भी हैं। उनका बेटा सार्थक अग्रवाल हेल्थ सेक्टर में केमिकल का कारोबार करता है। सार्थक अग्रवाल अपने दोस्त और जनकपुरी के रहने वाले रिदिम अरोड़ा समेत अन्य दोस्तों के साथ होटल रेडिसन की पार्टी में गया था। यहां प्री वेडिंग पार्टी चल रही थी। इसी दौरान यहां कहासुनी हो गई। गाली-गलौज होने पर रिदिम अरोड़ा ने अपने पिता और कपड़ा व्यापारी संजीव अरोड़ा को फोन कर वहां बुलाया। 

सार्थक अग्रवाल ने संजीव अरोड़ा के पैर छुए, लेकिन इसके बावजूद मामला शांत नहीं हुआ। आरोप है कि सतीश अरोड़ा और उसके बेटे रिदिम ने सार्थक अग्रवाल के साथ मारपीट की और धक्का देकर होटल की छत के नीचे फेंक दिया। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। मामले की सूचना पर इज्जतनगर थाना पुलिस पहुंची। घायल सार्थक को मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। इंस्पेक्टर इज्जतनगर जय शंकर सिंह ने बताया कि मामले में मारपीट, जानलेवा हमले का मुकदमा दर्ज किया गया है।

सीसीटीवी ने खोले घटना के राज

होटल में मारपीट और कहासुनी की घटना सीसीटीवी में कैद हो गई। 21 अप्रैल को रात 2:39 पर कहासुनी हुई और 2:40 पर धक्का देने के बाद युवक को छत के नीचे फेंक दिया। इस मामले में होटल के मालिक मेहताब सिद्दीकी का कहना है कि उनके स्टॉफ की किसी से मारपीट नहीं हुई है। होटल में पार्टी थी। पार्टी में आए दो लोगों के बीच कहासुनी और मारपीट हुई है। होटल का इससे कोई लेना देना नहीं है।  (इनपुट: अनूप मिश्रा)

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। उत्तर प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।