1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. कानपुर में खौफनाक वारदात: सोने के ब्रेसलेट के लिए कातिल बन गया दोस्त, एक रात में खत्म कर दी 15 साल पुरानी दोस्ती

कानपुर में खौफनाक वारदात: सोने के ब्रेसलेट के लिए कातिल बन गया दोस्त, एक रात में खत्म कर दी 15 साल पुरानी दोस्ती

 Edited By: Subhash Kumar
 Published : Jun 05, 2026 08:12 pm IST,  Updated : Jun 06, 2026 05:43 pm IST

यूपी के कानपुर में एक शख्स ने सोने के ब्रेसलेट के लिए अपने खास दोस्त की हत्या कर दी। शख्स ने एक रात में ही 15 साल पुरानी दोस्ती को खत्म कर दिया। आरोपी ने हत्या से पहले 15 दिन तक रची साजिश रची थी।

kanpur man killed his friend for gold bracelet- India TV Hindi
15 साल पुराने दोस्त की हत्या करने वाला आरोपी गिरफ्तार। Image Source : REPORTER

उत्तर प्रदेश के कानपुर जिले में हत्या का हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। कानपुर के नवाबगंज थाना क्षेत्र में हुए चर्चित कोचिंग संचालक हत्याकांड का पुलिस ने महज चार दिनों में खुलासा करते हुए एक सनसनीखेज साजिश का पर्दाफाश किया है। इस मामले में सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि हत्या किसी दुश्मन ने नहीं, बल्कि मृतक के 15 साल पुराने करीबी दोस्त ने की थी। पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी ने सिर्फ सोने के ब्रेसलेट और अन्य कीमती सामान हड़पने के लिए अपने मित्र की हत्या की पूरी योजना बनाई थी।

क्या है पूरा मामला?

पुलिस के मुताबिक, मृतक प्रकाश चंद्र गुप्ता नवाबगंज क्षेत्र में कोचिंग संस्थान का संचालन करते थे। बीती 31 मई की रात उनकी संदिग्ध परिस्थितियों में हत्या कर दी गई थी। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया था और पुलिस के सामने यह एक ब्लाइंड मर्डर केस बनकर उभरा था। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस कमिश्नरेट की कई विशेष टीमों को जांच में लगाया गया। जांच के दौरान जो तथ्य सामने आए, उन्होंने सभी को हैरान कर दिया। पुलिस के अनुसार आरोपी मोहित द्विवेदी मृतक का करीब 15 साल पुराना मित्र था। उसने लगभग 15 दिन पहले ही हत्या की साजिश रचनी शुरू कर दी थी।

कैसे की गई हत्या?

आरोपी ने वारदात को अंजाम देने से पहले इलाके की रेकी की, CCTV कैमरों की लोकेशन का अध्ययन किया और पुलिस को भ्रमित करने के लिए महिला का भेष धारण करने की योजना बनाई। इसके लिए उसने बुर्का, महिला चप्पल, दस्ताने और अन्य सामान खरीदा। 31 मई की रात वह IPL फाइनल मैच देखने के बहाने कोचिंग संस्थान में ही रुक गया। देर रात जब प्रकाश चंद्र गुप्ता अकेले थे, तब आरोपी ने मौके का फायदा उठाकर उनकी हत्या कर दी। हत्या के बाद उसने मृतक के सोने के ब्रेसलेट और अन्य सामान पर हाथ साफ किया और फरार हो गया।

500 से अधिक CCTV चेक हुए

पुलिस को गुमराह करने के लिए आरोपी ने वारदात के बाद अलग-अलग रास्तों और ऑटो का इस्तेमाल किया, ताकि जांच की दिशा किसी महिला की ओर मुड़ जाए। लेकिन पुलिस टीमों ने हार नहीं मानी। जांच के दौरान घटनास्थल और आसपास के क्षेत्रों में लगे 500 से अधिक CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली गई। तकनीकी साक्ष्यों, सर्विलांस और लगातार की गई पूछताछ के आधार पर पुलिस आरोपी तक पहुंचने में सफल रही।

आरोपी ने अपराध स्वीकार किया

पूछताछ में आरोपी मोहित द्विवेदी ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया। पुलिस ने उसके कब्जे से लूटा गया सामान भी बरामद कर लिया है। अधिकारियों का कहना है कि यह एक सुनियोजित हत्या थी, जिसकी तैयारी कई दिनों से की जा रही थी। फिलहाल आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेजने की कार्रवाई की जा रही है और मामले में आगे की विधिक प्रक्रिया जारी है। (रिपोर्ट: अनुराग श्रीवास्तव)

ये भी पढ़ें- करंट का ऐसा कहर...: मां को बचाने दौड़े बेटे और पिता की दर्दनाक मौत, चीख-पुकार से गूंज उठा पूरा गांव

लव जिहाद के खुलासे के विरोध पर पति सादिक ने युवती को पीट-पीटकर किया बेहोश, सड़क किनारे लावारिस छोड़ा

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। उत्तर प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।