1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. करंट का ऐसा कहर...: मां को बचाने दौड़े बेटे और पिता की दर्दनाक मौत, चीख-पुकार से गूंज उठा पूरा गांव

करंट का ऐसा कहर...: मां को बचाने दौड़े बेटे और पिता की दर्दनाक मौत, चीख-पुकार से गूंज उठा पूरा गांव

 Edited By: Subhash Kumar
 Published : Jun 04, 2026 09:07 pm IST,  Updated : Jun 04, 2026 10:32 pm IST

उत्तर प्रदेश के मऊ जिले में हृदयविदारक घटना ने पूरे क्षेत्र में सनसनी फैला दी है। घर में लगे टुल्लू पंप में करंट आने के कारण महिला इसकी चपेट में आ गई। महिला को बचाने दौड़े उसके पति और जवान बेटे की मौत हो गई है।

up mau father son current death- India TV Hindi
मऊ में करंट लगने से पिता-पुत्र की मौत। Image Source : REPORTER

उत्तर प्रदेश के मऊ जनपद में करंट का भयानक कहर देखने को मिला है। जिले के मधुबन तहसील क्षेत्र स्थित प्यारेपुर मिश्र गांव में गुरुवार के दिन एक दर्दनाक हादसे ने पूरे इलाके को गमगीन कर दिया। टुल्लू पंप (वाटर मोटर) में उतरे करंट की चपेट में आकर पिता-पुत्र की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि परिवार की महिला सदस्य मीना देवी बुरी तरह से झुलस गईं। पत्नी को बचाने की कोशिश में पति और फिर माता-पिता को बचाने पहुंचे जवान बेटे की मौत ने पूरे गांव को स्तब्ध कर दिया। इस हृदयविदारक घटना के बाद गांव में मातम पसरा हुआ है।

क्या है पूरा मामला?

मऊ के प्यारेपुर मिश्र गांव में ये दिल दहला देने वाली घटना गुरुवार को सुबह-सुबह घटी। घर में लगे टुल्लू पंप में उतरे विद्युत करंट की चपेट में आने से पिता देवेंद्र मिश्र और पुत्र नीरज मिश्र की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि मीना देवी झुलस गईं हैं और उनकी हालत फिलहाल खतरे से बाहर बताई जा रही है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, महिला के मुंह से निकली चीख सुनकर परिवार के लोग दौड़े थे, लेकिन कुछ ही क्षणों में यह हादसा दो जिंदगियां लील गया। खुशियों से भरा परिवार देखते ही देखते मातम में बदल गया।

पुलिस भर्ती परीक्षा देने आया था नीरज

ग्रामीणों ने बताया कि नीरज मिश्र पुलिस भर्ती की तैयारी कर रहा था। वह महाराष्ट्र के चंद्रपुर जिले में रहकर प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी कर रहा था। वह इन दिनों घर आया हुआ था और आगामी 8 जून को चंदौली में आयोजित पुलिस भर्ती परीक्षा में शामिल होने वाला था। परिवार और गांव के लोगों को उनसे काफी उम्मीदें थीं, लेकिन नियति को कुछ और ही मंजूर था। घटना की सूचना मिलते ही गांव में चीख-पुकार मच गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, जबकि पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। जिसने भी इस दर्दनाक हादसे के बारे में सुना, वह स्तब्ध रह गया।

पुलिस ने क्या बताया?

इस घटना के बारे में अपर पुलिस अधीक्षक अनूप कुमार ने बताया कि "प्यारेपुर गांव एक बड़ी दुखद घटना में निवासी देवेंद्र मिश्र (48 वर्ष) और उनके पुत्र नीरज मिश्र (26 वर्ष) की करंट लगने से मौके पर ही मौत हो गई। बताया जा रहा है कि घर में लगे टुल्लू पंप में अचानक विद्युत करंट प्रवाहित हो गया था। इसी दौरान परिवार की मीना देवी (45 वर्ष) उसकी चपेट में आ गईं। उन्हें बचाने के लिए सबसे पहले पति देवेंद्र मिश्र दौड़े और पत्नी को छुड़ाने का प्रयास करने लगे, लेकिन वह स्वयं करंट की गिरफ्त में आ गए। पिता और मां को करंट से तड़पता देख बेटे नीरज भी उसे बचाने पहुंचे, किंतु वह भी करंट की चपेट में आ गए। देखते ही देखते पिता और पुत्र दोनों ने दम तोड़ दिया।"

शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया

हादसे की सूचना मिलने पर थानाध्यक्ष सुनील कुमार सरोज एवं ढढ़वल चौकी प्रभारी अशोक तिवारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया तथा मामले की जांच शुरू कर दी है। यह हादसा केवल दो जिंदगियों के समाप्त होने की कहानी नहीं, बल्कि एक परिवार के सपनों के बिखर जाने की मार्मिक दास्तान बन गया है। (रिपोर्ट: राकेश कुमार सिंह)

ये भी पढ़ें- बागपत में चाय बनाते समय सिलेंडर में आग, 4 साल के मासूम की मौत; दादा-दादी समेत 4 झुलसे

यूपी: गाजीपुर में होटल कारोबारी विनीत राय हत्याकांड में नामजद आरोपी एनकाउंटर में ढेर, SOG प्रभारी को भी गोली लगी

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। उत्तर प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।