1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. लखनऊ में लगी भीषण आग, Video देखकर दिल दहल जाएगा, फायर ब्रिगेड की गाड़ियां मौके पर

लखनऊ में लगी भीषण आग, Video देखकर दिल दहल जाएगा, फायर ब्रिगेड की गाड़ियां मौके पर

 Reported By: Ruchi Kumar Edited By: Subhash Kumar
 Published : Apr 15, 2026 06:56 pm IST,  Updated : Apr 15, 2026 11:53 pm IST

लखनऊ के विकासनगर में भयंकर आग लगने की खबर सामने आ रही है। आग की लपटें और धुएं का गुबार इतना भयानक था कि लोगों में दहशत फैल गई। सीएम योगी ने भी इस घटना का संज्ञान लिया है।

UP Lucknow vikas nagar fire- India TV Hindi
लखनऊ के विकास नगर में लगी आग। Image Source : REPORTER

भारत के विभिन्न क्षेत्रों में गर्मी का मौसम शुरू होते ही आग लगने का सिलसिला शुरू हो गया है। इसी क्रम में उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में बुधवार को भीषण आग लगने का डरा देने वाला वीडियो सामने आया है। सामने आई जानकारी के मुताबिक, भीषण आग लगने की ये घटना लखनऊ के विकास नगर थाना क्षेत्र में हुई है। यहां इलाके के झुग्गी-झोपड़ियों में भीषण आग लग गई जिसका वीडियो भी सामने आया है। आग का विकराल रूप देखकर इलाके में हड़कंप मच गया।

फायर ब्रिगेड की गाड़ियां मौके पर 

विकास नगर क्षेत्र के झुग्गी-झोपड़ियों में लगी भीषण आग की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की आधा दर्जन गाड़ियां मौके पर पहुंची हैं। जानकारी के अनुसार, फायर विभाग के जवान आग पर काबू करने का प्रयास कर रहे हैं। इसके साथ ही मौके पर स्थानीय पुलिस भी पहुंच कर आग बुझाने में जुटी हुई है।

कितना नुकसान हुआ?

PTI के अनुसार, आग लगने की इस घटना को लेकर पुलिस आयुक्त अमरेंद्र के सिंह ने बताया है कि आग को फैलने से रोक लिया गया है। इसे जल्द ही पूरी तरह बुझा दिया जाएगा। पुलिस आयुक्त ने बताया है कि अनुमान के मुताबिक, इस घटना में अब तक 200 झुग्गियां प्रभावित हुई हैं। नुकसान का आकलन किया जा रहा है। अधिकारियों के अनुसार, इस हादसे को लेकर प्रारंभिक आकलन में किसी के हताहत होने या गंभीर रूप से घायल होने की सूचना नहीं है। 

सीएम योगी ने लिया संज्ञान

लखनऊ में आग पर काबू पाने की कोशिशें जारी हैं। ऊंची-ऊंची लपटों से आसपास के इलाके में दहशत है। पूरा आसमान धुएं के गुबार से भर गया है। लखनऊ के विकास नगर में लगी भीषण आग की घटना का संज्ञान उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी लिया है। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को तत्काल मौके पर पहुंच कर राहत कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं।

घायलों को अस्पताल पहुंचा रहे हैं- डिप्टी सीएम

लखनऊ के विकास नगर इलाके की झुग्गी-झोपड़ियों में लगी भीषण आग को बुझाने के लिए दमकल विभाग का अभियान लगातार जारी है। इस घटना को लेकर उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक ने कहा- “यह भीषण आग है। 20 से अधिक दमकल गाड़ियां मौके पर मौजूद हैं। दमकल अधिकारी भी मौजूद हैं। मुख्य चिकित्सा अधिकारी भी उपस्थित हैं। एम्बुलेंस भी बुला ली गई हैं। हम घायलों को अस्पताल पहुंचा रहे हैं और उन्हें सबसे बेहतर इलाज उपलब्ध करा रहे हैं। हमारी प्राथमिकता लोगों को बचाना और यह सुनिश्चित करना है कि कोई हताहत न हो। आग लगने के कारण की जांच के निर्देश दे दिए गए हैं।”

ये भी पढ़ें- नोएडा में ‘मिसइन्फॉर्मेशन’ से भड़की हिंसा, उच्चस्तरीय कमेटी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में दी जानकारी

यूपी में बढ़ी श्रमिकों की सैलरी, 3000 रुपये तक बढ़ाए गए वेतन, नोएडा में प्रदर्शन के बीच योगी सरकार का बड़ा फैसला

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। उत्तर प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।