उत्तर प्रदेश के नोएडा से हादसे की हैरान कर देने वाली वारदात सामने आई है। यहां गहरे पानी मे डूबने के कारण एक छात्र की मौत हो गई है। जिस छात्र की डूबकर मौत हुई है वह एमिटी यूनिवर्सिटी का छात्र था। सामने आई जानकारी के मुताबिक, परीक्षा खत्म होने के बाद आज चार दोस्त पार्टी करने के लिए गए थे। तभी एक छात्र गहरे पानी में उतर गया और डूबने लगा। दोस्त को बचाने के लिए तीनों दोस्त पानी मे उतर गए। हालांकि, छात्र को नहीं बचाया जा सका।
छात्र अस्पताल में मृत घोषित
छात्र के गहरे पानी में डूबने की घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस, फायर ब्रिगेड, SDRF और NDRF की टीम पहुंची। जिसके बाद सभी छात्रों को रेस्क्यू किया गया। हालांकि, इनमें से एक छात्र को अस्पताल में मृत घोषित कर दिया गया है। बाकी के छात्रों की हालत सामान्य बताई जा रही है।
पुलिस ने क्या बताया?
नोएडा में हुई इस दर्दनाक हादसे पर पुलिस ने बताया- "आज दिनांक 08.04.2026 को थाना सेक्टर-126 क्षेत्र के अंतर्गत एक निजी यूनिवर्सिटी के चार छात्र परीक्षा समाप्त होने के उपरांत सुपरनोवा के पास स्थित एक खाली पड़े पुराने निर्माण स्थल पर पार्टी/पिकनिक करने गए थे, जहां पर पार्टी के दौरान एक छात्र हर्षित भट्ट निवासी इंदिरापुरम, गाजियाबाद पास में भरे हुए पानी में नहाने के लिए उतर गया। नहाने के दौरान वह अचानक पानी में डूब गया।"
पुलिस ने आगे कहा- "उक्त घटना की सूचना छात्र के साथी द्वारा डॉयल-112 पर दी गई जिसकी सूचना प्राप्त होते ही तत्काल पीआरवी कर्मी व थाना सेक्टर-126 पुलिस स्थानीय गोताखोरो की व्यवस्था करते हुए मौके पर पहुंची तथा हर्षित भट्ट को पानी से बाहर निकाला गया तथा उसे उपचार हेतु तत्काल अस्पताल ले जाया गया जहां डॉक्टर द्वारा उसे मृत घोषित कर दिया गया। उक्त छात्र को बचाने के प्रयास में पानी में उतरे उसके साथियों का भी सकुशल 'रेस्क्यू' किया गया है। जिनकी स्थिति सामान्य है। घटना के सम्बन्ध में सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। अन्य विधिक कार्यवाही प्रचलित है।"