1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. लोकसभा चुनावों में स्वामी प्रसाद मौर्या देंगे किसका साथ? किया ये बड़ा ऐलान

लोकसभा चुनावों में स्वामी प्रसाद मौर्या देंगे किसका साथ? किया ये बड़ा ऐलान

 Reported By: Ruchi Kumar Written By: Sudhanshu Gaur
 Published : Mar 03, 2024 06:38 pm IST,  Updated : Mar 03, 2024 06:38 pm IST

राष्ट्रीय शोषित समाज पार्टी के गठन के बाद स्वामी प्रसाद मौर्या ने कहा कि वह लोकसभा चुनावों में इंडिया गठबंधन के साथ खड़े हैं। इसके साथ ही वह इन चुनावों में गठबंधन के प्रत्याशियों के लिए प्रचार भी करेंगे।

Uttar Pradesh, Swami Prasad Maurya- India TV Hindi
स्वामी प्रसाद मौर्या Image Source : FILE

लखनऊ: लोकसभा चुनाव का समय नजदीक आ चुका है। पार्टियों ने अपने किले मजबूत करना शुरू कर दिए हैं। गठबंधन हो रहे हैं। इसी बीच उत्तर प्रदेश में पिछले दिनों समाजवादी पार्टी को झटका उस समय लगा जब उनके महासचिव स्वामी प्रसाद मौर्य पार्टी छोड़ गए। इस दौरान उन्होंने कई तरह के आरोप भी लगाए। इसके बाद राज्यसभा चुनावों में भी पार्टी के कई विधायकों ने दगा दे दिया। इसका परिणाम यह हुआ कि पार्टी का एक उम्मीदवार चुनाव हार गया।

चुनावों में इंडिया गठबंधन का साथ देंगे स्वामी प्रसाद 

ख़ैर, अब स्वामी प्रसाद ने आगामी लोकसभा चुनावों को लेकर एक बड़ा ऐलान किया है। उन्होंने आज लखनऊ में कहा कि लोकसभा चुनाव 2024 उनकी राष्ट्रीय शोषित समाज पार्टी इंडिया गठबंधन का साथ देगी। उन्होंने कहा कि हमने इंडिया गठबंधन को बिना किसी शर्त समर्थन देने का फैसल किया है। उन्होंने कहा कि हमें देश, समाज और कानून को बचाने के लिए 2024 में सत्ता परिवर्तन करना होगा।

'बसपा में वापस जाने का सवाल ही नहीं'

वहीं बसपा में दोबारा जाने के सवाल पर स्वामी प्रसाद ने कहा कि इसका कोई सवाल ही पैदा नहीं होता। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि मेरा अखिलेश यादव से कोई बैर नहीं है। मैं उनका पहले भी सम्मान करता था और आगे भी करता रहूंगा। लेकिन सपा में अब मेरी वापसी संभव नहीं है। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि अगर मुझसे इंडिया गठबंधन के उम्मीदवार के प्रचार के लिए कहा जाएगा तो मैं यह करूंगा। मैं चाहता हूं कि 2024 के चुनावों में इंडिया गठबंधन जीते और दिल्ली में सरकार बनाए।

'देश का लोकतंत्र और संविधान खतरे में है'

उन्होंने कहा कि बीजेपी की नजर में अडानी-अंबानी गरीब हैं और इसीलिए उनकी मेहरबानी उन लोगों के ऊपर है। ये लोग गरीबों की ओर देखना भी पसंद नहीं करते लेकिन चुनाव के समय इन्हें यह नजर आने लगते हैं। आज देश, संविधान और लोकतंत्र खतरे में है और हमें इसे बचाना है। इसके साथ ही राज्यसभा चुनावों में सपा विधायकों की क्रॉस वोटिंग पर उन्होंने कहा कि पार्टी को जिस पर सबसे ज्यादा मान और भरोसा था, उन्होंने ने ही पार्टी को धोखा दिया। मैं ये बात पहले से कहता आ रहा हूं और मेरी बात सच साबित भी हुई।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। उत्तर प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।