Sunday, February 22, 2026
Advertisement
  1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. VIDEO: होली और जुमे की नमाज एक ही दिन, चप्पे चप्पे पर पुलिस, संभल में ढकी गईंं 10 मस्जिदें

VIDEO: होली और जुमे की नमाज एक ही दिन, चप्पे चप्पे पर पुलिस, संभल में ढकी गईंं 10 मस्जिदें

Edited By: Kajal Kumari @lallkajal Published : Mar 12, 2025 06:27 pm IST, Updated : Mar 12, 2025 07:07 pm IST

होली और जुमे की नमाज एक ही दिन होगी, इसे लेकर यूपी के कई जिलों में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। वहीं, संभल में कई मस्जिदों को ढक दिया गया है। जानें पूरी अपडेट...

संभल में ढकी गईं मस्जिदें, सुरक्षा कड़ी- India TV Hindi
संभल में ढकी गईं मस्जिदें, सुरक्षा कड़ी

होली शुक्रवार को है और रमजान के जुमे की नमाज भी उसी दिन है। इसे लेकर यूपी के कई जिलों में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है। संभल में होली पर मस्जिदों को ढंका जा रहा है। होली के जुलूस मार्ग पर पड़ने वाली सभी 10 मस्जिदों को तिरपाल से ढक दिया गया है। इसमें जामा मस्जिद भी शामिल है। मस्जिद को ढकने के समय संभल एएसपी खुद मौके पर मौजूद रहे। संभल में होली का जुलूस और जुमे की नमाज़ शांतिपूर्ण तरीके से हो जाय इसके लिए प्रशासन ने दोनों पक्षों से बात की और ये तय हुआ कि होली का जुलूस जिस भी मस्जिद के सामने से गुजरेगा उस मस्जिद में नमाज जुलूस आने से आधे घंटे पहले ही पूरी कर ली जाएगी।

देखें वीडियो

बैठक मे दोनों पक्ष इस बात पर सहमत हुए हैं कि जुलूस के समय मस्जिद में भीड़ न मौजूद हो। साथ ही मस्जिद के सामने से जिस वक्त जुलूस गुजरे उस वक्त मस्जिद प्रशासन से जुड़े कुछ लोग वहां मौजूद रहें, जिससे कोई गड़बड़ी ना हो। सभी मस्जिद प्रशासन से कहा गया है कि ऐसे लोगों के नाम पहले से ही लिखित रूप से पुलिस को दे दें।

संभल के खग्गु सराय इलाके के लधनियों वाला मस्जिद को ढक दिया गया है। यह मस्जिद भी होली के जुलूस के रूट पर है। मस्जिद प्रशासन ने खुद  ही मस्जिद को ढक दिया है। 2022 में इस मस्जिद पर रंग डाल दी गयी थी। तब से ही इस मस्जिद को होली के लिए ढक दिया जाता है। 

नोएडा में पुलिस अलर्ट पर

होली और जुम्मे की नमाज़ एक ही दिन होने की वजह से नोएडा पुलिस अलर्ट पर है । शांति पूर्ण तरीके से होली भी हो और नमाज़ भी पढ़ी जाए, इसकी तैयारी की जा रही है। शांति समिति की बैठक में जुमे की नमाज़ का समय आगे बढ़ाया गया है तो वहीं होली को भी थोड़ा पहले खत्म करने की अपील की गई है। वहीं नोएडा में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती भी की गई है। बुधवार को नोएडा पुलिस ने फ्लैग मार्च किया। इस फ्लैग मार्च में डॉग स्क्वायड की टीम को भी शामिल किया गया था। वहीं लोगों से त्योहार को शान्ति से मनाने की अपील की गई । 

उन्नाव में नमाज का समय एक घंटा आगे बढ़ा

उन्नाव में होली और जुमे की नमाज एक ही दिन पड़ने के कारण शहर काजी मौलाना निसार अहमद मिस्बाही ने नमाज के समय में बदलाव किया है। जुमे की नमाज का समय एक घंटा आगे बढ़ाकर दोपहर 2 बजे कर दिया गया है। शहर काजी ने एक वीडियो संदेश जारी कर सभी मुस्लिम भाइयों से सामाजिक सौहार्द बनाए रखने की अपील की है। उन्होंने कहा कि भारत गंगा-जमुनी तहजीब के लिए जाना जाता है। सभी धर्मों के लोग मिलजुल कर त्योहार मनाते हैं। 

बता दे कि मौलाना मिस्बाही ने मुस्लिम समाज से प्रशासन का सहयोग करने और अफवाहों पर ध्यान न देने का आग्रह किया है। उन्होंने युवाओं से संयम और शांति बनाए रखने की विशेष अपील की है। जिला प्रशासन ने होली के मद्देनजर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं। संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस ने सभी समुदायों से शांति बनाए रखने की अपील की है।

Google पर इंडिया टीवी को अपना पसंदीदा न्यूज सोर्स बनाने के लिए यहां
क्लिक करें

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। उत्तर प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।

Advertisement
Advertisement
Advertisement