1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. बड़ी खबर! वृंदावन के बांके बिहारी मंदिर में VIP दर्शन का सिस्टम बंद, खोला जाएगा सालों से बंद कमरा; यहां जानें पूरी डिटेल

बड़ी खबर! वृंदावन के बांके बिहारी मंदिर में VIP दर्शन का सिस्टम बंद, खोला जाएगा सालों से बंद कमरा; यहां जानें पूरी डिटेल

 Edited By: Amar Deep
 Published : Sep 12, 2025 04:24 pm IST,  Updated : Sep 15, 2025 12:14 pm IST

वृंदावन के बांके बिहारी मंदिर में अब वीआईपी दर्शन की व्यवस्था को बंद करने का फैसला लिया गया है। इसके अलावा कई अन्य फैसले लिए गए हैं। आइये इस बारे में विस्तार से जानते हैं।

बांके बिहारी मंदिर में VIP दर्शन का सिस्टम बंद।- India TV Hindi
बांके बिहारी मंदिर में VIP दर्शन का सिस्टम बंद। Image Source : PTI/FILE

मथुरा: यूपी के मथुरा जिले में स्थित श्री बांके बिहारी मंदिर में देशभर से श्रद्धालु दर्शन-पूजन के लिए आते हैं। हालांकि अब मंदिर की उच्चाधिकार प्राप्त प्रबंधन समिति ने अब दर्शन को लेकर बड़ा फैसला लिया है। समिति ने शुक्रवार को मंदिर में दर्शन के लिए वीआईपी पास तत्काल प्रभाव से बंद करने की घोषणा की है। इसके साथ ही दर्शन के लिए सीधा प्रसारण शुरू करने सहित कई बड़े फैसले लिए गए। सुप्रीम कोर्ट के निर्देश पर गठित उच्चाधिकारप्राप्त समिति ने गुरुवार शाम को एक बैठक में मंदिर में दर्शन एवं सुरक्षा व्यवस्था में सुधार लाने का एक बड़ा प्रयास किया है। 

हटाया जाएगा वीआईपी कटघरा

जिला सूचना अधिकारी द्वारा शुक्रवार को इस संबंध में एक विज्ञप्ति जारी की गई। इसके मुताबिक मंदिर में पर्ची कटाकर वीआईपी के तौर पर दर्शन करने की व्यवस्था अब समाप्त कर दी गई है। इसके लिए वीआईपी कटघरा भी हटा दिया जाएगा। इसमें आगे बताया गया कि अब हर व्यक्ति को लाइन में लगकर अपनी बारी का इंतजार करना होगा, जिससे मंदिर प्रशासन पर भेदभाव का आरोप नहीं लगेगा और दर्शनार्थियों में अनावश्यक धक्का-मुक्की भी नहीं होगी। 

प्रवेश और निकास द्वार होगा तय

विज्ञप्ति के मुताबिक, एसएसपी अगले तीन दिनों में यह तय कर देंगे कि किस-किस द्वार से प्रवेश होगा और किस-किस द्वार से निकासी की जा सकेगी। इसके अलावा अब मंदिर की सुरक्षा की जिम्मेदारी पुलिस अथवा निजी गार्डों के स्थान पर पूर्व सैनिकों अथवा प्रोफेशनल सुरक्षा एजेंसियों को सौंपी जाएगी। विज्ञप्ति में बताया गया कि अब दर्शन के लिए मंदिर पहले से ज्यादा समय तक खुला रहेगा और यही नहीं दर्शनार्थियों को दुनिया के किसी भी कोने से ठाकुर जी के दर्शन प्राप्त करने की सुविधा भी जल्द ही शुरू की जाएगी। विज्ञप्ति के मुताबिक, गर्मियों में मंदिर तीन घंटे और सर्दियों के दिनों में पौने तीन घंटे अधिक समय के लिए खुलेगा। 

खोला जाएगा वर्षों से बंद कमरा

समिति ने यह भी तय किया कि मंदिर के भवन का आईआईटी रुड़की से संरचनात्मक ऑडिट कराया जाए और यह भी पता लगाया जाए कि मंदिर के पास कुल कितनी चल-अचल संपत्ति है। समिति ने विशेष तौर पर वर्ष 2013 से 2016 तक के समय की अनियमितताओं की जांच के लिए विशेष ऑडिट कराने और 15 दिनों के भीतर रिपोर्ट समिति के समक्ष रखी जाए। समिति ने मंदिर के गर्भगृह में वर्षों से बंद कमरे को खोलने का निर्णय लिया है। विज्ञप्ति के मुताबिक, इसके साथ ही वीडियोग्राफी भी कराई जाएगी ताकि यह रिकॉर्ड किया जा सके कि कमरे में क्या-क्या है। (इनपुट- पीटीआई)

यह भी पढ़ें- 

पटाखों पर बैन को लेकर सुप्रीम कोर्ट की बड़ी टिप्पणी, कहा- 'अगर प्रतिबंध लगाना है तो...'

खुद को इंजेक्शन लगाकर काट लिया प्राइवेट पार्ट, UPSC एस्पिरेंट ने उठाया खौफनाक कदम; कहा- 'लड़की बनना चाहता हूं'

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। उत्तर प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।