यूपी की राजधानी लखनऊ में सोमवार की दोपहर एक दर्दनाक हादसा हो गया। यहां एक कोचिंग सेंटर में आग लगने से 15 लोगों की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि यह आंकड़ा और अधिक बढ़ भी सकता है। फिलहाल अभी भी मौके पर रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है। आग पर काबू पाने का काम किया जा रहा है। मौके पर मौजूद लोगों ने घटना के बारे में क्या कहा है, आइये जानते हैं।
क्या बोले चश्मदीद
एक चश्मदीद गवाह अमन ने कहा, "यहां एक लाइब्रेरी या कंप्यूटर कोर्स का संस्थान है। जब हम यहां पहुंचे, तो हमने इमारत से धुआं निकलते देखा। हमने 5-6 लोगों को बचाया। आग लगने के बाद, एक व्यक्ति इमारत से कूद गया और वह गंभीर रूप से घायल हो गया। अभी भी कुछ लोग अंदर फंसे हुए हैं।"
ग्राउंड रिपोर्ट
हादसे से जुड़ी ग्राउंड रिपोर्ट के लिए इंडिया टीवी की टीम लगातार घटनास्थल से जुड़ी हुई है। संवाददाता विशाल प्रताप सिंह ने मौके पर पहुंचकर घटना से जुड़ी हर अपडेट दी। उन्होंने बताया कि एक व्यक्ति के बेटे ने उन्हें 2 बजकर 36 मिनट पर उन्हें कॉल किया कि पापा मैं अंदर फंस गया हूं, बिल्डिंग में आग लग गई है। आप जल्दी से पुलिस को बोल दो, फायर विभाग को बोल दो ताकि मुझे नीचे लेकर जाया जा सके, मेरी जान बचाई जा सके।
संवाददाता विशाल प्रताप सिंह ने कहा कि घटना के समय बिल्डिंग के अंदर 25-30 लोग फंसे हुए थे। बिल्डिंग के ग्राउंड फ्लोर और फर्स्ट फ्लोर पर पेट क्लिनिक है, सेकेंड फ्लोर पर गेमिंग जोन की कोडिंग होती थी। यहां पर लोग काम करने के लिए आते थे। जिनसे हमारी बात हुई, उनके बेटे यहां पर चार साल से काम कर रहे थे। अभी भी एसडीआरएफ और एनडीआरएफ के लोग बचाव का कार्य कर रहे हैं।
15 लोगों के मौत की पुष्टि
KGMU के ट्रॉमा सेंटर के मेडिकल सुपरिटेंडेंट डॉ. अमिया अग्रवाल ने कहा, "यहां 21-22 बच्चों को लाया गया है, जिनमें से पांच घायल हैं और उन्हें भर्ती कर लिया गया है। जो दो बच्चे कूदे थे, उनकी पीठ में चोटें आई हैं; उनका CT स्कैन किया गया है और इलाज चल रहा है। 15 बच्चों को मृत अवस्था में लाया गया था, जिन्हें पोस्टमार्टम के लिए मॉर्चरी भेजा जाएगा; पांच को भेज दिया गया है और बाकी 10 को भेजने की प्रक्रिया चल रही है।"
यह भी पढ़ें-
VIDEO: कोचिंग सेंटर में आग लगते ही बिल्डिंग से कूदने लगे छात्र, जान बचाने के लिए लगाई छलांग