1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. Lucknow Coaching Fire: लखनऊ के कोचिंग सेंटर में लगी आग में 15 की मौत, 4 आरोपी गिरफ्तार, घायलों से मिले CM योगी

Lucknow Coaching Fire: लखनऊ के कोचिंग सेंटर में लगी आग में 15 की मौत, 4 आरोपी गिरफ्तार, घायलों से मिले CM योगी

 Updated : Jun 23, 2026 12:00 am IST

Lucknow Coaching Fire: यूपी की राजधानी लखनऊ में सोमवार को एक कोचिंग सेंटर में भीषण आग लग गई है। आग लगने की इस घटना में अब तक 15 लोगों की मौत हुई है। पीएम मोदी और सीएम योगी ने इस हादसे पर दुख जताया है।

Lucknow Coaching Fire Live- India TV Hindi
लखनऊ में कोचिंग में लगी आग। Image Source : REPORTER/PTI

Lucknow Coaching Fire Live: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के अलीगंज इलाके में स्थित एक कोचिंग सेंटर में सोमवार को भीषण आग लग गई। इस हादसे में अब तक 15 लोगों की मौत की खबर सामने आ रही है। वहीं, घटना में 9 लोग घायल भी हैं जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जानकारी के मुताबिक, ये कोचिंग दुकान के ऊपर चल रही थी। जब आग लगी तो कई छात्रों ने बिल्डिंग से कूदकर अपनी जान बचाई। कोचिंग सेंटर में आग लगने की खबर मिलते ही प्रशासन और दमकल की टीम मौके पर पहुंची और आग बुझाने का काम किया। इस हादसे को लेकर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णण, पीएम मोदी, सीएम योगी, राहुल गांधी, अखिलेश यादव समेत तमाम नेताओं ने दुख जताया है।।

प्रधानमंत्री मोदी ने दुख जताया

लखनऊ अग्निकांड पर प्रधानमंत्री मोदी ने दुख जताया है। पीएम मोदी ने मृतकों के परिवार के प्रति संवेदनाएं व्यक्त की है। साथ ही पीएम ने मृतकों के परिवार के लिए मुआवजे का ऐलान भी किया है। पीएम मोदी ने मृतकों के परिवार के लिए 2-2 लाख रुपये के मुआवजे का ऐलान किया है। दूसरी ओर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अपने सारे दौरों को रद्द कर लखनऊ लौट आए हैं। उन्होंने घटनास्थल का दौरा किया है और हॉस्पिटल में घायलों से मुलाकात की है।

उत्तर प्रदेश के CM योगी आदित्यनाथ ने लखनऊ में हुई घटना की रिपोर्ट तलब की है। सीएम योगी ने राज्य के DGP और अपर मुख्य सचिव से रिपोर्ट मांगी है और घटना की उच्च स्तरीय जांच का आदेश दिया है। इसके साथ ही कई लोगों को सस्पेंड भी किया गया है। पुलिस ने अग्निकांड के मामले में 4 लोगों को गिरफ्तार किया है। बता दें कि सीएम योगी ने इस घटना के बाद अपने सभी दौरे रद्द कर दिए हैं और लखनऊ आ गए हैं। आइए जानते हैं इस हादसे से जुड़ी हर अपडेट हमारे इस Live Blog में...

Lucknow Coaching Fire Live:

Auto Refresh
Refresh
  • 11:54 PM (IST)
    Posted by Subhash Kumar

    चौथा अभियुक्त भी गिरफ्तार

    लखनऊ के अलीगंज में अग्निकांड के प्रकरण में चौथे अभियुक्त- सुरेश कुमार शाहू (पुत्र- राम अभिलाष, निवासी 837B/5/123A, केशवनगर, थाना मड़ियांव) को भी गिरफ्तार किया गया है।

     

  • 11:37 PM (IST)
    Posted by Subhash Kumar

    CM योगी ने की घायलों से मुलाकात

    सीएम योगी ने लखनऊ में दुर्घटना स्थल का निरीक्षण किया और घायलों से मुलाकात की। सीएम योगी ने बताया- "लखनऊ में अग्नि दुर्घटना स्थल का निरीक्षण किया एवं किंग जॉर्ज चिकित्सा विश्वविद्यालय पहुंचकर इस दुर्भाग्यपूर्ण हादसे में घायल हुए लोगों एवं उनके परिजनों से भेंट कर उनका कुशल-क्षेम जाना व चिकित्सकों से घायलों के उपचार के संबंध में जानकारी प्राप्त की। सभी घायलों का समुचित उपचार कुशल चिकित्सकों के नेतृत्व में शीर्ष प्राथमिकता पर किया जा रहा है। इस हृदय विदारक दुर्घटना में अपनों को खोने वाले परिवारों का दुःख शब्दों में व्यक्त नहीं हो सकता। यूपी सरकार सभी पीड़ित परिवारों के साथ पूरी संवेदनशीलता एवं प्रतिबद्धता के साथ खड़ी है। प्रभु श्री राम से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्माओं को सद्गति तथा घायलों को शीघ्र स्वास्थ्य लाभ प्रदान करें।"

     

  • 11:23 PM (IST)
    Posted by Subhash Kumar

    तीन अभियुक्तों की पहचान सामने आई

    लखनऊ के अलीगंज में स्थित एक कोचिंग सेंटर में लगी आग के मामले में तीन अभियुक्तों की पहचान सामने आई है। ये तीन अभियुक्त हैं-:

    1. रामकृष्ण उपाध्याय, उम्र 43 वर्ष  पता MM 232 सेक्टर- D अलीगंज शिव मंदिर के पास
    2. वीरेंद्र प्रसाद शुक्ला , उम्र 62 वर्ष, पुत्र रामेश्वर प्रसाद शुक्ला पता 536/265 A मदेयगंज नियर बड़ा दुर्गा मंदिर सीतापुर रोड लखनऊ उम्र 62 वर्ष,
    3. तुशांक कृष्णा जायसवाल पुत्र स्वर्गीय कृष्ण कुमार जायसवाल , उम्र 31 वर्ष, पता 441 R N/ 69/ 3 नीलकंठ हॉस्पिटल लेन बालागंज लखनऊ थाना ठाकुरगंज। 

    जानकारी के अनुसार, इन तीनों को गिरफ्तार कर लिया गया है।

  • 11:23 PM (IST)
    Posted by Subhash Kumar

    इन धाराओं में दर्ज हुआ मामला

    पुलिस ने जानकारी दी है कि लखनऊ के अलीगंज में लगी आग के मामले में पुलिस ने अभियोग 115/2026 धारा 110/105 /125 / 3(5) BNS व 6/10 उत्तर प्रदेश अग्नि शमन सेवा अधिनियम के तहत केस दर्ज किया है। मामले में अन्य विधिक कार्यवाही प्रचलित है।

  • 11:17 PM (IST)
    Posted by Subhash Kumar

    अग्निकांड मामले में 3 गिरफ्तार

    लखनऊ के अलीगंज में हुए अग्निकांड मामले में 3 लोगों की गिरफ्तारी हुई है। एक की पहचान वीरेंद्र शुक्ला, दूसरे की पहचान रामकृष्ण उपाध्याय और तीसरे की पहचान तुशांक कृष्ण जायसवाल के रूप में की गई है।

  • 11:16 PM (IST)
    Posted by Subhash Kumar

    चार लोगों को तत्काल प्रभाव से सस्पेंड किया गया

    लखनऊ अग्निकांड मामले में सीएम योगी ने कड़ा एक्शन लिया है। मुख्यमंत्री के निर्देश पर चार लोगों को तत्काल प्रभाव से सस्पेंड किया गया है। ये लोग हैं-:

    गौरव कुमार, एक्सेन कलेक्शन जानकीपुरम
    कमलेन्द्र कुमार सिंह, FSSO इंदिरा नगर
    अनिल कुमार, AE
    प्रमोद पांडे, JE

  • 11:14 PM (IST)
    Posted by Subhash Kumar

    जिम्मेदार लोगों को जवाबदेह ठहराया जाएगा- राजनाथ सिंह

    लखनऊ के कोचिंग में आग लगने की घटना को लेकर रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि इस घटना के लिए जिम्मेदार लोगों को जवाबदेह ठहराया जाएगा।

     

  • 11:13 PM (IST)
    Posted by Subhash Kumar

    राजनाथ सिंह ने अधिकारियों और डॉक्टरों के साथ बैठक की

    लखनऊ कोचिंग इंस्टीट्यूट में आग लगने की घटना के बाद रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने आग लगने की घटना में घायल हुए लोगों से मुलाकात की है और इसके बाद किंग जॉर्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी (KGMU) में अधिकारियों और डॉक्टरों के साथ बैठक की।

     

  • 10:58 PM (IST)
    Posted by Subhash Kumar

    राजनाथ सिंह लखनऊ पहुंचे

    रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह लखनऊ पहुंच गए हैं। वे सबसे पहले आग लगने की घटना वाली जगह का दौरा करके स्थिति का जायजा लेंगे और फिर घायलों से मिलने और उनका हाल-चाल जानने के लिए किंग जॉर्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी (KGMU) जाएंगे।

     

  • 10:42 PM (IST)
    Posted by Subhash Kumar

    फायर की NOC के लिए अप्लाई नहीं किया गया था

    सूत्रों के अनुसार, फायर की NOC के लिए नियम है कि 15 मीटर से कम ऊंचाई और 500 स्क्वायर मीटर से कम एरिया की बिल्डिंग में फायर विभाग की NOC नहीं लेनी होती है। Complex मालिक ने इसी नियम का फायदा उठाकर कमर्शियल कंपलेक्स बना दिया। मालिक की तरफ से कभी कोई फायर की NOC के लिए अप्लाई नहीं किया गया था।

     

  • 10:39 PM (IST)
    Posted by Subhash Kumar

    2 मिनट में पहुंची थी फायर ब्रिगेड की गाड़ियां

    सूचना मिलते ही 2 मिनट में पहुंची फायर ब्रिगेड के दमकल कर्मियों को अंदर घुसने में मशक्कत करनी पड़ी थी। फायर ब्रिगेड की दो गाड़ियां सूचना मिलने के 2 मिनट 15 सेकंड के अंदर पहुंच गई थी। इसके बाद 3 गाड़ियां 5 मिनट में पहुंची थीं। दमकलकर्मी हाइड्रोलिक फायर ब्रिगेड के पहुंचने पर दीवार तोड़कर घुस पाए थे।

  • 10:12 PM (IST)
    Posted by Subhash Kumar

    कौन-कौन हैं जांच दल में सदस्य

    विशेष जांच दल में पहले सदस्य पर्यटन, धर्मार्थ और संस्कृति विभाग के अपर मुख्य सचिव अमृत अभिजात हैं। विशेष जांच दल के दूसरे सदस्य अपर पुलिस महानिदेशक, लखनऊ जोन प्रवीण कुमार हैं। जांच दल को सात दिन के अंदर रिपोर्ट सौंपने का निर्देश दिया गया है।

  • 10:10 PM (IST)
    Posted by Subhash Kumar

    दो सदस्यीय विशेष जांच दल का गठन

    लखनऊ अग्निकांड मामले में हाई लेवल मीटिंग के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का फैसला सामने आया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर दो सदस्यीय विशेष जांच दल का गठन किया गया है।

  • 9:36 PM (IST)
    Posted by Subhash Kumar

    15 मौतें, 9 घायल

    लखनऊ में कोचिंग में लगी आग में अब तक 15 लोगों की मौत की खबर सामने आ चुकी है। इसके अलावा इस हादसे में कुल 9 लोग घायल बताए गए हैं।

  • 8:49 PM (IST)
    Posted by Subhash Kumar

    हादसे के वक्त अलीगढ़ में थे सीएम योगी

    गौरतलब है कि जिस समय यह अग्निकांड हुआ, सीएम योगी अलीगढ़ में विकास परियोजनाओं के लोकार्पण व शिलान्यास समारोह को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने इसकी जानकारी मिलते ही अपना दौरा बीच में रद्द कर दिया और तत्काल लखनऊ के लिए रवाना हो गए। वह सीधे अलीगंज स्थित अग्निकांड स्थल पहुंचे, जहां उन्होंने घटना की पूरी जानकारी ली। इसके बाद उन्होंने केजीएमयू जाकर घायल बच्चों व उनके परिजनों से भी मुलाकात की।

  • 8:48 PM (IST)
    Posted by Subhash Kumar

    सीएम योगी ने रद्द किए मंगलवार के सभी आधिकारिक कार्यक्रम

    मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लखनऊ अग्निकांड के बाद 23 जून के अपने सभी आधिकारिक कार्यक्रम रद्द कर दिए हैं। उन्हें मंगलवार को हाथरस में 548 करोड़ की 143 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण व शिलान्यास करना था। इसके बाद आगरा में उन्हें विकास कार्यों व कानून-व्यवस्था की समीक्षा बैठक लेनी थी।

  • 8:32 PM (IST)
    Posted by Subhash Kumar

    बिहार के सीएम सम्राट चौधरी ने जताया शोक

    लखनऊ के हादसे पर बिहार के सीएम सम्राट चौधरी ने कहा- "लखनऊ में एक कोचिंग संस्थान में लगी भीषण आग में छात्रों सहित कई लोगों के निधन का समाचार अत्यंत दुःखद एवं हृदयविदारक है। इस दुर्घटना में जान गंवाने वाले सभी लोगों के प्रति मैं अपनी गहरी शोक संवेदना व्यक्त करता हूँ। ईश्वर से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्माओं को शांति प्रदान करें तथा शोक-संतप्त परिजनों को इस असहनीय दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करें। साथ ही, दुर्घटना में घायल हुए सभी लोगों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं। इस कठिन समय में हम सभी की संवेदनाएं पीड़ित परिवारों के साथ हैं।"

     

  • 8:31 PM (IST)
    Posted by Subhash Kumar

    मेरी गहन संवेदनाएं शोकाकुल परिजनों के साथ- केशव प्रसाद मौर्य

    यूपी के डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने कहा- "अलीगंज, लखनऊ में दुर्भाग्यपूर्ण अग्नि दुर्घटना में हुई जनहानि अत्यंत हृदयविदारक है। मेरी गहन संवेदनाएं शोकाकुल परिजनों के साथ हैं। ईश्वर से प्रार्थना है कि दिवंगत पुण्यात्माओं को अपने श्रीचरणों में स्थान दें व शोकाकुल परिजनों को इस असहनीय दुःख को सहन करने की शक्ति तथा घायलों को शीघ्र स्वास्थ्य लाभ प्रदान करें। ॐ शांति!"

  • 8:16 PM (IST)
    Posted by Subhash Kumar

    हम इस घटना को कभी नहीं भूलेंगे- ब्रजेश पाठक

    डिप्टी CM ब्रजेश पाठक ने कहा- "हम इस घटना को कभी नहीं भूलेंगे; यह हमारे लिए एक सबक है, और पीड़ित परिवारों को निश्चित रूप से न्याय मिलेगा। पूरी सरकार उनके साथ खड़ी है। मुख्यमंत्री ने खुद घायलों से मुलाकात की है। रक्षा मंत्री को हालात की जानकारी दे दी गई है और वे तुरंत लखनऊ पहुंच रहे हैं; उनके रात 8:30 बजे तक पहुंचने की उम्मीद है... जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी; किसी भी ज़िम्मेदार व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।"

     

  • 8:16 PM (IST)
    Posted by Subhash Kumar

    हाई-लेवल जांच के आदेश दिए गए- ब्रजेश पाठक

    उत्तर प्रदेश के डिप्टी CM ब्रजेश पाठक ने कहा- "यह एक बहुत बड़ी और चौंकाने वाली त्रासदी है। आज इस घटना की हाई-लेवल जांच के आदेश दिए गए हैं और यह पक्का करने को कहा गया है कि ऐसी घटनाएं दोबारा न हों। प्रशासन को तुरंत रिपोर्ट सौंपने का निर्देश दिया गया है। हमें यह पक्का करना होगा कि जिन इमारतों में बच्चे इकट्ठा होते हैं या जहां बहुत ज़्यादा लोग आते-जाते हैं, वहां सुरक्षा के पूरे इंतज़ाम हों, जिसमें बाहर निकलने के वैकल्पिक रास्ते भी शामिल हों।"

     

  • 8:08 PM (IST)
    Posted by Subhash Kumar

    एक व्यक्ति की सर्जरी जारी, बाकी खतरे से बाहर- ब्रजेश पाठक

    लखनऊ के कोचिंग इंस्टिट्यूट में लगी आग की घटना पर उत्तर प्रदेश के डिप्टी CM ब्रजेश पाठक ने कहा- "एक व्यक्ति की अभी OT में सर्जरी हो रही है; गिरने की वजह से उसके पेट में चोट आई है। बाकी घायल लोग खतरे से बाहर हैं और उन्हें सही इलाज मिल रहा है; सभी जरूरी इंतजाम कर लिए गए हैं। मरने वालों के पोस्टमार्टम के लिए भी रात में ही एक खास टीम बनाकर इंतजाम किए गए हैं। 

  • 8:07 PM (IST)
    Posted by Subhash Kumar

    घायलों से मिलेंगे राजनाथ सिंह

    रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह लखनऊ के लिए रवाना हो गए हैं। वे सबसे पहले आग लगने की घटना वाली जगह का दौरा करके हालात का जायजा लेंगे और फिर घायलों से मिलने और उनकी हालत के बारे में जानने के लिए किंग जॉर्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी (KGMU) जाएंगे।

     

  • 8:00 PM (IST)
    Posted by Subhash Kumar

    दुर्घटना में हुई जनहानि अत्यंत हृदयविदारक- ओपी राजभर

    उत्तर प्रदेश सरकार के मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने कहा- "अलीगंज, लखनऊ में दुर्भाग्यपूर्ण अग्नि दुर्घटना में हुई जनहानि अत्यंत हृदयविदारक है। मेरी गहन संवेदनाएं शोकाकुल परिजनों के साथ हैं। ईश्वर से प्रार्थना है कि दिवंगत पुण्यात्माओं को अपने श्रीचरणों में स्थान दें व शोकाकुल परिजनों को इस असहनीय दुःख को सहन करने की शक्ति तथा घायलों को शीघ्र स्वास्थ्य लाभ प्रदान करें। ॐ शांति!"

  • 7:35 PM (IST)
    Posted by Subhash Kumar

    CM योगी ने किया मुआवजे का ऐलान

    सीएम योगी ने लखनऊ अग्निकांड में मृतकों के परिजनों को 5-5 लाख रुपए की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है। इसके साथ ही घायलों को 50-50 हजार रुपए की आर्थिक मदद का ऐलान किया गया है।

  • 7:32 PM (IST)
    Posted by Subhash Kumar

    हादसे के पीछे के कारणों की ईमानदारी से जांच हो- अखिलेश

    लखनऊ के एक कोचिंग सेंटर में आग लगने से जिन्होंने अपनी जान गंवाई है, उनके प्रति हमारी श्रद्धांजलि। जिन्होंने अपनों को खोया है, उन शोक संतप्त परिवारों के प्रति हमारी गहरी संवेदनाएं। सरकार घायलों के लिए सर्वश्रेष्ठ चिकित्सा सुनिश्चित करे। ये एक बेहद दुखद घटना है। इसके पीछे के कारणों की ईमानदारी से जांच हो, बच्चे किसी के घर के भी हो सकते थे। भविष्य में ऐसे दर्दनाक हादसों से बचा जा सके, हम सबकी यही कोशिश होनी चाहिए।

  • 7:22 PM (IST)
    Posted by Subhash Kumar

    यह वाकई बहुत दुखद घटना है- राजनाथ सिंह

    लखनऊ में आग लगने की घटना पर रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा, "लखनऊ में आग लगने की एक दुखद घटना के बारे में जानकारी मिली है, जिसमें कई लोगों की जान चली गई है; यह वाकई बहुत दुखद घटना है। इस मुश्किल समय में मेरी संवेदनाएं पीड़ित परिवारों के साथ हैं और मैं घायलों के जल्द ठीक होने की प्रार्थना करता हूं। मैंने कुछ प्रशासनिक अधिकारियों से बात की है और हालात का जायजा लेने के लिए मैं तुरंत लखनऊ जा रहा हूं।"

  • 7:13 PM (IST)
    Posted by Subhash Kumar

    सीएम योगी ने की घायलों से मुलाकात

    मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लखनऊ अग्निकांड में घायल हुए लोगों से अस्पताल में जाकर मुलाकात की है। सीएम योगी ने KGMU में घायलों का हाल जाना है।

     

  • 7:10 PM (IST)
    Posted by Subhash Kumar

    उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन ने जताया शोक

    उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन ने सोमवार को उत्तर प्रदेश के लखनऊ में एक इमारत में लगी आग में हुई मौतों पर शोक व्यक्त किया। उन्होंने कहा- उत्तर प्रदेश के लखनऊ में आग लगने की घटना में हुई लोगों की मौत बहुत दुखद है। पीड़ित परिवारों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं। मैं घायलों के जल्द ठीक होने की कामना करता हूं।

     

  • 6:52 PM (IST)
    Posted by Subhash Kumar

    मरने वालों की उम्र 20 से 28 के बीच

    यूपी की राजधानी लखनऊ में हुए अग्निकांड में अब तक 15 लोगों की मौत हो चुकी है। इस हादसे में जांन गंवाने वालों की उम्र 20 से 28 साल के बीच बताई जा रही है। ज्यादातर लोगों की मौत की वजह दम घुटना बताया गया है।

  • 6:49 PM (IST)
    Posted by Subhash Kumar

    सीएम योगी मौके पर पहुंचे

    उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ लखनऊ में उस घटनास्थल पर पहुंच गए हैं, जहां पर आग लगी है। उनके साथ में यूपी के डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक भी मौजूद हैं।

  • 6:36 PM (IST)
    Posted by Amar Deep

    राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने व्यक्त की संवेदनाएं

    राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने कहा, "लखनऊ में हुई भीषण अग्नि दुर्घटना में अनेक लोगों की मृत्यु का समाचार अत्यंत दुखद है। मैं शोक संतप्त परिवारों के प्रति हार्दिक संवेदनाएं व्यक्त करती हूं। मैं घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करती हूं।"

  • 6:28 PM (IST)
    Posted by Amar Deep

    राहुल गांधी ने जताया दुख

    कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने एक्स पर एक पोस्ट में कहा, "लखनऊ के कोचिंग सेंटर में आग लगने के हादसे में कई लोगों की मृत्यु और कई अन्य के घायल होने का समाचार अत्यंत पीड़ादायक है। सभी शोकाकुल परिवारों को अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त करता हूं और घायलों के जल्द स्वस्थ होने की आशा करता हूं।"

  • 6:24 PM (IST)
    Posted by Amar Deep

    15 लोगों की हुई मौत

    KGMU के ट्रॉमा सेंटर के मेडिकल सुपरिटेंडेंट डॉ. अमिया अग्रवाल ने कहा, "यहां 21-22 बच्चों को लाया गया है, जिनमें से पांच घायल हैं और उन्हें भर्ती कर लिया गया है। जो दो बच्चे कूदे थे, उनकी पीठ में चोटें आई हैं; उनका CT स्कैन किया गया है और इलाज चल रहा है। 15 बच्चों को मृत अवस्था में लाया गया था, जिन्हें पोस्टमार्टम के लिए मॉर्चरी भेजा जाएगा; पांच को भेज दिया गया है और बाकी 10 को भेजने की प्रक्रिया चल रही है।"

  • 6:05 PM (IST)
    Posted by Subhash Kumar

    सीएम योगी ले रहे हैं मिनट टू मिनट जानकारी

    सीएम योगी आदित्यनाथ लखनऊ में हुए हादसे को लेकर लगातार फोन से रेस्क्यू अभियान की जानकारी ले रहे हैं। सीएम योगी अधिकारियों से मिनट टू मिनट जानकारी ले रहे हैं। बता दें कि कुछ ही देर बाद सीएम योगी लखनऊ पहुंचने वाले हैं।

     

  • 6:03 PM (IST)
    Posted by Subhash Kumar

    भावुक हुए ब्रजेश पाठक

    लखनऊ में कोचिंग इंस्टीट्यूट में आग लगने की घटना पर बात करते हुए उत्तर प्रदेश के डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक भावुक हो गए। उन्होंने कहा, "मैंने अपनी आंखों से 14 शव देखे हैं।" आगे पढ़ें पूरी खबर

    "मैंने अपनी आंखों से 14 डेड बॉडी देखी", लखनऊ अग्निकांड पर बोलते हुए रो पड़े डिप्टी CM ब्रजेश पाठक

     

  • 5:53 PM (IST)
    Posted by Subhash Kumar

    मामले की तह में जाकर दोषियों को सजा मिलेगा- सीएम योगी

    सीएम योगी ने कहा- मैंने इस पूरे मामले के लिए पुलिस महानिदेशक व अपर मुख्य सचिव गृह को भी कहा है कि मौके पर जाकर इसकी रिपोर्ट प्रस्तुत करें। मैं स्वयं भी वहां प्रस्थान कर रहा हूं जिससे इस पूरे मामले की तह में जाकर दोषियों को सजा भी दे सकें और उन पीड़ित परिवारों के प्रति अपनी संवेदना भी व्यक्त कर सकें।"

  • 5:52 PM (IST)
    Posted by Subhash Kumar

    परिजनों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त करता हूं- CM योगी

    CM योगी ने अलीगढ़ में कहा- "मेरी हार्दिक इच्छा थी कि आज मैं अलीगढ़ में रहूं,लेकिन मुझे दुख के साथ कहना पड़ रहा है,अभी अभी मुझे जानकारी मिली है कि लखनऊ में एक अग्निकांड की दुखद घटना हुई है, उसकी चपेट में कुछ बच्चे आये हैं, उनकी दुखद मौत हुई है। इसलिए मुझे तत्काल वापस जाना पड़ रहा है, जिन्होंने जान खोई उनके परिजनों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त करता हूं।"

  • 5:51 PM (IST)
    Posted by Subhash Kumar

    सीएम योगी ने अपना दौरा रद्द किया

    जब लखनऊ में आग लगी उस वक्त सीएम योगी आदित्यनाथ अलीगढ़ के दौरे पर थे। हालांकि, हादसे की सूचना मिलने के बाद सीएम योगी ने अपनी यात्रा रद्द कर दी और लखनऊ के लिए रवाना हो गए।

  • 5:49 PM (IST)
    Posted by Subhash Kumar

    पीएम मोदी ने जताया दुख

    उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में अग्निकांड पर पीएम नरेंद्र मोदी ने भी दुख जताया है। PMO के अनुसार, पीएम मोदी ने कहा- "उत्तर प्रदेश के लखनऊ में आग लगने की घटना में हुई मौतों से बहुत दुख हुआ है। पीड़ित परिवारों के प्रति मेरी संवेदनाएं। घायल लोग जल्द से जल्द ठीक हों। बचाव कार्य चल रहा है और अधिकारी हर संभव मदद पहुंचा रहे हैं। PMNRF से मृतकों के परिजनों को 2-2 लाख रुपये की अनुग्रह राशि दी जाएगी। घायलों को 50,000 रुपये दिए जाएंगे।"

     

  • 5:47 PM (IST)
    Posted by Subhash Kumar

    सीएम योगी ने अधिकारियों को निर्देश दिए

    उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री ने लखनऊ अग्निकांड में मृतकों के शोक संतप्त परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की है। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को प्रभावित परिजनों से संवाद स्थापित कर हर संभव सहायता उपलब्ध करवाने के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री ने घायलों के समुचित इलाज करवाने हेतु अधिकारियों को निर्देश दिए हैं।

  • 5:43 PM (IST)
    Posted by Subhash Kumar

    हर कमरे की तलाशी ली जा रही- ब्रजेश पाठक

    डिप्टी सीएम  ब्रजेश पाठक ने कहा- "यह एक बड़ी घटना है। अंदर धुआं भरा हुआ है। हर चीज को हटाकर और चेक किया जा रहा है, और हर कमरे की तलाशी ली जा रही है, अंदर लकड़ी का बहुत सारा फर्नीचर था, और उस फर्नीचर से निकले धुएं के कारण कुछ भी साफ दिखाई नहीं दे रहा है। फायर ब्रिगेड के लोग अंदर हैं। NDRF की टीमें मौके पर मौजूद हैं।"

  • 5:41 PM (IST)
    Posted by Subhash Kumar

    13 बच्चों को बाहर निकाला गया- ब्रजेश पाठक

    यूपी के डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने कहा- "अभी कुल 13 बच्चों को बाहर निकाला गया है। उन सभी को अस्पताल भेज दिया गया है। आग अचानक लगी, यह एक एनिमेशन सेंटर था। बच्चे यहां एनिमेशन यानी कार्टून बनाना,सीखने आते थे। मुझे अभी तक इस बारे में कोई जानकारी नहीं मिली है कि घटना असल में कैसे शुरू हुई... घायलों को KGMC ट्रॉमा सेंटर भेजा जा रहा है। उनकी उम्र लगभग 16-17 साल थी।"

  • 5:40 PM (IST)
    Posted by Subhash Kumar

    मैंने अपनी आंखों से 14 शव देखा- ब्रजेश पाठक

    लखनऊ के कोचिंग इंस्टिट्यूट में लगी आग की घटना पर उत्तर प्रदेश के डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने कहा है कि मैंने अपनी आंखों से 14 शव देखा है। घटना की उच्च-स्तरीय जांच के आदेश दे दिए गए हैं। प्रमुख सचिव (गृह) और DGP को मौके पर बुलाया गया है और उन्हें कारणों की जांच करने और भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है।

     

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। उत्तर प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।