लखनऊ: बीजेपी उत्तर प्रदेश को आगामी 14 दिसंबर को अपना नया प्रदेश अध्यक्ष मिल जाएगा। गुरुवार को पार्टी के संगठन चुनाव अधिकारी और पूर्व केंद्रीय मंत्री डॉ. महेंद्र नाथ पांडेय ने प्रदेश अध्यक्ष के निर्वाचन का आधिकारिक ऐलान करते हुए पूरे कार्यक्रम की जानकारी दी।
कब होगा नामांकन दाखिल?
डॉ. महेंद्र नाथ पांडेय ने बताया कि प्रदेश अध्यक्ष के पद के लिए नामांकन पत्र 13 दिसंबर को दोपहर 1:00 बजे से 02 बजे तक पार्टी के राज्य मुख्यालय पर दाखिल किए जाएंगे। यह नामांकन प्रक्रिया पार्टी के राष्ट्रीय महामंत्री एवं केंद्रीय चुनाव पर्यवेक्षक विनोद तावड़े जी की उपस्थिति में संपन्न होगी।
डॉ. पांडेय ने बताया कि प्रदेश अध्यक्ष के निर्वाचन हेतु केंद्रीय चुनाव अधिकारी, केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल द्वारा 14 दिसंबर को चुनाव की प्रक्रिया पूर्ण कर निर्वाचन संपन्न कराया जाएगा।
अध्यक्ष पद की रेस में कौन?
अभी भूपेंद्र चौधरी यूपी बीजेपी के अध्यक्ष हैं, जिनका कार्यकाल जनवरी में पूरा हो चुका है। नया प्रदेश अध्यक्ष कौन होगा इस पर अभी सस्पेंस है, लेकिन माना जा रहा है कि 2027 के विधानसभा चुनाव को देखते हुए नया प्रदेश अध्यक्ष बनाया जाएगा।
कहा जा रहा है कि किसी पिछड़े को प्रदेश अध्यक्ष बनाया जा सकता है। प्रदेश अध्यक्ष के लिए साध्वी निरंजन ज्योति, पंकज चौधरी, बी एल वर्मा का नाम चर्चा में है। महराजगंज से 7 बार सांसद रहे पंकज चौधरी बीजेपी के बड़े ओबीसी चेहरे हैं। ऐसे में उन्हें प्रदेश अध्यक्ष की रेस में माना जा रहा है।
साध्वी निरंजन ज्योति ओबीसी हैं और निषाद समाज से आती हैं। वो मोदी सरकार में मंत्री रह चुकी हैं। पिछले दिनों उन्होंने बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा से मुलाकात की थी, जिसके बाद अटकलें लगने लगी थीं कि साध्वी निरंजन ज्योति को प्रदेश अध्यक्ष बनाया जा सकता है। राज्यसभा सांसद बी एल वर्मा ओबीसी हैं और लोध जाति की हैं। इसके अलावा, स्वतंत्र देव सिंह, धर्मपाल सिंह के नाम भी चर्चा में है।
ये भी पढ़ें-
कोर्ट परिसर की पार्किंग में सनसनीखेज वारदात, कार सवारों ने गोलू पंडित पर दागीं 6 गोलियां; मौत
गोवा अग्निकांड की कहानी पति और 3 सगी बहनें खो देने वाली भावना की जुबानी, पल भर में उजड़ गया संसार