1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. संभल की शाही जामा मस्जिद की दीवार पर पुताई का काम शुरू, 8 अप्रैल को होगी अगली सुनवाई

संभल की शाही जामा मस्जिद की दीवार पर पुताई का काम शुरू, 8 अप्रैल को होगी अगली सुनवाई

 Edited By: Amar Deep
 Published : Mar 16, 2025 10:20 am IST,  Updated : Mar 16, 2025 10:33 am IST

संभल की शाही जामा मस्जिद की दीवारों पर सफेदी का काम शुरू कर दिया गया है। बता दें कि इस मामले में इलाहाबाद हाई कोर्ट ने रंगाई-पुताई को लेकर आदेश दिया था।

शाही जामा मस्जिद की दीवार पर पुताई का काम शुरू।- India TV Hindi
शाही जामा मस्जिद की दीवार पर पुताई का काम शुरू। Image Source : PTI

संभल: जिले में शाही जामा मस्जिद की बाहरी दीवार की पुताई का काम रविवार सुबह से शुरू हो गया है। शाही जामा मस्जिद-हरिहर मंदिर मामले में मस्जिद पक्ष के वकील शकील वारसी ने रविवार को को बताया, "संभल में शाही जामा मस्जिद की बाहरी दीवार की पुताई का काम शुरू हो गया।" इलाहाबाद हाई कोर्ट ने 12 मार्च को भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (एएसआई) को एक सप्ताह के भीतर मस्जिद की पुताई कराने का निर्देश दिया था। हाई कोर्ट के आदेश के बाद, एएसआई की एक टीम ने 13 मार्च को मस्जिद की पुताई के लिये जरूरी सामान और श्रमिकों की संख्या का आकलन किया था। 

कोर्ट के आदेश के मुताबिक हो रहा काम

वहीं शाही जामा मस्जिद की पुताई में किन रंगों का इस्तेमाल किया जाएगा, इस बारे में मस्जिद प्रबंधन समिति के अध्यक्ष जफर अली ने कहा कि "हम हरा, सफ़ेद और सुनहरा रंग इस्तेमाल करते हैं। हमने हमेशा इसका इस्तेमाल किया है और हम आगे भी यही करेंगे। सफेद-पुताई का काम शुरू हो गया है। करीब 9-10 लोग काम कर रहे हैं। जरूरत पड़ने पर और लोगों को भी काम पर लगाया जा सकता है। हम कोर्ट के आदेश के मुताबिक काम पूरा करने की कोशिश करेंगे। 10-20 और लोगों को बुलाया जा सकता है। सभी मजदूरों को उन्होंने ही नियुक्त किया है। काम आज शाम 5 बजे तक चलेगा।"

एक सप्ताह में पूरा होगा रंगाई का काम

शाही जामा मस्जिद प्रबंध समिति के सचिव मसूद फारूकी ने शनिवार को कहा था कि एएसआई की एक टीम ने दोपहर में मस्जिद आकर इस बारे में चर्चा की कि पुताई कार्य में कितने श्रमिक और सामग्री की आवश्यकता है। जामा मस्जिद की सफेदी करने का काम जिस व्यक्ति को सौंपा गया है, उसका कहना है, "हम एक सप्ताह के भीतर काम पूरा कर देंगे। हमें केवल मस्जिद की सफेदी करने का निर्देश दिया गया है। हमें एएसआई द्वारा यह काम सौंपा गया है।" मामले की अगली सुनवाई 8 अप्रैल को होगी। बता दें कि पिछले साल 24 नवंबर को मुगलकालीन शाही जामा मस्जिद के सर्वेक्षण के दौरान भड़की हिंसा में चार लोगों की मौत हो गई थी। इस घटना में पुलिस कर्मियों सहित कई लोग घायल हो गए थे। 

यह भी पढ़ें- 

पद्म पुरस्कार 2026 के लिए शुरू हुआ नॉमिनेशन, जानें लास्ट डेट से लेकर नामांकन की पूरी प्रक्रिया

मुंबई में 25 फिल्मी सेलिब्रिटीज के साथ हुई करोड़ों की धोखाधड़ी, एड कराने के बाद नहीं दिए रुपये; केस दर्ज

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। उत्तर प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।